विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

CCTV कैमरों की दिशा बदलने से खुली पोल, पूर्व सैनिक जेठ निकला महिला की हत्या का मास्टरमाइंड

Published: Mon, 19 Oct 2026 07:13 PM (IST)

दौला गांव में 35 वर्षीय महिला नीतू की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है, जिसमें जमीन विवाद के ...और पढ़ें

सोहना में महिला हत्या का खुलासा (File Photo)

सोहना में महिला हत्या का खुलासा (File Photo)

संवाद सहयोगी, सोहना। दौला गांव में 35 वर्षीय महिला नीतू की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। जांच में सामने आया है कि हत्या जमीन विवाद में रंजिश के चलते हुई और इसका मुख्य साजिशकर्ता कोई और नहीं बल्कि महिला का चचेरा जेठ ही निकला।

शुक्रवार को हुए इस हत्याकांड का पर्दाफाश सीसीटीवी फुटेज की बारीकी से जांच के बाद हुआ। पुलिस ने मुख्य आरोपित संदीप को घर से रविवार रात पकड़ा। कड़ी पूछताछ में उसने अपराध स्वीकार किया। सोमवार शाम उसे अदालत में पेश किया गया।

पुलिस आरोपित को रिमांड पर लेकर फरार दोनों आरोपितों सहित अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी करेगी। साथ ही और सुबूत जुटाए जाएंगे। सोहना एसीपी मुकेश कुमार ने मुख्य आरोपित की गिरफ्तारी की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया जांच से ही संदीप पर शक हो गया था, क्योंकि घटना वाले दिन उसने अपने घर पर लगे सीसीटीवी कैमरे दूसरी तरफ मोड़ दिए थे। यही पुलिस के शक की मुख्य कड़ी बनी।

जैकेट बदलकर छिपाई पहचान

जांच में पता चला कि संदीप महिला के पति प्रशांत के ताऊ का बेटा है। जो पहले सेना में कार्यरत था। उसी ने पूरी साजिश रची। रुड़की के रहने वाले बदमाश अविनाश व अनुज को हत्या की सुपारी दी थी। संदीप ही दोनों को महिला के घर तक लेकर आया।

सीसीटीवी फुटेज में बाइक पर जैकेट पहने हुए खुद संदीप ही था। उसने हत्यारोपितों को भगाने और पहचान छुपाने के लिए उनकी जैकेट बदलकर खुद पहन ली थी।

छह कनाल जमीन को लेकर था विवाद

पुलिस के अनुसार प्रशांत के पास छह कनाल जमीन है। संदीप उसे बिकवाना चाहता था। संदीप ने प्रशांत की जमीन का किसी के साथ एग्रीमेंट भी कर दिया था, लेकिन नीतू ने एग्रीमेंट के 20 लाख रुपये वापस करा दिए। इसी बात को लेकर संदीप रंजिश रखने लगा था।

कई महीनों पहले नीतू के साथ संदीप व उसके स्वजन ने मारपीट की थी। हत्या की साजिश रचने और आरोपित से संपर्क बनाने के लिए संदीप ने 10 अक्टूबर को नई सिम भी खरीदी थी।पल-पल की खबर संदीप ही दे रहा था। आरोपित अपने साथ काले बैग में टेप लेकर आए थे।

सुबह आठ बजे मजार पर पहुंचे थे हत्यारोपित

पूछताछ में पता चला कि घटना वाले दिन सुबह आठ बजे दोनों हत्यारोपित पीर बाबा की मजार पर पहुंचे। संदीप दोनों को घर तक बाइक से लेकर आया था। दोनों को घर के पास छोड़कर वह चला गया और फिर दोबारा अपने बेटे को स्कूल से लेकर पहुंचा, तब तक आरोपितों ने महिला की हत्या कर दी थी।

हत्या के बाद दोनों आरोपितों को गांव से बाहर पीर बाबा की मजार तक संदीप ही छोड़ने गया था। घटना के बाद भी आरोपित परिवार के लोगों के साथ रहा, ताकि लोगों का उस पर शक न हो।

यह भी पढ़ें- सोहना हत्याकांड: मां नीतू राघव के शव से लिपटकर बिलखते रहे बच्चे, पुलिस जांच जारी

यह भी पढ़ें- अब सोहना में डाला जाएगा गुरुग्राम का कूड़ा, 41 करोड़ से लगेगा नया प्लांट; 20 एकड़ जमीन पर होगा डिस्पोजल