विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नारनौल: महिला पहलवानों के आरोपों पर बोले बृजभूषण, कहा- इन्होंने मुझे हरियाणा में भी हीरो बना दिया

Published: Sun, 30 Aug 2026 07:11 PM (IST)

महिला पहलवानों के यौन शोषण मामले में बरी होने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने हरियाणा में पहली बार सार्वजनिक ...और पढ़ें

HighLights

  1. बृजभूषण ने महिला पहलवानों के आरोपों पर हरियाणा में की टिप्पणी।

  2. कहा, आरोपों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई, हरियाणा में हीरो बने।

  3. पहलवानों की आर्थिक स्थिति पर तंज कसा, अपने संघर्ष बताए।

जागरण संवाददाता, नारनौल। महिला पहलवानों के यौन शोषण के आरोपों से जुड़े मामले में अदालत से बरी होने के बाद भाजपा नेता और भारतीय कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष बृजभूषण शरण सिंह ने रविवार को हरियाणा में पहली बार सार्वजनिक मंच से इस पूरे विवाद पर खुलकर टिप्पणी की।

महेंद्रगढ़ जिले के पाथेड़ा गांव में इंटरनेशनल कबड्डी खिलाड़ी सचिन तंवर के राजस्थान पुलिस में डीएसपी पद पर प्रमोशन पर आयोजित स्वागत समारोह में पहुंचे बृजभूषण ने महिला पहलवानों पर तंज कसते हुए कहा कि उनके आरोपों ने उन्हें देशभर में पहचान दिलाई।

WhatsApp Image 2026-08-30 at 18.47.43

उन्होंने रामायण का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह कैकेयी के कारण राजा राम की पहचान भगवान राम के रूप में हुई, उसी तरह महिला पहलवानों के आरोपों ने उन्हें भी पूरे देश में पहचान दिला दी। उन्होंने कहा, “इन्होंने मुझे उत्तर प्रदेश से निकालकर हरियाणा में भी हीरो बना दिया।”

बृजभूषण ने कहा कि वह महिला पहलवानों से नाराज नहीं हैं। मंच से उन्होंने दावा किया कि जिन पहलवानों का कभी विभिन्न कार्यक्रमों में सम्मान होता था और लाखों रुपये मिलते थे, आज उनकी स्थिति बदल गई है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “पहले लाखों रुपये मिलते थे, अब चवन्नी का भी टोटा हो रहा है। अब इन्हें कोई बुलाता भी नहीं।”

संघर्ष गिनाकर बोले, हारना नहीं सीखा

अपने संबोधन में बृजभूषण ने अपने राजनीतिक जीवन के संघर्षों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उन्होंने जीवन में कई कठिन परिस्थितियां देखीं, लेकिन कभी हार नहीं मानी। उन्होंने कहा कि अपने पांच भाइयों और एक जवान बेटे की चिता को कंधा दिया है और अपने सामने घर गिरते हुए भी देखा है।

उन्होंने अपने ऊपर दर्ज पुराने मुकदमों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके विरुद्ध पहला मुकदमा उनके ही घर को गिराने से जुड़ा था। राम जन्मभूमि आंदोलन के दौर की गिरफ्तारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने दावा किया कि वर्ष 1996 में कांग्रेस सरकार के समय उन पर दाऊद इब्राहिम की मदद करने का आरोप लगाया गया था। उन्होंने कहा कि बाद में उन्हें लगा कि उनकी पत्नी के सांसद बनने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया।

सचिन तंवर की उपलब्धियों पर हुआ सम्मान समारोह

कार्यक्रम का आयोजन महेंद्रगढ़ के अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी सचिन तंवर के राजस्थान पुलिस में डीएसपी पद पर प्रमोशन/नियुक्ति के बाद स्वागत के लिए किया गया था। सचिन तंवर प्रो कबड्डी लीग में गुजरात जायंट्स, पटना पाइरेट्स और तमिल थलाइवाज जैसी टीमों का हिस्सा रह चुके हैं।

वह जूनियर एशियाई चैंपियनशिप में भारतीय टीम की कप्तानी कर स्वर्ण पदक भी जीत चुके हैं। खेल कोटे के तहत राजस्थान पुलिस में उन्हें डीएसपी पद मिला है।

यह भी पढ़ें- बल‍िया रामदेव के आंदोलन वाले बयान पर बरसे बृजभूषण, सरकार के सवाल पर बोले- 'समय बताएगा परिणाम'

यह भी पढ़ें- 100 गाड़ियों के काफिले के साथ लखनऊ पहुंचे बृजभूषण, धर्मेंद्र प्रधान से मुलाकात पर बोले- वह अच्छे आदमी हैं, दोष सिस्टम का था