ठेकेदार श्याम सुंदर के घर शोक जताने पहुंचे विधायक बलराज कुंडू
ठेकेदार श्याम सुंदर बंसल की हत्या के आरोपितों को पुलिस पांच दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मंगलवार को उनकी रोहतक रोड पर दुकान के बाद नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी और उनका भतीजा हनी भी गोली लगने से घायल हुआ था।
जागरण संवाददाता, जींद : ठेकेदार श्याम सुंदर बंसल की हत्या के आरोपितों को पुलिस पांच दिन बीत जाने के बाद भी गिरफ्तार नहीं कर पाई है। मंगलवार को उनकी रोहतक रोड पर दुकान के बाद नकाबपोश बदमाशों ने गोली मार कर हत्या कर दी थी और उनका भतीजा हनी भी गोली लगने से घायल हुआ था। इस मामले में 12 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज है। जिनमें से चार आरोपित जेल में बंद है। रविवार को महम से निर्दलीय विधायक बलराज कुंडू उनके घर शोक जताने पहुंचे। बंसल परिवार को सांत्वना देते हुए बलराज कुंडू ने कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि इस मामले में सीनियर आइपीएस अधिकारी की देखरेख में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम गठित करके छानबीन की जानी चाहिए। प्रदेश में आए दिन हो रही हत्या, लूटपाट, बलात्कार जैसी वारदातों से प्रदेश का माहौल बेहद खराब हो चुका है। आम आदमी का जीना मुश्किल हो गया है। सरकार की गलत नीतियों के चलते बेरोजगारी की मार झेल रहा प्रदेश का नौजवान तबका रास्ता भटक कर अपराध की राह पर निकल चुका है। जिसके लिए सीधे तौर पर सरकार जिम्मेदार है। कानून व्यवस्था में सुधार के लिए सरकार को गंभीर होकर जरूरी कदम उठाने चाहिएं। कानून-व्यवस्था की बदहाली का मुद्दा आगामी विधानसभा सत्र में उठाएंगे। बता दें कि हत्या के पांच दिन बाद भी पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इससे पहले आरोपित टैक्सी से आए थे। उस वक्त ठेकेदार चाय की चुस्की लगा रहा था। जैसे ही आरोपितों ने देखा पीछे से ठेकेदार पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्याकांड को अंजाम दिया था।