Move to Jagran APP

Nayab Saini: क्या भाजपा-जजपा के गठबंधन की भविष्य में संभावना है, क्या बोले नायब सैनी? यहां पढ़ें Exclusive Interview

CM Nayab Singh Saini Interview कुछ दिनों पहले हरियाणा की सियासत में बड़ा फेरबदल हुआ। भाजपा ने जजपा के साथ गठबंधन तोड़ नई सिरे से सरकार बनाई। मौजूदा वक्त में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी हैं। इसी क्रम में दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख अनुराग अग्रवाल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनकी भविष्य की योजनाओं और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...

By Jagran News Edited By: Prince Sharma Published: Fri, 05 Apr 2024 11:30 AM (IST)Updated: Fri, 05 Apr 2024 11:30 AM (IST)
Haryana Chief Minister Nayab Saini interview with Dainik Jagran Read

राज्य ब्यूरो, चंडीगढ़। CM Nayab Singh Saini Interview: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का विजन पूरी तरह से स्पष्ट है। संगठन से सरकार और फिर मुख्यमंत्री की कुर्सी तक पहुंचे नायब सैनी का मानना है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की जन कल्याण की नीतियों से देश बदल रहा है और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के जनहित के फैसलों से प्रदेश तथा गांवों की दशा बदली है।

loksabha election banner

प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन और पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल के नेतृत्व में शुरू हुए हरियाणा (Haryana News) के विकास कार्यों को बढ़ाते हुए नायब सैनी (CM Nayab Singh Saini) राज्य को विकास के मामले में बहुत आगे तक लेकर जाने का इरादा रखते हैं। वह स्पष्ट तौर पर कहते हैं कि यदि मैं मनोहर लाल के अधूरे कार्यों को भी पूरा कर लूं तो यह मेरी सबसे बड़ी उपलब्धि होगी।

विपक्ष की एकजुटता को नायब सैनी भ्रष्टाचारियों का जमघट बताते हैं और साथ ही कहते हैं कि इन्हें आईना तो दिखाना ही पड़ेगा। नायब सैनी इस समय मुख्यमंत्री के साथ-साथ कुरुक्षेत्र के सांसद तथा हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष पद का दायित्व भी संभाल रहे हैं।

उन्हें मुख्यमंत्री पद का दायित्व उस समय मिला है, जब देश में लोकसभा और इसी साल अक्टूबर में विधानसभा चुनाव होने हैं। नायब सैनी पर राज्य की सभी 10 लोकसभा सीटों पर कमल का फूल खिलाने के साथ ही प्रदेश में तीसरी बार भाजपा की सरकार बनाने का बड़ा दायित्व है।

दैनिक जागरण के राज्य ब्यूरो प्रमुख अनुराग अग्रवाल ने मुख्यमंत्री नायब सैनी से उनकी भविष्य की योजनाओं और लोकसभा चुनाव की तैयारियों पर विस्तृत बातचीत की। पेश हैं मुख्य अंश...

1.मुख्यमंत्री बनने से पहले क्या आपको इस बात का आभास था कि प्रदेश में नेतृत्व परिवर्तन होगा और आप सत्ता संभालने जा रहे हैं?

बिल्कुल भी नहीं, मैं हरियाणा भाजपा का अध्यक्ष भी हूं, इसलिए मेरे पास तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल जी का फोन आया। वे बोले कि कल राज्य मंत्रिमंडल की चंडीगढ़ में बैठक है। आपको उसमें मौजूद रहना है। मुझे लगा कि शायद चुनाव की तैयारियों पर कोई चर्चा होनी है।

मैं जब बैठक में शामिल होने के लिए पहुंचा तो वहां कुछ और ही माजरा निकला। मनोहर लाल जी ने मुझे कहा कि हम जजपा के साथ अपना गठबंधन तोड़ने जा रहे हैं और मैं उनके स्थान पर दायित्व संभालने के लिए तैयार रहूं।

2.प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी एक दिन पहले गुरुग्राम आए, मनोहर लाल की तारीफ की और अगले दिन ही सत्ता परिवर्तन हो गया, इसे कैसे देखते हैं?

हमारे यहां व्यक्ति नहीं, विचारधारा काम करती है। भाजपा विचारधारा की पार्टी है, जिसे पार्टी का हर कार्यकर्ता अपने-अपने तरीके तथा सामर्थ्य से आगे बढ़ा रहा है। संभव है कि मनोहर लाल जी की सेवाएं पार्टी किसी बड़े स्वरूप में प्राप्त करेगी। हम सबकी डोर एक-दूसरे से बंधी हुई है।

3.जजपा के साथ गठबंधन टूटने के बाद दुष्यंत चौटाला बोले कि मुझे पांच दिन पहले पता था कि यह सब होने वाला है, फिर आपको कैसे नहीं पता चला?

