विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

NH-44 पर ट्राले से टकराई दिल्ली-जम्मू इंडो-कैनेडियन बस, कई यात्री घायल; सामने आई बस ड्राइवर की गंभीर लापरवाही

Published: Thu, 12 Nov 2026 01:38 PM (IST)

हरियाणा के कुरुक्षेत्र में शाहाबाद मारकंडा में राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर दिल्ली से जम्मू जा रही एक बस ट्राले से टकरा गई। घायलों को अस्पताल भर्ती कराया गया।

दिल्ली से जम्मू जा रही इंडो-कैनेडियन बस ट्राले से टकराई

दिल्ली से जम्मू जा रही इंडो-कैनेडियन बस ट्राले से टकराई

HighLights

  1. दिल्ली-जम्मू बस शाहाबाद में ट्राले से टकराई।

  2. हादसे में कई यात्री घायल, प्राथमिक उपचार मिला।

संवाद सहयोगी, शाहाबाद। शाहाबाद मारकंडा स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-44 पर मारकंडा पुल के पास सुबह करीब 5:00 बजे दिल्ली से जम्मू जा रही इंडो-कैनेडियन बस आगे चल रहे ट्राले से जा टकराई।

सुबह के सन्नाटे में हुए इस जोरदार हादसे के समय बस में सवार अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे, लेकिन अचानक हुए भीषण धमाके और तेज झटके से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। इस दुर्घटना में बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और बस में सवार कई यात्रियों को चोटें आईं, जिन्हें तत्काल प्राथमिक उपचार व चिकित्सीय सहायता उपलब्ध करवाई गई।

हादसे के बाद बस में यात्रा कर रही जम्मू निवासी यात्री निधि महाजन ने इस दुर्घटना के लिए सीधे तौर पर बस ड्राइवर की गंभीर लापरवाही और अत्यधिक तेज गति को जिम्मेदार ठहराया। निधि महाजन के अनुसार चालक सुबह के समय बेहद तेज रफ्तार और लापरवाही से बस चला रहा था, जिसके कारण वह वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और हादसा हो गया, जिससे सैकड़ों यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई।

वहीं दूसरी ओर, हादसे के संबंध में बस ड्राइवर संतोख सिंह का कहना है कि उसकी ओर से कोई लापरवाही नहीं बरती गई, बल्कि मारकंडा पुल पर अचानक एक ट्राला बस के बिल्कुल आगे आ गया, जिससे बचने का पर्याप्त समय नहीं मिल पाया और दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गई।

स्थानीय पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने स्थिति को संभाला

सुबह-सुबह हुए इस सड़क हादसे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा और मौके पर राहगीरों तथा स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात सुचारू करवाया तथा यात्रियों के सुरक्षित गंतव्य तक पहुंचने की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि यह दुर्घटना बस चालक की तेज रफ्तार व लापरवाही के कारण हुई या फिर ट्राले के अचानक आगे आ जाने से यह हादसा हुआ।

यह भी पढ़ें- चालान से बचने का 'जुगाड़'! नंबर प्लेट पर ग्रीस-मिट्टी पोत दौड़ रहीं हरियाणा की बसें, सूचना आयोग के जांच आदेश

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।