विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आदमपुर में बिश्नोई परिवार का गृह प्रवेश, 50 हजार लोगों के लिए शाही भोजन; महल जैसी कोठी में जिम से लेकर दफ्तर तक

Published: Wed, 11 Nov 2026 09:42 AM (IST)

कुलदीप बिश्नोई के आदमपुर स्थित नए महलनुमा आवास का गृह प्रवेश समारोह बुधवार को होगा, जो पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की कर्मस्थली की जगह बना है।

आदमपुर मंडी में बना बिश्नोई परिवार की कोठी (फाइल फोटो)

आदमपुर मंडी में बना बिश्नोई परिवार की कोठी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. कुलदीप बिश्नोई के आदमपुर स्थित नए महलनुमा आवास का गृह प्रवेश

  2. पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल की कर्मस्थली की जगह बना भव्य भवन

  3. 50 हजार लोगों के लिए शाही भोज, राजनीतिक दिग्गजों की उपस्थिति

अमित गोयल, मंडी आदमपुर। आदमपुर मंडी की पहचान से जुड़ी एक महत्वपर्ण स्थान बुधवार को नए रूप में नजर आएगी। प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री स्व. चौधरी भजनलाल की राजनीतिक और जनसेवा की कर्मस्थली रही दुकान नंबर 106-107 की जगह अब राजस्थानी स्थापत्य कला की तर्ज पर बना भव्य महलनुमा आवास तैयार हो चुका है।

भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद कुलदीप बिश्नोई के इस नवनिर्मित भवन का बुधवार को गृह प्रवेश समारोह होगा। इस आयोजन को लेकर आदमपुर में उत्सव जैसा माहौल है।

अनाज मंडी से लेकर समारोह स्थल तक तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा चुका है। आयोजकों ने करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था करने का दावा किया है। समारोह में प्रदेश और देश के कई राजनीतिक, सामाजिक और प्रमुख हस्तियों के पहुंचने की संभावना है।

kuldeep_bishnoi_news (2)

दुकान नंबर 106-107 से राजमहल तक का सफर, जुड़ी हैं सियासत की यादें

आदमपुर अनाज मंडी की दुकान नंबर 106 और 107 केवल व्यावसायिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि दशकों तक चौधरी भजनलाल की जनसेवा और राजनीतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र रही हैं।

यहीं बैठकर भजनलाल आमजन की समस्याएं सुनते थे। दूर-दराज से आने वाले लोग इसी स्थान पर उनसे मुलाकात कर अपनी बात रखते थे। समय के साथ यह जगह भजनलाल परिवार की राजनीतिक और सामाजिक गतिविधियों की पहचान बन गई।

kuldeeP_bishnoi_news (1)

नवंबर 2022 में आदमपुर उपचुनाव के दौरान पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अपने भाषण में इस दुकान पर ताला लगाने की बात कही थी।

इस बयान पर कुलदीप बिश्नोई ने पलटवार करते हुए कहा था कि ताला लगाना तो दूर, इस जनसेवा केंद्र को और अधिक मजबूत और विशाल बनाया जाएगा।

अब उसी स्थान पर भव्य इमारत खड़ी हो गई है। इस तरह पुरानी दुकानों की जगह तैयार हुआ नया भवन राजनीतिक चर्चाओं के साथ-साथ क्षेत्र में आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

kuldeep_bishnoi_grah_pravesh

कार्यालय से लेकर आवास और जिम तक की व्यवस्था

नवनिर्मित भवन को केवल आवास तक सीमित नहीं रखा गया है। इसके प्रथम तल को जनसेवा कार्यालय के रूप में विकसित किया गया है, ताकि क्षेत्र के लोग पहले की तरह यहां पहुंचकर अपनी समस्याएं रख सकें।

इसके ऊपर बैठक हाल बनाया गया है, जबकि सबसे ऊपरी हिस्से में आवास और जिम की व्यवस्था की गई है। राजस्थानी स्थापत्य शैली में तैयार इस इमारत का बाहरी स्वरूप इसे महलनुमा पहचान देता है।

vishnoi_familys

पीले टेंट ने लौटाईं हजकां के दौर की यादें

गृह प्रवेश समारोह के लिए आदमपुर अनाज मंडी के तीन शेड में विशेष इंतजाम किए गए हैं। दो शेड मेहमानों के भोजन और एक शेड भोजन तैयार करने के लिए आरक्षित रखा गया है।

समारोह स्थल पर लगाए गए पीले रंग के टेंट ने पुराने कार्यकर्ताओं और समर्थकों को हरियाणा जनहित कांग्रेस (हजकां) के दौर की याद दिला दी है। उस समय पीला रंग पार्टी की प्रमुख पहचान हुआ करता था। ऐसे में समारोह की पीली सजावट भी राजनीतिक चर्चाओं का हिस्सा बनी हुई है।

हवन से होगी शुरुआत, राजनीतिक दिग्गजों के जुटने की उम्मीद

गृह प्रवेश समारोह की शुरुआत बिश्नोई रीति-रिवाजों और वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हवन-यज्ञ से होगी। कार्यक्रम में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष डॉ. अर्चना गुप्ता सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं, विधायकों और गणमान्य लोगों के पहुंचने की संभावना है।

50 टीन देसी घी का हलवा, कढ़ी-चूरमा से महकेगा भोज

समारोह में आने वाले मेहमानों के स्वागत और खानपान के लिए भी बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं। आयोजकों के अनुसार, करीब 50 टीन यानी लगभग 20 मण शुद्ध देसी घी से हलवा तैयार करवाया गया है। बिश्नोई परंपरा का विशेष व्यंजन कढ़ी-चूरमा भी भोज का मुख्य आकर्षण रहेगा।

इसके अलावा शाही पनीर, सरसों का साग, आलू-जीरा, दाल मखनी और रायता सहित कई व्यंजन परोसे जाएंगे। मिठाइयों में शुद्ध देसी घी से बनी गर्मागर्म जलेबी और लड्डू भी शामिल रहेंगे।

राजस्थानी स्थापत्य, बिश्नोई संस्कृति, पीले रंग की सजावट और पारंपरिक देसी खानपान के संग यह गृह प्रवेश समारोह आदमपुर में खास आयोजन बनने जा रहा है।

यह भी पढ़ें- बिश्नोई परिवार की घर वापसी, राजस्थानी नक्काशी के साथ आदमपुर में बना सबसे ऊंचा महल; कल होगा भव्य गृह प्रवेश



देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।