यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Apr 13, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
प्रभु श्रीराम के दर्शन के लिए सवा 10 बजे उड़ेगा विमान, PM मोदी दिखाएंगे हरी झंडी; उत्सव की तरह सजा हिसार
प्रधानमंत्री मोदी हिसार में करीब सवा 11 बजे तक रहेंगे वहीं कार्यक्रम से एक दिन पहले रविवार शाम को मुख्यमंत्री ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, हिसार। महाराजा अग्रसेन हिसार एयरपोर्ट उड़ान के लिए तैयार है। "संकल्प की उड़ान' कार्यक्रम के तहत सोमवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सुबह 10.15 मिनट पर हिसार-अयोध्या की पहली विमान सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे।
श्रीराम की नगरी अयोध्या में दर्शन के लिए जाने वाले यात्रियों के लिए यह एक ऐतिहासिक पल होगा। साथ ही यह उड़ान हिसार के विकास को पंख प्रदान करेगी। हिसार से अयोध्या उड़ने भरने वाले विमान का समय परिवर्तन करते हुए उसे 20 मिनट पहले किया गया है।
प्रधानमंत्री मोदी हिसार में करीब सवा 11 बजे तक रहेंगे
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने एक्स हैंडल पर खुद जानकारी साझा की है। प्रधानमंत्री मोदी हिसार में करीब सवा 11 बजे तक रहेंगे, वहीं कार्यक्रम से एक दिन पहले रविवार शाम को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी हिसार पहुंचे और एक घंटे तक रैली स्थल का दौरा कर व्यवस्थाएं जांची और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
हिसार एयरपोर्ट का 7200 एकड़ में विस्तार किया जा रहा है। 4200 एकड़ में एयरपोर्ट के निर्माण के साथ 3000 हजार एकड़ में औद्योगिक क्षेत्र का विकास होगा।
सोमवार होने वाली रैली में प्रधानमंत्री के साथ केंद्रीय नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू किंजराजू, राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, प्रदेश के नागर विमानन मंत्री विपुल गोयल मंच पर कई नेता मौजूद रहेंगे। प्रधानमंत्री सुबह करीब 9.50 बजे हिसार एयरपोर्ट पर पहुंच जाएंगे।
प्रधानमंत्री करीब एक घंटे तक हिसार में रहेंगे और उसके बाद यमुनानगर के लिए प्रस्थान करेंगे। पांच राज्यों की विमान सेवा का उद्घाटन और नए टर्मिनल का उद्घाटन करने के बाद वह रैली को संबोधित करेंगे। इस रैली में करीब 10 जिलों में लोग पहुंच रहे हैं।
कई जिलों के लिए भी बड़ी सौगात होगा साबित: सीएम
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि यह एयरपोर्ट न केवल हिसार बल्कि आस-पास के जिलों के लिए भी एक बड़ी सौगात साबित होगा। हवाई सेवाओं के शुरू होने से क्षेत्रीय व्यापार, पर्यटन और निवेश को नई उड़ान मिलेगी। वह रविवार शाम को हिसार एयरपोर्ट पर रैली स्थल पर व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने पहुंचे थे।
उन्होंने मंच सहित बाकी व्यवस्थाओं को देखा और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी हवाई सेवाओं का विधिवत से शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में किसी प्रकार की कमी न रहे और समस्त व्यवस्थाएं समय पर और सुचारु रूप से पूरी की जाएं।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान एयरपोर्ट टर्मिनल के दूसरे चरण का शिलान्यास होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का यह दौरा हरियाणा के विकास के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाता है। इस मौके पर पीडब्ल्यूडी मंत्री रणबीर गंगवा, हांसी के विधायक विनोद भ्याना, नलवा के विधायक रणधीर पनिहार मौजूद रहे।
अयोध्या के लिए दो तो बाकी रूट पर उड़ेंगी तीन-तीन फ्लाइट
हिसार से अयोध्या के लिए हर सप्ताह दो फ्लाइट जाएंगी। हिसार-जम्मू-हिसार हर सप्ताह तीन उड़ान, हिसार-अहमदाबाद-हिसार, हिसार-जयपुर-हिसार और हिसार-चंडीगढ़-हिसार हर सप्ताह तीन-तीन फ्लाइट उड़ान भरेंगी।
मंत्री रणबीर गंगवा ने बताया कि प्रधानमंत्री हवाई अड्डे के फेज-2 में एयरपोर्ट के दूसरे टर्मिनल के भवन की आधारशिला भी रखेंगे। दूसरे चरण की लागत लगभग 413 करोड़ रुपये है। इस चरण का कार्य 17 अप्रैल 2027 तक पूरा होने का अनुमान है।
इसमें पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग, एयर ट्रैफिक कंट्रोल और कारगो टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण किया जाना है। इनमें पैसेंजर टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण 37 हजार 790 वर्ग मीटर तथा कारगो टर्मिनल बिल्डिंग का निर्माण 2 हजार 235 वर्ग मीटर क्षेत्र में किया जाएगा।
