साइबर सुरक्षा भविष्य की जरूरत, हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में छात्रों ने सीखे डिजिटल सुरक्षा के तरीके
हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में कोडिंग क्लब और नवाचार केंद्र ने एम साइबर अकादमी के साथ मिलकर साइबर सुरक्षा पर एक भव्य कार्यशाला आयोजित की।
-1794306160340_m.webp)
विद्यार्थियों को मिला साइबर सुरक्षा का व्यावहारिक ज्ञान। जागरण
HighLights
साइबर सुरक्षा पर हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में भव्य कार्यशाला का आयोजन।
CERT-In के डॉ. सुधाकर ने तकनीकी अंतर्दृष्टि और व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया।
विद्यार्थियों को कोडिंग प्रतियोगिताओं में सम्मानित किया गया, कौशल विकास पर जोर।
जागरण संवाददाता, महेंद्रगढ़। डिजिटल भारत के तेजी से बढ़ते विस्तार के बीच साइबर सुरक्षा राष्ट्रीय सुरक्षा, डिजिटल संरक्षण और तकनीकी आत्मनिर्भरता की महत्वपूर्ण आवश्यकता बन गई है।
इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय में कोडिंग क्लब एवं नवाचार और उद्भवन केंद्र (सीआईआई) के संयुक्त तत्वावधान में तथा एम साइबर अकादमी के सहयोग से ‘साइबर सुरक्षा:तकनीकी अंतर्दृष्टि एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण‘ विषय पर भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला में प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण
कार्यशाला में भारतीय कंप्यूटर आपातकालीन प्रतिक्रिया दल, इलेक्ट्रानिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त निदेशक डॉ. सुधाकर ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा की तकनीकी बारीकियों, समकालीन चुनौतियों तथा व्यावहारिक पहलुओं से परिचित कराया। कार्यशाला में प्रतिभागियों को व्यावहारिक प्रशिक्षण भी दिया गया।
विश्वविद्यालय के निवर्तमान कुलपति प्रो. टंकेशवर कुमार ने विद्यार्थियों, प्रतियोगिता के विजेताओं एवं कोडिंग क्लब की टीम को बधाई देते हुए कहा कि प्राचीन भारत की गुरुकुल परंपरा ज्ञान, अनुशासन और गुरु-शिष्य संबंधों पर आधारित रही है। आज उसी गौरवशाली ज्ञान परंपरा को आधुनिक तकनीक, प्रोग्रामिंग और नवाचार के साथ जोड़कर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करना आवश्यक है।
स्टूडेंट्स को व्यावहारिक रूप देने का अवसर
विश्वविद्यालय की नवाचार एवं उद्यमिता प्रकोष्ठ (आईआईसी) की अध्यक्ष प्रो. सुनीता श्रीवास्तव ने कहा कि नवाचार, उद्यमिता और तकनीकी कौशल विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण के महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को नए विचार विकसित करने और उन्हें व्यावहारिक रूप देने का अवसर प्रदान करते हैं।
विश्वविद्यालय के कोडिंग क्लब के संयोजक डा. सुनील बैफलावत के नेतृत्व में विद्यार्थियों के तकनीकी कौशल को मजबूत बनाने के लिए सी प्रोग्रामिंग, पाइथन सहित विभिन्न प्रोग्रामिंग भाषाओं की नियमित कक्षाएं संचालित की जाती हैं।
सी प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता के विजेताओं को किया सम्मानित
सी प्रोग्रामिंग प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को प्रो. टंकेशवर कुमार ने सम्मानित किया। वहीं कोडफेस्ट प्रतियोगिता के प्रथम तीन विजेताओं को क्रमशः 2,100, 1,100 एवं 900 रुपये की पुरस्कार राशि के साथ स्मृति चिह्न एवं ट्राफी प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कोडिंग क्लब के संयोजक डा. सुनील बैफलावत ने कहा कि साइबर सुरक्षा आने वाले समय में भारत की डिजिटल व्यवस्था, राष्ट्रीय सुरक्षा एवं तकनीकी विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण सिद्ध होगी। उन्होंने कहा कि आज का विद्यार्थी केवल तकनीक का उपयोग करने वाला नहीं, बल्कि भविष्य का तकनीकी नेतृत्वकर्ता है।
कार्यक्रम के सफल आयोजन में कोडिंग क्लब के समन्वयकों अजय शर्मा, अंकुर यादव, आयुष भट्ट, चंदन सिंह, आदित्य कुमार, व्रिजेश वर्मा, रोहित कुमार ठाकुर तथा विशाल कुमार सहित क्लब के सदस्यों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।
यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़: जिले के पांच डाकघरों में आधार अपडेट की सुविधा शुरू, जारी हुए हेल्पलाइन नंबर
यह भी पढ़ें- महेंद्रगढ़ में एजुकेशनल टूर से लौट रही छात्राओं की कार का फटा टायर, एक की मौत; दो गंभीर घायल
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।