मनोहर लाल जी ने जब यह कहा कि आप चंडीगढ़ में होने वाली बैठक में भागीदारी के लिए पहुंचो तो मेरे मन में मामूली समय के लिए यह विचार जरूर आया कि हो सकता है कि भाजपा-जजपा के गठबंधन पर कोई बातचीत की जाए। मैं इस बारे में पूरी तरह आश्वस्त नहीं था, लेकिन जब चर्चा होती है तो सभी विषय आते हैं।

4. लोकसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा के साथ जजपा का गठबंधन टूटने तथा जजपा व इनेलो के भाजपा के मुकाबले चुनाव लड़ने को कैसे देखते हैं?

एक समय ऐसा भी था, जब भाजपा दूसरे दलों की सहयोगी पार्टी हुआ करती थी, लेकिन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मनोहर लाल समेत वरिष्ठ नेताओं ने इतनी मेहनत की कि आज न केवल देश बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी भाजपा बन चुकी है। चुनाव का समय है। सब अपनी-अपनी उपस्थिति दर्ज कराने को मैदान में उतरते हैं। जेजेपी और इनेलो भी उतर रहे हैं।

5. भाजपा के पास वैसे तो गिनाने के लिए कामों की लंबी सूची है, लेकिन लोकसभा में जीत के लिए क्या आधार रहने वाला है?

प्रधानमंत्री मोदी ने देश में और मनोहर लाल ने प्रदेश में जबरदस्त काम किए हैं। यह सच्चाई है, वास्तव में देश और प्रदेश बदला है। गांव बदले हैं। शहरों की दशा बदली है।

देश और प्रदेश में गांवों में भी ऐसे गांव हैं, जहां यह सोचना पड़ता है कि सरकार के पास पैसा है, लेकिन वह लगाए कहां। इन गांवों में पहले ही इतने काम हो चुके हैं। नौकरियां मेरिट पर मिल रही हैं। भ्रष्टाचार व क्षेत्रवाद खत्म हो चुका है। जातिवाद की राजनीति पर रोक लगी है। इन सभी का फायदा लोकसभा चुनाव में हमें मिलने वाला है।

6.भाजपा ने आपको विभिन्न राज्यों में लोकसभा चुनाव के लिए स्टार प्रचारकों की सूची में रखा है

मैं और मेरे राजनीतिक गुरु मनोहर लाल दोनों विभिन्न राज्यों में चुनाव प्रचार के लिए जाएंगे। हम मिलकर हरियाणा में भी चुनाव प्रचार कर रहे हैं। उत्तर प्रदेश, राजस्थान और दिल्ली में हमारे कार्यक्रम होंगे। पिछले दिनों मेरठ में मैंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली का मंच साझा किया है।

हमने केंद्रीय नेतृत्व से चुनाव प्रचार के लिए राज्यों की सूची और तारीख मांगी है। केंद्रीय नेता भी हरियाणा में रैलियां करेंगे। यहां चूंकि छठे चरण में मतदान है तो ऐसे में प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत पार्टी के शीर्ष नेता चुनाव के समय हरियाणा में रैलियां करेंगे।

7. आपके पास हरियाणा भाजपा के अध्यक्ष पद का दायित्व भी है। इसे आप ही संभालेंगे या फिर किसी तरह का बदलाव संभव है?

भाजपा के शीर्ष नेतृत्व से हमारी चर्चा हुई है। जब तक कोई नया अध्यक्ष नहीं आता, मैं दायित्व निभा रहा हूं। उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में पार्टी नये प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर सकती है। राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि भाजपा अपनी पार्टी के कुछ उम्मीदवारों को बदल सकती है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फैसले अटल होते हैं। मुझे नहीं लगता कि हमारी पार्टी को किसी लोकसभा सीट पर कोई उम्मीदवार बदलने की जरूरत है। हमारे यहां व्यक्ति नहीं, बल्कि पार्टी चुनाव लड़ती है। पार्टी का मतलब, कमल का फूल। कमल का फूल, मतलब विचारधारा। विचारधारा का मतलब जन-जन का समर्पण। जन-जन के समर्पण का मतलब कार्यकर्ताओं की मेहनत का प्रतिफल।

8. देशभर में भाजपा के विरुद्ध आइएनडीआइए गठबंधन हुआ है, लेकिन हरियाणा में अभी तक कांग्रेस अपने प्रत्याशी तक चयनित नहीं कर पा रही?

