अब नारनौल में होगा गाड़ियों का ई-चालान, 260 पेट्रोल पंपों पर लग रहे ANPR कैमरे; बिना PUCC गाड़ियों पर एक्शन
महेंद्रगढ़ जिले के पेट्रोल पंपों पर दिल्ली-गुरुग्राम की तर्ज पर एएनपीआर कैमरे लगाए जाएंगे। ये कैमरे बिना पीयूसी, अवधि पूरी ...और पढ़ें

नारनौल के पेट्रोल पंपों पर लग रहे एएनपीआर कैमरे। फोटो: आर्काइव
बलवान शर्मा, नारनौल। बगैर पीयूसी सर्टिफिकेट वाले, अवधि पूरी कर चुके व बगैर नंबर वाले वाहनों पर अब एक्शन तेज होगा। ऐसी गाड़ी चलाने वालों के ऑनलाइन चालान होंगे और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी।
जी हां! जिले के 260 से अधिक पेट्रोल पंपों पर दिल्ली व गुरुग्राम की तर्ज पर ANPR (ऑटोमेटेड नंबर प्लेट रिकॉग्निशन) कैमरे विशेष डिवाइस के साथ लगाने की तैयारी चल रही है।
परिवहन विभाग द्वारा लगाए जाने वाले इन कैमरों का सर्वर विभाग के अलावा पुलिस विभाग के पास भी कंट्रोल रहेगा। इससे दोनों विभागों के पास बगैर पीयूसी और बिना नंबर के दौड़ने वाले वाहनों का न केवल पूरा डाटा रहेगा, बल्कि उनके चालान भी आसानी से ऑनलाइन किए जा सकेंगे।
एक नवंबर तक लग जाएंगे कैमरे
इस संबंध में पिछले दिनों सीएक्यूएम (कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट) ने परिवहन विभाग के उच्चाधिकारियों को निर्देश दिए थे। विभाग के उच्चाधिकारियों ने सीएक्यूएम को शपथ पत्र देकर पूरे प्रदेश में ANPR कैमरे लगाने की जानकारी दी हुई है।
इसी के तहत अब सभी जिलों में ये कैमरे लगाने की तैयारी चल रही है। संभवत: एक नवंबर तक यह कार्य पूरा कर लिया जाएगा। हालांकि कुछ जिलों में कुछ देरी भी हो सकती है।
इस हाईटेक सिस्टम के जरिए प्रदूषण नियमों का उल्लंघन करने वाले और अवधि पूरी कर चुके वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी। इन सीसीटीवी कैमरों का मुख्य सर्वर सीधे पुलिस और परिवहन विभाग के पास होगा, जिससे नियमों को तोड़ने वाले वाहनों के ऑटोमेटिक ऑनलाइन ई-चालान काटे जा सकेंगे।
कैसे करेंगे कैमरे काम
जैसे ही कैमरे की पकड़ में वाहन का नंबर आएगा और ऑनलाइन पीयूसीसी नहीं दिखाई देगा तो पेट्रोल पंप पर लगी डिवाइस रेड सिग्नल दिखा देगी। यह सिग्नल सीसीटीवी कैमरे के जरिये परिवहन और पुलिस विभाग के कंट्रोल रूम में पहुंच जाएगा। इसी तरह अवधि पूरी कर चुके वाहनों की जानकारी भी कंट्रोल रूम तक पहुंच जाएगी। इन कैमरों को परिवहन विभाग के ई-चालान नेक्स जेन को टोल के साथ कनेक्ट कर दिया जाएगा। इससे ऑटोमेटिक चालान हो जाएगा।
पेट्रोल पंपों पर जल्द ही ANPR कैमरे लगाए जाएंगे। विभाग ने इसके लिए तैयारी कर ली है। इन कैमरों के लगने से न केवल वायु प्रदूषण पर अंकुश लगाने में मदद मिलेगी, बल्कि पुराने अवधि पूरी कर चुके वाहनों की पहचान और उन्हें जब्त करने में भी आसानी होगी।
- मनोज कुमार, आरटीए
यह भी पढ़ें- Exclusive: मिलावटखोरों की अब खैर नहीं, नारनौल में बनेगी दक्षिण हरियाणा की पहली हाइटेक फूड टेस्टिंग लैब
