अब सोहना में डाला जाएगा गुरुग्राम का कूड़ा, 41 करोड़ से लगेगा नया प्लांट; 20 एकड़ जमीन पर होगा डिस्पोजल
गुरुग्राम का कूड़ा अब सोहना में 20 एकड़ जमीन पर निस्तारित होगा, जिस पर 41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। यह ...और पढ़ें

बंधवाड़ी का बोझ कर सोहना में डाला जाएगा कूड़ा। फोटो: आर्काइव
HighLights
गुरुग्राम का कूड़ा अब सोहना की 20 एकड़ जमीन पर निस्तारित
41 करोड़ की लागत, मुख्यमंत्री की हाई पावर कमेटी देगी मंजूरी
बंधवाड़ी लैंडफिल का दबाव घटेगा, फरवरी 2027 तक निपटान लक्ष्य
संदीप रतन, गुरुग्राम। डेढ़ दशक से ज्यादा पुरानी बंधवाड़ी लैंडफिल पर लगातार बढ़ते कूड़े के पहाड़ को खत्म करने के लिए अब गुरुग्राम का कूड़ा सोहना क्षेत्र में भेजा जाएगा।
खास बात यह है कि 1500 मीट्रिक टन कूड़ा प्रतिदिन पहुंचेगा और उसी दिन इसका निस्तारण भी कर दिया जाएगा, इससे बंधवाड़ी लैंडफिल जैसी स्थिति सोहना में नहीं बनेगी।
सोहना में गुरुग्राम का कूड़ा डालने के लिए जो जगह चिह्नित की गई है, उस पर पहले से सोहना का 30 मीट्रिक टन कूड़ा प्रतिदिन भेजा जा रहा है।
कूड़े के निस्तारण पर खर्च होंगे 41 करोड़
अब यहां पर कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था गुरुग्राम नगर निगम संभालेगा। कूड़ा एकत्र करने के स्थान की चारदीवारी और बेस आदि तैयार करने पर 41 करोड़ रुपये खर्च होंगे। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद प्रस्ताव को मंजूरी के लिए भेजा गया है।
मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में होने वाली हाई पावर वर्क्स कमेटी की बैठक में मंजूरी मिलने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। योजना लागू होने से डेढ़ दशक से अधिक पुरानी बंधवाड़ी लैंडफिल को खत्म करने में मदद मिलेगी।
बता दें कि सोहना में करीब 20 एकड़ जमीन पर गुरुग्राम से निकलने वाले कूड़े का निस्तारण किया जाएगा। नगर निगम के संयुक्त आयुक्त डा. प्रीतपाल सिंह ने बताया कि ताजा कूड़े के निस्तारण के लिए योजना तैयार की गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी कर ली गई है और अब मंजूरी की प्रक्रिया बाकी है। स्वीकृति मिलने के बाद निर्धारित जमीन पर कूड़े के निस्तारण की व्यवस्था विकसित की जाएगी।
- 20 एकड़: सोहना में निस्तारण के लिए प्रस्तावित जमीन
- 41 करोड़ रुपये: योजना की अनुमानित लागत
- 1500 मीट्रिक टन: गुरुग्राम से प्रतिदिन भेजने की तैयारी
- 15.92 लाख मीट्रिक टन: बंधवाड़ी में पांच अक्टूबर तक जमा पुराना कूड़ा
- 5.80 लाख मीट्रिक टन: दोनों एजेंसियों द्वारा अब तक निस्तारित कूड़ा
- फरवरी 2027: पुराने कूड़े के निस्तारण का लक्ष्य
बंधवाड़ी में 15.92 लाख मीट्रिक टन पुराना कूड़ा
नगर निगम की रिपोर्ट के अनुसार, पांच अक्टूबर तक बंधवाड़ी लैंडफिल पर 15.92 लाख मीट्रिक टन पुराना कूड़ा जमा था। इसके निस्तारण के लिए दो एजेंसियां काम कर रही हैं। दोनों एजेंसियां अब तक लगभग 5.80 लाख मीट्रिक टन कूड़े का निस्तारण कर चुकी हैं।
संयुक्त रूप से प्रतिदिन करीब छह हजार टन कूड़े का निस्तारण किया जा रहा है। इसके बावजूद लगातार पहुंच रहे ताजा कूड़े के कारण लैंडफिल पर दबाव बना हुआ है। नगर निगम का लक्ष्य फरवरी 2027 तक पुराने कूड़े के निस्तारण का काम पूरा करना है।
एनजीटी में पांच नवंबर को सुनवाई
बंधवाड़ी लैंडफिल में जमा कूड़े और उसके निस्तारण में देरी को लेकर राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) कई बार नगर निगम को फटकार लगा चुका है। मामले में अगली सुनवाई पांच नवंबर को होनी है।
ऐसे में सोहना में ताजा कूड़े के निस्तारण की प्रस्तावित व्यवस्था और बंधवाड़ी में पुराने कूड़े को खत्म करने की समयसीमा पर नजर रहेगी।
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने काट दिए 100 करोड़ से ज्यादा के चलान, पर वसूल नहीं पा रहे; लोग भर ही नहीं रहे
यह भी पढ़ें- राजस्थान से यूपी तक 35 लाख के 242 चलान, 3 साल पुलिस को चकमा देता रहा डंपर ड्राइवर; गुरुग्राम में खुला चिट्ठा
