डबवाली अग्निकांड ने आइपीएस अधिकारी से छीन ली थी पांच साल की सुरभि, बेटी के नाम से बनाई संस्था
हिसार के फोटो पत्रकार सुरेंद्र कुमार सुरभि फाउंडेशन संभालते हैं। करीब 40 सदस्य हैं। सुरेंद्र का कहना है कि उन्होंने एक बार अनिल राव को जरूरतमंदों को कंबल बांटते देखा। दिन 23 दिसंबर था उन दिनों वह हिसार में एसपी थे।
डीडी गोयल, डबवाली। सुरभि महज पांच वर्ष की थी। सेवानिवृत्त आइपीएस अधिकारी अनिल राव ने इकलौती बेटी का दाखिला डबवाली के डीएवी स्कूल में करवाया था। 23 दिसंबर 1995 को डबवाली में हुए भीषण अग्निकांड ने सुरभि को हमेशा के लिए छीन लिया। राव उन दिनों डबवाली में बतौर डीएसपी तैनात हुए थे। उन्हें यहां तैनात हुए महज चार दिन हुए थे। वे बेटी के साथ वार्षिक उत्सव देखने गए थे। वे अपनी बेटी को बचा नहीं पाए, लेकिन अन्य बच्चों को बचाते हुए 40 प्रतिशत तक झुलस गए थे। उपचार के लिए उन्हें पीजीआइ चंडीगढ़ ले जाया गया था। राव बेटी को भूले नहीं। 23 दिसंबर को समाजसेवा करते है।
रिटायर्ड आइपीएस अधिकारी है अनिल राव, वर्तमान में एडवाइजर टू सीएम हैं
हिसार में एसपी थे तो सड़कों पर सर्द रात बिताने वालों को कंबल बांटा करते थे। लोग उनसे अक्सर पूछते थे कि इसकी क्या वजह है। वे कुछ नहीं बताते थे, उनकी आंखों में आंसू होते थे। अब सुरभि के नाम पर एक संस्था बन चुकी है। जो हिसार में लोगों का सहारा है। पिछले करीब एक दशक से सेवारत है। सुरभि फाउंडेशन नामक यह संस्था 26 दिसंबर को डबवाली अग्निकांड पर डाक टिकट जारी करने वाली है।
10 साल से कार्यरत सुरभि फाउंडेशन
हिसार के फोटो पत्रकार सुरेंद्र कुमार सुरभि फाउंडेशन संभालते हैं। करीब 40 सदस्य हैं। सुरेंद्र का कहना है कि उन्होंने एक बार अनिल राव को जरूरतमंदों को कंबल बांटते देखा। दिन 23 दिसंबर था, उन दिनों वह हिसार में एसपी थे। बहुत पूछा, उन्होंने मुंह नहीं खोला। सुरेंद्र पीछे-पीछे, वे आगे-आगे। उनकी आंखों में आंसू नजर आए तो सोचा कि भावनाएं जुड़ी हुई है। सुरेंद्र कुमार ने इंटरनेट मीडिया तथा गूगल पर सर्च किया। डबवाली अग्निकांड की कहानी सामने आई तो अनिल राव की बेटी सुरभि का नाम सामने आया। सुरेंद्र का दिल विचलित हो गया। उन्होंने संस्था बनाई नाम रखा सुरभि।
सुरभि की याद में लगेगा कैंप
हिसार निवासी सुरेंद्र कुमार का कहना है कि वह हिसार के पटेल नगर स्थित सामुदायिक केंद्र में पिछले पांच साल से रक्तदान शिविर आयोजित कर रहे हैं। सुरभि की याद में लगने वाले इस रक्तदान शिविर में 100 लोग रक्तदान करने पहुंचते हैं। इस बार 26 दिसंबर को रक्तदान कैंप है। डबवाली अग्निकांड के संदर्भ में डाक टिकट जारी करेंगे। कार्यक्रम में हरियाणा विधानसभा अध्यक्ष रणवीर गंगवा तथा अनिल राव शामिल होंगे।
जरूरतमंदों की सेवा कर रही सुरभि फाउंडेशन
सुरेंद्र कुमार बताते है कि कोरोना काल के समय यहां जरूरतमंदों को राशन की दिक्कत थी, वहां संस्था ने राशन पहुंचाया। कई ऐसे जरूतरमंद सामने आए, यहां उनको इलाज के लिए परेशानी हुई, तो उनको दवा दिलाई गई। संस्था संस्थापक के अनुसार वे किसी से डोनेशन नहीं मांगते। 40 सदस्य खुद जेब से पैसा इकट्ठा करके सुरभि के नाम पर जरूरतमंदों की मदद करते है।