गुरुग्राम के DLF फेज-1 में पार्कों और ग्रीन बेल्ट से हटेंगे अवैध DG सेट, 7 दिन का अल्टीमेटम; क्या है विवाद?
डीएलएफ सिटी फेज-1, गुरुग्राम में पार्कों और ग्रीन बेल्ट से अनाधिकृत डीजल जनरेटर हटाने के लिए टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग ने 7 दिन का अल्टीमेटम दिया है।

सांकेतिक तस्वीर एआई जनरेटेड
HighLights
डीएलएफ फेज-1 में अनाधिकृत जनरेटर हटाने का आदेश।
टाउन प्लानिंग विभाग ने दिया सात दिन का अल्टीमेटम।
एनजीटी शिकायत के बाद हुई यह सख्त कार्रवाई।
गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। डीएलएफ सिटी फेज-एक के पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खुले स्थानों पर लगे अनधिकृत डीजल जनरेटर (डीजी) सेट हटाने होंगे। टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग के जिला नगर योजनाकार इंफोर्समेंट कार्यालय ने डीएलएफ लिमिटेड और डीएलएफ सिटी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन (आरडब्ल्यूए) को सात दिन का अल्टीमेटम दिया है।
विभाग ने सभी अनधिकृत डीजी सेट हटाने और प्रभावित जगहों को पहले की स्थिति में बहाल करने के निर्देश दिए हैं। हालांकि, इस सुविधा के खत्म होने से सैकड़ों परिवारों की परेशानी भी बढ़ जाएगी।
यह कार्रवाई डीएलएफ फेज-एक ए ब्लाक आरडब्ल्यूए की ओर से राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी), प्रधान पीठ, नई दिल्ली में दायर शिकायत के बाद की गई है। एसोसिएशन के अध्यक्ष आदित्य एंडले हैं। मामला मूल आवेदन संख्या 451/2026 के तहत डीएलएफ फेज-1 ए ब्लाक आरडब्ल्यूए बनाम हरियाणा राज्य एवं अन्य के नाम से दर्ज है।
निर्देशों का पालन नहीं हुआ तो होगी सख्त कार्रवाई
आदेश के साथ स्वीकृत लेआउट प्लान भी संलग्न किया गया है। तय समय में निर्देशों का पालन नहीं होने पर विभाग बिना अतिरिक्त नोटिस के नियमानुसार सख्त कार्रवाई करेगा। इसमें डीजी सेट हटाने और जब्त करने की कार्रवाई भी शामिल हो सकती है।
पार्कों और ग्रीन बेल्ट में लगे डीजी सेट लेआउट प्लान के उल्लंघन के साथ सुरक्षा की दृष्टि से भी चिंता का विषय हैं। इलाके में पीएनजी पाइपलाइन बिछाई जा रही है और इन्हीं स्थानों पर डीजी सेट की केबल भी हैं। ऐसे में हादसे की आशंका को नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। यह ग्रेप के नियमों का भी उलंघन हैं।
-आदित्य एंडले, ए-ब्लॉक आरडब्ल्यूए अध्यक्ष
विभिन्न ब्लाकों में आरडब्ल्यूए वर्षों से बिजली बैकअप दे रही हैं। कई घरों में बुजुर्ग, मरीज और पढ़ने वाले बच्चे हैं, जिन्हें निर्बाध बिजली की जरूरत है। उन्होंने विभाग से डीजी सेट हटाने के बजाय संबंधित आरडब्ल्यूए के साथ बैठक कर सुरक्षा मानकों के अनुरूप व्यावहारिक समाधान निकालने का अनुरोध किया।
-मनीष धवन, महासचिव, डीएलएफ सिटी आरडब्ल्यूए
शिकायत के बाद फील्ड अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया। इसमें सामने आया कि फेज-1 के विभिन्न ब्लाको के पार्कों, ग्रीन बेल्ट और खुले स्थानों पर कई डीजी सेट लगे हैं। ये स्थान स्वीकृत लेआउट प्लान में डीजी सेट लगाने के लिए निर्धारित नहीं हैं। विभाग ने इसे स्वीकृत लेआउट प्लान का उल्लंघन मानते हुए हरियाणा शहरी क्षेत्र विकास एवं विनियमन अधिनियम, 1975 की धारा 3बी के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
-अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग गुरुग्राम
यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में सुशांत लोक के बाद अब सेक्टर-31 में झुकी इमारत, पिलर धंसने से फर्श में दरारें; 4 परिवार होंगे बेघर
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।