विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल में न्याय के मंदिर में रिश्वतखोरी, फैसले की सर्टिफाइड कॉपी के लिए मांग रहा था घूस; ACB ने दबोचा

Published: Wed, 18 Nov 2026 05:44 PM (IST)

नारनौल के न्यायिक परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो ने अहलमद सुमन कुमार को एक मामले के फैसले की सत्यापित कॉपी ...और पढ़ें

अहलमद को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा। फोटो: आर्काइव

अहलमद को रिश्वत लेते रंगे हाथ दबोचा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. अहलमद सुमन कुमार को रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा।

  2. न्यायिक परिसर में 3,000 रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार।

  3. फैसले की सत्यापित कॉपी देने के लिए मांगी थी रिश्वत।

जागरण संवाददाता, नारनौल। जिस न्यायिक परिसर में लोगों को न्याय दिलाने के लिए कानूनी प्रक्रिया चलती है, उसी परिसर में रिश्वतखोरी का मामला सामने आया है।

एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने कार्रवाई करते हुए अदालत में तैनात अहलमद सुमन कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी पर अदालत के एक मामले के फैसले की सत्यापित कॉपी उपलब्ध करवाने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। शिकायतकर्ता की ओर से उपलब्ध करवाई गई बातचीत की रिकॉर्डिंग इस कार्रवाई का अहम आधार बनी।

एसीबी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह के अनुसार बाछोद निवासी धनीराम ने शिकायत दी थी कि उसका एक मामला अदालत में विचाराधीन था। फैसले के बाद वह उसकी सत्यापित कॉपी लेने के लिए न्यायिक परिसर पहुंचा।

आरोप है कि वहां तैनात अहलमद सुमन कुमार ने कॉपी देने के एवज में उससे तीन हजार रुपये की मांग की।

रिकॉर्डिंग के आधार पर बिछाया जाल

शिकायतकर्ता ने रिश्वत मांगने से संबंधित बातचीत की रिकॉर्डिंग एसीबी को सौंप दी। इसके बाद ब्यूरो ने शिकायत की जांच की और आरोपी को पकड़ने के लिए रेडिंग पार्टी तैयार की।

कार्रवाई से पहले सेशन जज से अनुमति ली गई। इसके बाद ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में न्यायिक परिसर में जाल बिछाया गया। एसीबी इंस्पेक्टर धर्मवीर सिंह ने बताया कि निर्धारित कार्रवाई के दौरान सुमन कुमार को शिकायतकर्ता से तीन हजार रुपये लेते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया गया।

टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और मामले में आगामी कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

XE को बनाया था ड्यूटी मजिस्ट्रेट

इस कार्रवाई के दौरान पब्लिक हेल्थ विभाग के एक्सईएन जितेंद्र हुड्डा को ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था। उन्होंने बताया कि उनका नाम प्रशासन की ओर से ड्यूटी मजिस्ट्रेट के पैनल में शामिल है।

एसीबी की ओर से फोन पर रेड की सूचना मिलने के बाद वह पहले ब्यूरो कार्यालय पहुंचे और फिर टीम के साथ न्यायिक परिसर गए। जितेंद्र हुड्डा के अनुसार उनकी मौजूदगी में एसीबी टीम ने कार्रवाई करते हुए अहलमद सुमन कुमार को तीन हजार रुपये की रिश्वत लेते पकड़ा।

यह भी पढ़ें- नारनौल में खुली पशु चिकित्सा व्यवस्था की पोल, 10 में से पांच पर लटका मिला ताला; कर्मचारी भी गैरहाजिर

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।