हरियाणा के किसान भाई का कमाल, 44 एकड़ में उगाए देसी गाजर और टमाटर; अब हर महीने कमा रहे 2 लाख रुपये
किसान रणजीत सिंह सिंगरोहा ने पारंपरिक खेती छोड़ सब्जी उत्पादन में सफलता पाई है, जिससे उन्हें सालाना 25 लाख रुपये की कमाई हो रही है।

झज्जर: प्रगतिशील किसान रंजीत सिंह अपने खेत में उगाई हुई गाजर दिखाते हुए। जागरण
HighLights
परंपरागत खेती छोड़ सब्जी उत्पादन में बनाई पहचान
2 एकड़ से शुरू कर 44 एकड़ तक फैलाया कारोबार
गाजर और बीज बिक्री से सालाना 25 लाख आय
राकेश कुमार, झज्जर। परंपरागत खेती में बढ़ती लागत और आमदनी के बीच अंतर को देखते हुए किसान नए विकल्प अपना रहे हैं।
गांव दुलीना के प्रगतिशील किसान रणजीत सिंह सिंगरोहा ने मेहनत और नवाचार से सब्जी उत्पादन को कमाई का जरिया बनाया है। दो एकड़ में देशी गाजर की खेती से शुरुआत करने वाले रंजीत आज 44 एकड़ में सब्जियां उगा रहे हैं।
इनमें 40 एकड़ में गाजर और चार एकड़ में टमाटर की फसल है। उनका दावा है कि सब्जी उत्पादन और बीज बिक्री से सालाना करीब 25 लाख (हर महीने 2.08 लाख रुपये) रुपये की कमाई होती है। वह गाजर का बीज तैयार कर अब तक करीब पांच लाख रुपये का बीज अन्य किसानों को बेच चुके हैं।

करीब आठ से नौ वर्ष पहले रणजीत ने परंपरागत फसलों के साथ सब्जी उत्पादन शुरू किया था। दो एकड़ में देसी गाजर की खेती के अच्छे नतीजों के बाद उन्होंने इसका रकबा बढ़ाया। अब वह जरूरत के लिए खुद बीज तैयार करते हैं और अतिरिक्त बीज बेचकर आमदनी का एक और साधन जुटाते हैं।
खेती में मेहनत और उचित प्रबंधन जरूरी
रणजीत के अनुसार गाजर की खेती में मेहनत और उचित प्रबंधन जरूरी है। वह बुआई से लेकर खुदाई, सफाई, छंटाई और मंडी तक पहुंचाने की प्रक्रिया पर नजर रखते हैं।
उनका कहना है कि अब तक उन्हें इस फसल में नुकसान नहीं हुआ है। लागत और बाजार भाव के आधार पर एक एकड़ से डेढ़ से दो लाख रुपये तक मुनाफे की उम्मीद रहती है।

गुरुग्राम की खांडसा मंडी और दिल्ली की आजादपुर मंडी में बेचते हैं उत्पाद
खेतों में तैयार गाजर वह गुरुग्राम की खांडसा मंडी और दिल्ली की आजादपुर मंडी में बेचते हैं। इस काम से करीब 20 से 25 श्रमिकों को नियमित रोजगार मिलता है।
गाजर निकालने, साफ करने, छांटने और पैकिंग के काम में श्रमिकों की जरूरत होती है। गाजर की खेती में सफलता के बाद रणजीत ने फसल विविधता पर भी ध्यान दिया है।

इस बार उन्होंने पहली बार चार एकड़ में हाइब्रिड परी किस्म के टमाटर लगाए हैं। उनका मानना है कि किसानों को परंपरागत खेती के साथ सब्जी उत्पादन, बीज तैयार करने और बाजार की मांग के अनुसार फसल चुनने पर भी ध्यान देना चाहिए।
रणजीत का सफर क्षेत्र के किसानों और युवाओं के लिए प्रेरणा बना है। उनका अनुभव दिखाता है कि नई सोच, मेहनत और बाजार की समझ के साथ खेती को लाभकारी बनाया जा सकता है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा के NCR इलाकों में धूल वाली तोड़फोड़ और खुले निर्माण पर लगी रोक, 20 नवंबर तक प्रशासन सख्त
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।