विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने काट दिए 100 करोड़ से ज्यादा के चलान, पर वसूल नहीं पा रहे; लोग भर ही नहीं रहे

Published: Tue, 13 Oct 2026 10:26 PM (IST)

गुरुग्राम में यातायात उल्लंघन पर काटे गए 100 करोड़ रुपये से अधिक के चालान की राशि लंबित है, जिससे यातायात नियमों के प्रति लोगों की लापरवाही उजागर होती है।

गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने काट दिए सौ करोड़ के चलान। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम में ट्रैफिक पुलिस ने काट दिए सौ करोड़ के चलान। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. गुरुग्राम में 100 करोड़ रुपये से अधिक के चालान लंबित

  2. इस साल सिर्फ 28.73 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया

  3. चालान न भरने पर 10 हजार से अधिक वाहन जब्त

विनय त्रिवेदी, गुरुग्राम। यातायात उलंघन पर यातायात पुलिस लगातार वाहन चालकों के चालान कर रही है, लेकिन जुर्माना राशि वसूल नहीं कर पा रही। इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि शहर में 100 करोड़ रुपये से ज्यादा की चालान राशि पेंडिंग हैं।

जबकि इस साल अब तक सिर्फ 28 करोड़ 73 लाख रुपये ही जुर्माना वसूल किया जा सका। यह स्थिति यातायात नियमों के प्रति लोगों की लापरवाही और जागरूकता के अभाव को दिखाती है।

ट्रैफिक पुलिस के आंकड़ों के मुताबिक इस साल अब तक 14 लाख 71 हजार से ज्यादा चालान किए गए हैं। इनमें 3 लाख 80 हजार चालान जवानों ने सड़क पर मैनुअल तरीके से किए, जबकि 10 लाख 90 हजार चालान कैमरों और ऐप के जरिए कंट्रोल रूम से किए गए।

सिर्फ अक्टूबर के दूसरे सप्ताह में ही 37 हजार वाहनों के चालान काटकर 4 करोड़ 10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया। ट्रैफिक पुलिस सूत्रों के अनुसार इस साल काटे गए चालानों की कुल जुर्माना राशि 125 से 150 करोड़ रुपये तक है।

ट्रैफिक पुलिस के अनुसार तीन महीने से ज्यादा समय तक चालान न भरने पर वाहन जब्त किया जा रहा है। अब तक 10 हजार से ज्यादा वाहन जब्त किए जा चुके हैं। इसके बावजूद लोग चालान भरने नहीं आ रहे।

कई मामलों में तो वाहन की कीमत से ज्यादा उस पर जुर्माना हो चुका है। कई मोटरसाइकिलों पर 11-11 लाख रुपये तक के चालान पेंडिंग मिले। जब पुलिस ने उन्हें पकड़ा तो बाइक जब्त की गई। राशि बाइक की कीमत से कई गुना ज्यादा होने के कारण उन्होंने वाहन छुड़ाया ही नहीं।

हर साल 450 से ज्यादा मौतें

शहर में लगे कैमरों से कंट्रोल रूम से लगातार चालान हो रहे हैं। वाहन चालक बार-बार नियम तोड़ते हैं और चालान जुड़ते जाते हैं। चालक को मैसेज जाता है, लेकिन वह उसे गंभीरता से नहीं लेते।

ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि जब तक लोग जुर्माना नहीं भरेंगे, तब तक उनमें नियमों के प्रति डर और जागरूकता नहीं आएगी। यही वजह है कि हर साल गुरुग्राम में साढ़े 450 से ज्यादा मौतें सड़क हादसों में हो रही हैं।

सरकार ठोस नियम बनाए

बीते दिनों सुप्रीम कोर्ट ने भी इस पर चिंता जताते हुए चालान राशि को बिजली बिल से जोड़ने की सलाह दी थी, हालांकि अभी इस पर आदेश नहीं आया है। ट्रैफिक पुलिस भी चाहती है कि सरकार इस दिशा में ठोस कदम उठाए ताकि लोगों को चालान भरना पड़े और वे नियमों का पालन करें।

वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए पुलिस गंभीर है। लगातार अभियान चलाकर चालान किए जा रहे हैं और लोगों को जागरूक भी किया जा रहा है कि समय पर जुर्माना भरें और यातायात नियमों का पालन करें। जो भी आदेश सरकार स्तर से आएंगे, उसके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
- सत्यपाल यादव, एसीपी ट्रैफिक हाईवे व हेडक्वाॅर्टर

यह भी पढ़ें- राजस्थान से यूपी तक 35 लाख के 242 चलान, 3 साल पुलिस को चकमा देता रहा डंपर ड्राइवर; गुरुग्राम में खुला चिट्ठा