विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jul 13, 2018 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

आस्था का एक एेसा केंद्र, जहां चढ़ता है गुड़ और शराब का प्रसाद

By Kamlesh BhattEdited By:
Published: Fri, 13 Jul 2018 03:06 PM (IST)Updated: Sat, 14 Jul 2018 09:07 PM (IST)

गांव बौंद कलां में स्थित सिद्ध बाबा चांदूदास मंदिर में दूर-दूर से श्रद्धालु पहुंचते हैं। मंदिर की विशेषता यह है कि यहां पर प्रसाद में केवल शराब व गुड़ चढ़ाया जाता है।

आस्था का एक एेसा केंद्र, जहां चढ़ता है गुड़ और शराब का प्रसाद
आस्था का एक एेसा केंद्र, जहां चढ़ता है गुड़ और शराब का प्रसाद

हिसार [गौरव तंवर]। प्रसिद्ध सिद्ध बाबा चांदूदास का मंदिर चरखीदादरी के गांव बौंद कलां में स्थित है। दूर-दूर से यहां लोग मन्नत मांगने आते हैं। मान्यता के अनुसार बाबा सबकी विनती सुनते हैं। मंदिर की विशेषता यह है कि यहां पर प्रसाद में केवल शराब व गुड़ चढ़ाया जाता है।

ग्रामीणों के मुताबिक आज से लगभग 193 वर्ष पूर्व गांव बौंद कलां में ठाकुर हर देवा सिंह के घर बाबा चांदूदास का जन्म हुआ था। उनका बचपन का नाम चंद्र सिंह था। उनके छोटे भाई का नाम शहजाद सिंह था। चंद्र सिंह बचपन से ही भक्त थे। अठारह वर्ष की उम्र में वे फौज में भर्ती हो गए थे। उनकी ड्यूटी फौज में राशन कोटा बांटने वालों में थी। वे अपने धर्म व भजन में लीन रहते थे।

चंद्र सिंह के साथी उनकी भक्ति भावना से नाराज थे। वे अक्सर सीईओ से शिकायत करते थे कि चंद्र सिंह ड्यूटी पर भगवान के नाम में मस्त रहते हैं। अपने कर्तव्य का पालन सही से नहीं करते। जवान राशन के बिना परेशान रहते है। एक दिन चंद्र सिंह सेना के क्षेत्र से बाहर जाकर जादूगर का खेल देख रहे थे उसी समय जवानों ने सीईओ से शिकायत कर दी कि आज आप चलकर मौके पर ही चंद्र सिंह को रंगे हाथों पकड़ लीजिए। वह प्लाटून के बाहर जादूगर का खेल देख रहा है, जबकि जवान राशन के बिना परेशान हैं। इतना सुनते ही सीईओ वहां पहुंचे जहां पर चंद्र सिंह खेल देख रहे थे। वहां कुछ कहने के बजाय सीईओ वापस आए व चंद्र सिंह के क्वार्टर पर छापा मारा।

जब छापा मारा गया तो चंद्र सिंह जवानों को राशन बांट रहे थे। वह करिश्मा देख सीईओ पुन: वहां पहुंचे जहां चंद्र सिंह जादू का खेल देख रहे थे। यह देखकर हैरान रह गए कि चंद्र सिंह तो यहां खेल देख रहा है। वह वापस क्वार्टर आए तो उन्होंने फिर देखा कि चंद्र सिंह राशन बांट रहा है। यह चमत्कार सीईओ गाड़ी से उतरकर चंद्र सिंह के पास पहुंचे और उनके पैर पकड़ लिए और कहा कि चांदूदास तू ही तू-तू ही तू। और उसी दिन से चंद्र सिंह का नाम चांदूदास पड़ गया।

सीईओ ने चांदूदास से कहा कि आप तो अवतार हैं जिन्होंने अपने रूपों को अनेक भागों में बांट रखा है। चांदूदास उसी दिन फौज से त्यागपत्र देकर घर आ गए। कुछ दिनों तक गांव से बाहर रहने के बाद चांदूदास वापस बौंद आ गए। एक बार चांदूदास भिवानी पहुंचे तो उन्होंने देखा कि कुछ लाला लोग अर्थी लेकर जा रहे थे। चांदूदास ने अर्थी के साथ चल रहे व्यक्तियों से पूछा कि इसमें क्या ले जा रहे हो। यह बात दो बार सुनकर एक बूढ़ा व्यक्ति कहने लगा कि बाबा यह मजाक का समय नहीं है। लाला जी के घर यह इकलौती संतान थी जिसका स्वर्गवास हो गया है।

इसी बीच, अर्थी जमीन पर गिरते ही लाला के लड़के ने आवाज दी कि अरे मैं मर गया। बाबा जी ने उसको लात मारी और कहा मरता तो तू सौ साल तक भी नहीं। लोग लड़के को घर ले गए। उस दिन से पूरे क्षेत्र में ही उनकी जय जयकार के नारे लगने लगे।

कारगिल युद्ध के दौरान क्षेत्र के जवानों को खरोंच तक नहीं आई

बौंद निवासी एचसीएस अधिकारी एवं वर्तमान में रोडवेज के यातायात प्रबंधक कंवर भरतपाल, जयंत कुमार, सतेंद्र कुमार, कंवरपाल उर्फ लाला ने बताया कि कारगिल में घुसपैठियों को लेकर भारत-पाक के बीच हुए संघर्ष के दौरान भी बाबा चांदूदास की महिमा उस समय देखने को मिली जब वहां पर युद्ध लड़ रहे आसपास के गांवों के सैनिकों ने बताया कि उन्हें वहां बाबा के साक्षात दर्शन होते थे।

बाबा सीमा पर हमारी हौसलाअफजाई करते थे कि तुम्हारा कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता। ये बाबा की ही महिमा रही कि आसपास के क्षेत्रों का कोई सैनिक कारगिल में शहीद नहीं हुआ। किसी को खरोंच तक नहीं आई थीं। क्षेत्र में शायद ही कोई घर हो, जिसका कोई लाल सेना में न हो। कारगिल युद्ध के बाद सैनिक घर लौटे थे तो बाजे-गाजे के साथ यहां प्रसाद चढ़ाईं थी।

कैसे पहुंचे

बौंद कलां चरखी दादरी-रोहतक मुख्य मार्ग पर स्थित है। इसकी दूरी चरखी दादरी से 22 किलोमीटर, रोहतक से 30 किलोमीटर और भिवानी से 26 किलोमीटर है। यह बौंद कलां बस स्टैंड से एक किलोमीटर दूर है। मंदिर तक बेहतरीन सड़क मार्ग बना हुआ है और आसानी से पहुंचा जा सकता है।

यह भी पढ़ेंः 27 जुलाई को सदी का सबसे लंबा चंद्रग्रहण, जानें किस राशि को क्‍या होगा असर

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।