नारनौलवासियों के लिए खुशखबरी, 191.77 करोड़ से दूर होगा पेयजल संकट; शहर और 16 गांवों को सीधा फायदा
नारनौल में पेयजल और सीवरेज व्यवस्था सुधारने के लिए 191.77 करोड़ रुपये की तीन बड़ी परियोजनाओं के टेंडर जारी किए गए हैं। इनसे शहर को नए जलघर, बूस्टिंग स्टेशन और सीवर लाइनें मिलेंगी, जिससे 16 ग्राम पंचायतों सहित बड़ी आबादी को लाभ होगा।

नारनौल में दूर होगी पानी की किल्लत। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, नारनौल। शहर की बढ़ती आबादी और ग्रामीण क्षेत्रों में लंबे समय से बनी पेयजल किल्लत को दूर करने के लिए बड़े स्तर पर तैयारी की गई है।
नारनौल विधानसभा क्षेत्र में पानी और सीवरेज व्यवस्था का ढांचा बदलने के लिए 191.77 करोड़ रुपये की तीन बड़ी परियोजनाओं के टेंडर जारी किए गए हैं।
इन योजनाओं के तहत शहर को तीन नए नहर आधारित जलघर मिलेंगे, जबकि 11 नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित कर पेयजल आपूर्ति का विस्तार किया जाएगा।
ग्रामीण क्षेत्रों में भी एक नया जलघर, नौ बूस्टिंग स्टेशन और 63 किलोमीटर से अधिक नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके साथ ही शहर में 25 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाने की योजना है।
स्थानीय विधायक एवं पूर्व मंत्री ओमप्रकाश यादव ने बताया कि जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग की ओर से इन तीनों परियोजनाओं के टेंडर जारी कर दिए गए हैं।
इनका उद्देश्य केवल पेयजल आपूर्ति का विस्तार करना ही नहीं, बल्कि बढ़ती आबादी के अनुरूप पानी के वितरण तंत्र को मजबूत करना और सीवरेज की पुरानी समस्याओं का समाधान करना भी है। योजनाओं के पूरा होने से नारनौल शहर के साथ 16 ग्राम पंचायतों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
1.38 लाख आबादी के लिए तीन नए जलघर
नारनौल शहर और नगर परिषद में शामिल नौ गांवों की अनुमानित आबादी वर्ष 2025 के अनुसार करीब 1,38,510 हो चुकी है। इसमें पुराने नगर क्षेत्र की 1,04,108 और नवशामिल गांवों की 34,402 आबादी शामिल है।
इसी जरूरत को देखते हुए शहर की पेयजल व्यवस्था पर 149.11 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। योजना के तहत कोजिंदा, नसीबपुर और पटीकरा में तीन नए नहर आधारित जलघर बनाए जाएंगे।
इसके अलावा सुभाष नगर, कैलाश नगर, राजकीय पीजी कॉलेज, दिल्ली वाली ढाणी, पुरानी मंडी, फौजदार कॉलोनी, केशव नगर, हीरा नगर, शेखपुरा, नूनी अव्वल और किरोड़ अफगान में 11 नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित होंगे।
शहर के विभिन्न क्षेत्रों में करीब 1,90,896 मीटर नई पेयजल पाइप लाइन बिछाई जाएगी। इसके लिए नगर परिषद की ओर से आवश्यक जमीन उपलब्ध करवाई जा चुकी है।
सीवरेज की समस्या से भी मिलेगी राहत
शहर की सीवरेज व्यवस्था को सुधारने के लिए 23.61 करोड़ रुपये के कार्य करवाए जाएंगे। इसके तहत लाल पहाड़ी और इंदिरा कॉलोनी में दो नए सीवरेज डिस्पोजल बनाए जाएंगे। पहले से स्थापित 10 सीवरेज डिस्पोजल का नवीनीकरण होगा।
इसके अलावा करीब 25 किलोमीटर नई सीवर लाइन बिछाई जाएगी और पांच किलोमीटर पुरानी व क्षतिग्रस्त लाइन बदली जाएगी। करीब 1500 मीटर पुरानी सीवर लाइन की सीआईपीपी तकनीक से मरम्मत की जाएगी।
इससे सीवरेज निकासी की क्षमता बढ़ने और बार-बार लाइन अवरुद्ध होने जैसी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
16 ग्राम पंचायतों में मजबूत होगा पेयजल ढांचा
ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल सुविधाओं के विस्तार के लिए 19.05 करोड़ रुपये के टेंडर जारी किए गए हैं। सीहमा, रामपुरा, बड़कोदा और कुतुबपुर के चार मौजूदा नहर आधारित जलघरों का सुदृढ़ीकरण किया जाएगा।
खामपुर में नया जलघर बनाया जाएगा, जिससे खामपुर और खासपुर दोनों गांवों को पानी मिलेगा। इसके अलावा खासपुर, खामपुर, मई, सुराना, बड़गांव, नूनी, सलूनी, नांगतिहाड़ी और शहजादपुर में नौ नए बूस्टिंग स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
गांवों की शेष गलियों में 63,067 मीटर नई पेयजल पाइप लाइन बिछेगी। जलघरों से बूस्टिंग स्टेशनों तक मुख्य पाइप लाइनें भी बनाई जाएंगी। मई गांव में पुराने और बंद पड़े बूस्टिंग स्टेशन का पुनर्निर्माण किया जाएगा।
इस योजना से सीहमा, रामपुरा, हुडिना, मई, अकबरपुर रामू, मिर्जापुर, बड़कोदा, सुराना, बड़गांव, नांगतिहाड़ी, कुतुबपुर, शहरपुर, नूनी, सलूनी, खामपुर और खासपुर सहित 16 ग्राम पंचायतों को लाभ मिलेगा।
विधायक ओमप्रकाश यादव ने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से नारनौल शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति की क्षमता बढ़ेगी तथा लोगों को नियमित पानी उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।
उन्होंने इन योजनाओं की मंजूरी और टेंडर जारी होने पर मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का नारनौल विधानसभा क्षेत्र की जनता की ओर से आभार जताया।
यह भी पढ़ें- नारनौल में दुकान की नजर उतारने के लिए जलाया कागज, हवा में उड़कर दूसरी दुकान में पहुंची चिंगारी; कपड़े हुए खाक
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।