दीवाली से पहले मिठाई माफिया पर बड़ा एक्शन, सोहना में पकड़ा गया 11 क्विंटल खोवा; 600 KG दूषित माल जमीन में दबाया
दीवाली से पहले सोहना में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग ने दो गोदामों पर छापेमारी कर 1100 किलोग्राम खोवा बरामद किया।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड।
HighLights
सोहना में दीवाली से पहले 1100 किलोग्राम खोवा जब्त।
600 किलोग्राम दूषित खोवा और मिल्क केक नष्ट किया।
मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त कार्रवाई।
संवाद सहयोगी, सोहना। दीवाली से पहले बाजार में मिठाइयों की मांग बढ़ते ही मिलावटखोर भी सक्रिय हो गए हैं। सोहना में शुक्रवार को मुख्यमंत्री उड़नदस्ता और खाद्य सुरक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने दो गोदामों पर छापेमारी कर करीब 1100 किलोग्राम खोवा बरामद किया।
जांच के दौरान करीब 600 किलोग्राम खोवा और मिल्क केक दूषित एवं निम्न गुणवत्ता का पाए जाने पर जमीन में दबाकर नष्ट कर दिया गया। वहीं, अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
पहली कार्रवाई पलवल मार्ग स्थित हंस एन्क्लेव कालोनी में रामरती पत्नी बदलूराम के मिठाई गोदाम पर की गई। टीम के पहुंचते ही वहां काम कर रहे मजदूर काम छोड़कर भाग निकले। टीम ने गोदाम की जांच की तो करीब पौने तीन क्विंटल मिल्क केक और तीन क्विंटल खोवा मिला। दोनों खाद्य पदार्थों को बाजार में बिक्री के लिए तैयार किया जा रहा था।
आशंका है कि इन्हें दीवाली से पहले बाजार में उतारा जाना था। टीम ने मौके से सूखा पैकेट बंद दूध और सूजी के नमूने भी लिए। इन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा। गोदाम में मिले दूषित खोवा और मिल्क केक को मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।
दूसरे गोदाम में मिला 500 किलो खोवा
दूसरी छापेमारी कस्बे के वार्ड नंबर 15 स्थित हेम स्वीट्स के गोदाम में की गई। यहां टीम को करीब 500 किलोग्राम खोवा मिला। इसके भी नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दोनों स्थानों से बरामद खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की जा रही है।
खाद्य सुरक्षा विभाग के डॉ. मनोज कुमार ने बताया कि दूषित पाए गए खोवे और मिल्क केक को जमीन में दबाकर नष्ट कराया गया है। अन्य खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए भेजे गए हैं। उन्होंने कहा कि बाजार में नकली और मिलावटी मिठाइयों की बिक्री नहीं होने दी जाएगी।
संयुक्त टीम में मुख्यमंत्री उड़नदस्ता के उपनिरीक्षक नरेंद्र सिंह और खाद्य सुरक्षा विभाग के डा. मनोज कुमार सहित अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।