सोहना हत्याकांड: मां नीतू राघव के शव से लिपटकर बिलखते रहे बच्चे, पुलिस जांच जारी
एक वारदात ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी से मां का साया छीन लिया। शुक्रवार को गांव दौला में 35 ...और पढ़ें
-1792397555060_m.webp)
मां नीतू राघव के शव से लिपटकर बिलखते रहे बच्चे ( एआई जेनरेटेड इमेज )
HighLights
सोहना में नीतू राघव की हत्या, बच्चों का मार्मिक विलाप।
ग्रामीणों के विरोध के बाद पुलिस ने गिरफ्तारी का आश्वासन दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगालकर दो संदिग्ध बाइक सवारों की तलाश जारी।
विनय त्रिवेदी, सोहना। एक वारदात ने तीन मासूम बच्चों की जिंदगी से मां का साया छीन लिया। शुक्रवार को गांव दौला में 35 वर्षीय नीतू राघव की हत्या के बाद परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
जब पोस्टमार्टम के बाद मां का शव घर पहुंचा तो मां को सामने देखकर तीनों बच्चे बिलख पड़े। दोनों छोटी बेटियां रोते हुए बार-बार कहती रहीं, ''मां उठ जा, कब उठोगी?'' बच्चों की यह पुकार सुनकर वहां मौजूद लोगों की आंखें भी नम हो गईं।
...जिंदगी में आ गया खालीपन
नीतू की हत्या ने पति प्रशांत राघव और तीनों बच्चों की जिंदगी बदल दी। जिस घर में परिवार साथ रहता था, वहां अब मातम पसरा है।
बच्चों के परवरिश की पूरी जिम्मेदारी पिता के कंधों पर आ गई है। मां की ममता से महरूम हुए इन बच्चों को शायद अभी यह भी एहसास नहीं कि उनकी जिंदगी में कितना बड़ा खालीपन आ गया है।
तीसरे दिन हुआ अंतिम संस्कार
शुक्रवार को महिला की हत्या के बाद स्वजन और ग्रामीणों में आक्रोश था। गुस्साए लोगों ने शनिवार दोपहर सोहना-गुरुग्राम रोड जाम कर विरोध जताया और पोस्टमार्टम के बाद शव लेने से भी इनकार कर दिया।
स्वजन आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। पुलिस अधिकारियों की ओर से 24 घंटे के भीतर हत्यारों को पकड़ने का आश्वासन मिलने के बाद रविवार दोपहर गमगीन माहौल में नीतू का अंतिम संस्कार किया गया। पति प्रशांत ने पत्नी को मुखाग्नि दी।
संदिग्धों की तलाश में खंगाले सीसीटीवी
उधर, हत्याकांड की जांच में जुटी पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है। फुटेज में दो बाइक सवार संदिग्ध दिखाई दिए हैं। पुलिस शुक्रवार सुबह आठ बजे से दोपहर एक बजे तक गांव के रास्तों से गुजरने वाले बाइक सवारों की पहचान करने में जुटी है।
गांव से बाहर जाने वाले रास्तों पर भी निगरानी बढ़ाई गई है। पुलिस संदिग्धों की पहचान कर हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने का प्रयास कर रही है।
सोहना सदर थाना पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपितों को पकड़ लिया जाएगा।
यह भी पढ़ें- पटना में खाना बनाने के दौरान फटा गैस सिलिंडर, कई लोग घायल; एक की हालत नाजुक
