हरियाणा में कांग्रेस नेता सतीश राणा के परिवार पर हमला, गाड़ी के शीशे तोड़े; बदमाशों ने दी धमकी- 'यह तो अभी ट्रेलर है'
कांग्रेस नेता सतीश राणा के परिवार पर करनाल में हमला हुआ, जिसमें उनकी पत्नी और बेटे की गाड़ी के शीशे तोड़े गए और उन्हें धमकी दी गई।

हमले के बाद क्षतिग्रस्त कार (जागरण फोटो)
जागरण संवाददाता, करनाल। कांग्रेस नेता सतीश राणा के परिवार पर शनिवार रात हमला करने का मामला सामने आया है। उनकी पत्नी और बेटा स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर करनाल से गांव कैरवाली लौट रहे थे।
कुटेल गांव के श्मशान घाट के पास बाइक सवार दो युवकों ने उनकी गाड़ी पर हमला कर शीशे तोड़ दिए। हमले के दौरान गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। गनीमत रही कि कार सवार मां-बेटे को चोट नहीं आई।
आरोप है कि हमलावर जाते समय धमकी देकर गए कि अभी तो यह ट्रेलर है। घटना की सूचना मिलने पर सतीश राणा और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। उन्होंने मधुबन थाना पुलिस को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, सतीश राणा ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व राष्ट्रीय सचिव वीरेंद्र सिंह राठौर पर हमला कराने की साजिश रचने के आरोप लगाए हैं।
बाइक पर सवार थे हमलावर
सतीश राणा ने बताया कि उनका बेटा प्रणव और पत्नी परवीन राणा शनिवार रात करनाल से सामान लेकर गांव कैरवाली लौट रहे थे। जब वे कुटेल गांव के श्मशान घाट के पास पहुंचे तो बाइक पर सवार दो युवक उनकी गाड़ी के पास आए।
दोनों ने अपने चेहरे कपड़े से ढके हुए थे। युवकों ने आते ही गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। अचानक हुए हमले से गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। इसके बाद हमलावर धमकी देकर मौके से फरार हो गए। सतीश राणा ने इस घटना को पहले से चले आ रहे विवाद से जोड़ते हुए वीरेंद्र राठौर पर गंभीर आरोप लगाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।
दोनों नेताओं के बीच पहले से चल रहा विवाद
घरौंडा विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में दोनों नेताओं के बीच विवाद पहले भी चर्चा में रहा है। एडवोकेट वीरेंद्र सिंह राठौर कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय सचिव हैं। वह कांग्रेस की टिकट पर घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से चुनाव भी लड़ चुके हैं। वहीं, सतीश राणा कांग्रेस में अभी शामिल हुए हैं। वह पहले भाजपा में थे। दोनों नेता घरौंडा विधानसभा क्षेत्र से संबंध रखते हैं और राजपूत बिरादरी से आते हैं।
18 नवंबर को चौपाल कार्यक्रम के बाद बढ़ा था विवाद
दोनों नेताओं के बीच विवाद की शुरुआत 18 नवंबर को आयोजित कांग्रेस की चौपाल के बाद हुई थी। इस कार्यक्रम में सांसद दीपेंद्र हुड्डा ने शिरकत की थी। कार्यक्रम में सतीश राणा और वीरेंद्र राठौर दोनों मौजूद थे।
सतीश राणा का आरोप है कि कार्यक्रम के बाद वीरेंद्र राठौर ने उन्हें अपने आवास पर बुलाया और वहां उनके साथ गाली-गलौच की। उन्होंने गर्दन उतारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया था। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और सतीश राणा ने सोशल मीडिया पर वीडियो पोस्ट कर अपनी बात रखी थी।
बाद में समाज की पंचायत में दोनों पक्षों के बीच विवाद खत्म कराने का प्रयास किया गया था। हालांकि, सतीश राणा का कहना है कि वीरेंद्र राठौर इस मामले को खत्म नहीं करना चाहते और उनसे समाज के सामने माफी मांगने की मांग कर रहे हैं।
इसी विवाद को लेकर दोबारा पंचायत भी होनी थी। अब सतीश राणा के परिवार पर हुए हमले ने इस पुराने विवाद को फिर से चर्चा में ला दिया है।
ये कहना है वीरेंद्र राठौर का
इस घटना के बाद एडवोकेट वीरेंद्र सिंह राठौर का कहना है कि सतीश राणा जो आरोप लगा रहे हैं वह गलत है। यही यह आरोप सच्चे निकलते हैं तो समाज उनकी बीच चौराहे में गर्दन उतवा सकता है लेकिन यदि यह आरोप झूठे निकलते तो सतीश राणा क्या करेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।