हरियाणा: पटाखों के शोर से 7 गर्भवती भैंसों का बिगड़ा प्रसव, समय से पहले दिए बच्चे
कैथल के ग्योंग गांव में दीपावली पर तेज पटाखों के कारण 7 गर्भवती भैंसों की समय से पहले डिलीवरी हो गई।
-1794297599361_m.webp)
फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
दीपावली पर तेज पटाखों से 7 भैंसों का प्रसव बिगड़ा
ग्योंग गांव में सभी नवजात कटड़ों की मौत हुई
पशुपालकों ने पटाखों की ध्वनि सीमा तय करने की मांग की
जागरण संवाददाता, कैथल। गांव ग्योंग में दीपावली पर पटाखों और आतिशबाजी के तेज धमाकों से पशुपालकों को भारी नुकसान हुआ। गांव में 7 गाभिन (गर्भवती) भैंसों की समय से पहले डिलीवरी हो गई।
लोगों का कहना है कि बहुत तेज आवाज में बम और पटाखे बजाए गए। इस कारण गर्भ में पल रहे सभी कटड़े-कटड़ी की मौत हो गई। सभी भैंसें दो से आठ महीने तक की गाभिन थीं।
पशुपालकों के अनुसार, पटाखों की आवाज इतनी तेज थी कि पशु सहन नहीं कर सके। कई घंटे लगातार पटाखे बजाए गए। घटना के बाद पशुपालक अपनी भैंसों का इलाज करवा रहे हैं। एक भैंस की कीमत डेढ़ लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। किसानों ने बताया कि दो से तीन घंटे लगातार पटाखे बजाने से ऐसा हुआ।
पशुपालक गुरुदेव सिंह, सुरेंद्र और अन्यों ने बताया कि उनकी भैंसें कई महीने से गर्भवती थीं, तेज धमाकों के कारण उन्हें नुकसान उठाना पड़ा। पशुपालकों का कहना है कि उन्होंने गांव के लोगों से बड़े पटाखे नहीं चलाने की अपील भी की थी, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं मानी।
उन्होंने सरकार से मांग की कि पटाखों की आवाज के लिए ध्वनि मानक तय किए जाएं। यदि पटाखों पर पूरी तरह प्रतिबंध लगाना संभव नहीं है तो कम से कम उनकी आवाज की तीव्रता कम की जाए। बड़े धमाके करने वाले पटाखों पर पूरी तरह रोक लगनी चाहिए।
पशु चिकित्सक बोले- धड़कन हो सकती है प्रभावित
गांव में पहुंचे पशु चिकित्सक डा. संदीप कुमार ने बताया कि गांव में सात पशुओं को नुकसान हुआ है। बड़े पटाखों के धमाकों का पशुओं के गर्भ पर सीधा असर पड़ सकता है।
तेज आवाज और धमाकों से गर्भ में पल रहे बच्चों की धड़कन प्रभावित हो सकती है और समय से पहले गर्भपात होने का खतरा रहता है। उन्होंने भी बड़े पटाखों पर रोक लगाने की जरूरत बताई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।