15 अगस्त को कैथल में 576 सरकारी स्कूलों में पूर्व सैनिक करेंगे ध्वजारोहण, शिक्षा निदेशालय का निर्देश जारी
कैथल जिले के सभी सरकारी स्कूलों में 15 अगस्त को 'देश के रक्षकों को सलाम' कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें सबसे ...और पढ़ें

15 अगस्त को सभी सरकारी स्कूलों में सबसे अधिक उम्र वाले पूर्व सैनिक करेंगे ध्वजारोहण।
HighLights
कैथल के सभी सरकारी स्कूलों में 'देश के रक्षकों को सलाम' कार्यक्रम
सबसे अधिक उम्र वाले पूर्व सैनिक करेंगे ध्वजारोहण, सम्मान
छात्रों को स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों के त्याग से परिचित कराया जाएगा
जागरण संवाददाता, कैथल। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 15 अगस्त को ‘देश के रक्षकों को सलाम’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा।
विद्यालय शिक्षा निदेशालय की ओर से जारी निर्देशों के तहत आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को स्वतंत्रता सेनानियों, बलिदानियों के परिवारों, पूर्व सैनिकों तथा वर्तमान में देश की सेवा कर रहे सैनिकों के योगदान और त्याग से परिचित करवाना है। जिले के करीब 576 सरकारी स्कूलों में कार्यक्रम को लेकर तैयारियां की जा रही हैं।
सबसे अधिक उम्र वाले पूर्व सैनिक से करवाया जाएगा ध्वजारोहण: प्रमोद राणा
जिला शिक्षा अधिकारी प्रमोद राणा ने बताया कि जिले के सभी राजकीय विद्यालयों में 15 अगस्त को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में संबंधित गांव, शहर या वार्ड में रहने वाले सबसे अधिक उम्र के भूतपूर्व सैनिक को मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित किया जाएगा। पूर्व सैनिक चाहे किसी भी पद से सेवानिवृत्त हुआ हो, उसका सम्मान किया जाएगा और उसी वरिष्ठ पूर्व सैनिक से विद्यालय में ध्वजारोहण करवाया जाएगा।
स्वतंत्रता सेनानियों और सैनिकों को किया जाएगा आमंत्रित
जिला शिक्षा अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम को लेकर जिले के सभी खंड शिक्षा अधिकारियों, विद्यालयों के प्राचार्यों और स्कूल मुखियाओं को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। स्कूल प्रबंधन समितियां (एसएमसी) शिक्षकों के साथ मिलकर कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार करेंगी।
इसके तहत गांव, शहर या वार्ड में रहने वाले स्वतंत्रता सेनानियों, भूतपूर्व सैनिकों, बलिदानियों के परिवारों और वर्तमान में कार्यरत सैनिकों को विद्यालय में आमंत्रित किया जाएगा। देश के रक्षकों को सलाम’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थी शिक्षकों के मार्गदर्शन में विभिन्न गतिविधियों और प्रस्तुतियों में भाग लेंगे।
कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता
कार्यक्रम के तहत जिले के सभी राजकीय प्राथमिक विद्यालयों में कक्षा तीसरी से पांचवीं तक के विद्यार्थियों के लिए पत्र लेखन प्रतियोगिता भी आयोजित की जाएगी। 15 अगस्त को मुख्य कार्यक्रम के दौरान देश के रक्षकों को सम्मान और श्रद्धांजलि दी जाएगी।