 यह कांग्रेस की आंतरिक समस्या है। उसके पास उम्मीदवार ही नहीं हैं। वे चुनाव से डरकर भाग रहे हैं। रही आइएनडीआइए गठबंधन की बात तो मैं इसे घमंडिया गठबंधन कहता हूं। इसमें जितने भी नेता हैं, सबका भ्रष्टाचार का अतीत है। कोई भी नेता ऐसा नहीं है, जो साफ-सुथरी छवि का हो।

9. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने जेजेपी से गठबंधन टूटने के बावजूद उसके प्रति आत्मीयता के भाव प्रकट किए थे। क्या भविष्य में एकजुटता संभव है?

 हमारी पार्टी संस्कारों व मर्यादा की पार्टी है। जेजेपी के साथ सीटों के बंटवारे पर हमारी सहमति नहीं बन पाई। लेकिन इसका मतलब यह तो नहीं है कि हम उन्हें भला बुरा कहने लगें।

राजनीति में कब क्या संभव हो, कुछ नहीं कहा जा सकता, लेकिन फिलहाल हमारा पूरा ध्यान राज्य की 10 लोकसभा सीटों पर कमल के फूल खिलाने का है। 11वां कमल का फूल करनाल विधानसभा सीट पर खिलेगा, जहां से मैं विधानसभा का चुनाव लड़ रहा हूं। 10 कमल के फूल दिल्ली जाएंगे और एक कमल का फूल चंडीगढ़ आएगा।

10. पिछले 10 सालों में भाजपा ने देश बदलने की बात कही है। इस बार किन मुद्दों और घोषणाओं को लेकर जनता के बीच जा रहे हैं?

 कांग्रेस के 55 साल के राज और भाजपा के 10 साल के राज की आप तुलना कर लो। सब कुछ दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा। कांग्रेस के 55 साल के राज में विकास की गति थमी और भ्रष्टाचार की गति बढ़ी, लेकिन भाजपा के 10 साल के कार्यकाल में सिर्फ और सिर्फ विकास हुआ।

11. भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र के लिए हरियाणा के लोगों से कोई सुझाव लिए हैं?

 भाजपा का चुनाव घोषणा पत्र सामूहिक होगा, जिसमें पूरे देश की जनता के सुझाव शामिल किए जाएंगे। विकसित भारत संकल्प पत्र पेटिका में हरियाणा की जनता की ओर से 25 से 30 हजार सुझाव दिए गए हैं। हमारे चुनाव घोषणा पत्र की एक ही मुख्य बात है और वह है मोदी की विकास की गारंटी। हरियाणा में मनोहर लाल के विकास के वादे।

12. न केवल हरियाणा बल्कि पूरे देश में कांग्रेस बिखराव का शिकार है। भाजपा को इसका कोई फायदा मिलने की उम्मीद है?

 हमें कांग्रेस के बिखराव से फायदा लेने की जरूरत नहीं है। हमें देश और प्रदेश के विकास के लिए काम करने से ही फुरसत नहीं है। भाजपा का कार्यकर्ता हर परिस्थिति में समर्पण भाव से मेहनत करता है। हरियाणा में कांग्रेस का संगठन ही नहीं है।

13. आखिरी सवाल, भाजपा की सबसे बड़ी ताकत क्या है और कांग्रेस की सबसे बड़ी कमजोरी किसे मानते हैं?

.हमारी ताकत हमारी पार्टी के समर्पित और दिन-रात मेहनत करने वाले कार्यकर्ता हैं। यह सिर्फ भाजपा में ही संभव है कि वह अपने धरती से जुड़े किसी भी कार्यकर्ता को मुख्यमंत्री तक बना सकती है। मेरे घर में मेरे से पूर्व कोई पंचायत सदस्य तक नहीं था, लेकिन भाजपा ने मुझे मुख्यमंत्री बना दिया। कई राज्य इसके उदाहरण हैं। कांग्रेस के कार्यकाल का भ्रष्टाचार और जनता के विकास की अनदेखी उसकी सबसे बड़ी कमजोरी है।

यह भी पढ़ें- Manohar Lal: एक दिन पहले PM मोदी ने की तारीफ और फिर इस्तीफा, क्या बोले मनोहर लाल? यहां पढ़ें Exclusive Interview


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.