विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिग्विजय चौटाला ने अपने ही चाचा की पार्टी पर कसा तंज, नारनौल में कहा- तोप और बंदूकों की राजनीति होती है

Published: Sat, 31 Oct 2026 09:51 PM (IST)

दिग्विजय चौटाला ने नारनौल में अपने चाचा की पार्टी (इनेलो) पर 'तोप और बंदूकों की राजनीति' करने का तंज कसा। ...और पढ़ें

जजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते दिग्विजय सिंह चौटाला।

जजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते दिग्विजय सिंह चौटाला।

HighLights

  1. दिग्विजय चौटाला ने इनेलो पर 'तोप और बंदूकों की राजनीति' का आरोप लगाया।

  2. जजपा का 6 दिसंबर को महेंद्रगढ़ में स्थापना दिवस समारोह होगा।

  3. कार्यकर्ताओं को रैली में हर गांव से वाहन लाने का आह्वान किया।

जागरण संवाददाता, नारनौल। युवा जजपा के प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने अपने चाचा की पार्टी इनेलो का नाम लिए बगैर कटाक्ष करते हुए कहा कि वहां तोप और बंदूकों की राजनीति होती है।

उस पार्टी में अपने परिवार से आगे किसी की बात नहीं सुनी जाती और जनता को कोई महत्व नहीं दिया जाता। उन्होंने उसे कापी-पेस्ट की राजनीति करने वाली पार्टी बताया।

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अहीरवाल की धरती पर जजपा का संगठन पहले भी मजबूत रहा है और आज भी कार्यकर्ताओं में पार्टी को आगे बढ़ाने का जज्बा है।

छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में स्थापना दिवस समारोह

जिला महेंद्रगढ़ के कार्यकर्ताओं ने रैली के आयोजन के लिए तीन स्थलों के नाम पार्टी हाईकमान को भेजे हैं। अंतिम स्थल का निर्णय हाईकमान करेगा।

दिग्विजय चौटाला शनिवार दोपहर बाद नारनौल में जननायक जनता पार्टी के छह दिसंबर को महेंद्रगढ़ में आयोजित होने वाले स्थापना दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर नारनौल स्थित जिला पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करने पहुंचे थे।

बैठक में किसान सेल के प्रदेश अध्यक्ष नरेश द्वारका, पिछड़ा वर्ग सेल के प्रदेश अध्यक्ष राजेश सैनी तथा प्रदेश कार्यालय सचिव रविंद्र सांगवान ने कार्यकर्ताओं को रैली की तैयारियों के लिए जिम्मेदारियां सौंपीं।

बैठक की अध्यक्षता जिला प्रधान राजकुमार खातोद ने की। जिला कार्यालय पहुंचने पर कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया।

हर गांव से रैली में वाहन पहुंचाने का आह्वान

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि पार्टी हाईकमान ने महेंद्रगढ़ जिले के कार्यकर्ताओं पर विश्वास जताते हुए इतना बड़ा आयोजन करने की जिम्मेदारी सौंपी है।

यह केवल एक रैली नहीं, बल्कि पार्टी के संगठनात्मक सामर्थ्य और कार्यकर्ताओं की मेहनत को प्रदर्शित करने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ताओं को घर-घर और गली-गली जाकर लोगों को रैली का न्योता देना होगा।

जिले के हर गांव और हर मोहल्ले से कम से कम एक वाहन रैली में पहुंचना चाहिए। उन्होंने विश्वास दिलाया कि वह स्वयं कार्यकर्ताओं के बीच रहकर तैयारियों में भागीदारी करेंगे।

पुराने साथियों को फिर पार्टी से जोड़ेंगे

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि जो पुराने संघर्ष के साथी किसी कारणवश दूसरी पार्टियों में चले गए हैं, उन्हें भी घर-घर जाकर मनाया जाएगा और दोबारा पार्टी के साथ जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।

दीपावली के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. अजय सिंह चौटाला जिला स्तर पर कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। वहीं 11 नवंबर के बाद वह स्वयं महेंद्रगढ़ जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों का लगातार दौरा करेंगे।

भाजपा और कांग्रेस पर साधा निशाना

दिग्विजय चौटाला ने कहा कि प्रदेश की जनता मौजूदा भाजपा सरकार की नीतियों से परेशान है। भाजपा ने जनता से किए वादों को पूरा करने के बजाय लोगों को समस्याओं के बीच छोड़ दिया है।

उन्होंने कांग्रेस पर भी राजनीतिक हमला बोलते हुए कहा कि हरियाणा में कांग्रेस नाम की पार्टी अब केवल सत्ता की महत्वाकांक्षा तक सीमित रह गई है। बिहार और उत्तर प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हरियाणा में भी कांग्रेस की स्थिति ऐसी ही होने वाली है।

उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा पर क्षेत्रवाद और जातिवाद की राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रदेश में आई सरकार को भी भाजपा के दबाव में आकर रोकने का काम किया गया।

इस अवसर पर, राव ओमप्रकाश इंजीनियर, कैलाश पालड़ी, अशोक सैनी, हरचंद तोबड़ा, जिला प्रवक्ता विजय छिलरो, विजयपाल बार प्रधान, रामकुमार मक्सूसपुरीया, प्रमोद ताखर, विनोद भील, सहित अनेक कार्यकर्ता मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- अब नारनौल में होगा गाड़ियों का ई-चालान, 260 पेट्रोल पंपों पर लग रहे ANPR कैमरे; बिना PUCC गाड़ियों पर एक्शन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।