सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर दुखद हादसा, स्विमिंग पूल में डूबने से 8 वर्षीय बच्ची की मौत
हिसार में भाजपा नेता सोनाली फोगाट के फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में आठ साल की बच्ची रागनी की डूबने से मौत हो गई।

सोनाली फोगाट के फार्म हाउस के स्विमिंग पूल में डूबने से आठ वर्षीय बच्ची की मौत।
HighLights
भाजपा नेता सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर हादसा
आठ साल की बच्ची रागनी की स्विमिंग पूल में डूबकर मौत
गेंद निकालते समय फिसलकर गहरे गंदे पानी में गिरी
जागरण संवाददाता, हिसार। ढंढूर गांव के पास स्थित भाजपा नेता सोनाली फोगाट के फार्म हाउस में स्विमिंग पुल में डूबने से आठ साल की बच्ची रागनी की मौत हो गई। घटना मंगलवार देर शाम की है। मृतका का परिवार 12 दिन पहले ही फार्म हाउस पर काम करने के लिए आया था। सदर थाना पुलिस ने बुधवार दोपहर को बच्ची का पोस्टमार्टम करवा स्वजन को सौंप दिया। पुलिस ने बच्ची के पिता प्रताप भान सिंह के बयान पर इत्तफाकिया कार्रवाई की है।
मूलरूप से उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के जमालपुर निवासी प्रताप भान सिंह ने बताया कि उसकी दो बेटी और एक बेटा है। 12 दिन पहले सोनाली फोगाट के फार्म हाउस पर काम करने के लिए आए थे। यहां पर पार्किंग की देखरेख का जिम्मा था। परिवार के साथ फार्म हाउस में रहता है।
उन्होंने बताया कि शाम को बेटी रागनी और शशि दोनों फार्म हाउस में खेल रहे थे। इस दौरान काफी समय से बंद पड़े स्विमिंग पुल में गेंद चली गई। स्विमिंग पुल में करीब दस फीट तक गंदा पानी भरा हुआ था। हालांकि पुल के ऊपर लोहे की जाली लगी हुई है, लेकिन फिर भी गेंद अंदर चली गई। बेटी रागनी गेंद निकालने के लिए पुल के पास गई और लकड़ी का फट्टा हटा दिया। उसका पांव फिसल गया और वह पुल के अंदर गिर गई।
छोटी बेटी ने आकर बताया रागनी पानी में गिरी
स्वजन ने बताया कि शाम साढ़े छह बजे के करीब छोटी बेटी शशि ने बताया कि रागनी गेंद निकालने के लिए गई और पानी में गिर गई। पता चलने पर दौड़ कर पुल के पास पहुंचे और बेटी को पानी से बाहर निकाला और उपचार के लिए नागरिक अस्पताल के आपातकालीन कक्ष में लेकर आए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- फतेहाबाद में 15 वर्षीय बच्ची से पिता ने की अश्लील हरकत, सौतेली मां पर भी लगा सहयोग करने का आरोप
गोवा में हुई थी सोनाली फोगाट की मौत
भाजपा नेता और टीक-टॉक स्टार सोनाली फोगाट की 22 अगस्त 2022 को उत्तरी गोवा के अंजुना में मौत हुई थी। गंभीर हालत में पीए सुधीर सांगवान और सुखविंद्र उसे एक अस्पताल लेकर गए थे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया था। सुधीर सांगवान ने सोनाली के स्वजन को बताया था कि उसकी हार्ट अटैक से मौत हो गई थी।
बाद में सोनाली फोगाट का भाई रिंकू और जीजा अमन गोवा पहुंचे। उनकी शिकायत पर अंजुना पुलिस ने सुधीर सांगवान और सुखविंद्र पर हत्या का केस दर्ज किया था। वारदात के तीन दिन बाद एक वीडियो इंटरनेट पर वायरल हुआ था, जिसमें सुधीर सोनाली को जबरन ड्रग्स पिला रहा था। वीडियो में उनकी हालत सही नहीं दिख रही थी।
पीए सुधीर सांगवान उन्हें संभाले नजर आ रहा था और उनके पैर लड़खड़ा रहे थे। आगे जाकर वह सीढ़ियों पर बैठ गई थी। वहां पर कई अन्य लोग भी मौजूद थे। मगर कोई मदद करता नजर नहीं आ रहा था। बाद में सुबह के समय उसे अस्पताल ले जाया गया था। गोवा की अदालत की तरफ से दोनों आरोपित फिलहाल जमानत पर हैं।
