विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में सुशांत लोक के बाद अब सेक्टर-31 में झुकी इमारत, पिलर धंसने से फर्श में दरारें; 4 परिवार होंगे बेघर

By Gaurav SinglaEdited By: Pooja Tripathi
Published: Fri, 23 Oct 2026 03:01 PM (IST)Updated: Fri, 23 Oct 2026 03:06 PM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-31, हुडा के मकान नंबर 769 में इमारत झुकने और उसमें बड़ी दरारें आने का नया मामला सामने आया है।

तस्वीरें- संजय गुलाटी

तस्वीरें- संजय गुलाटी

HighLights

  1. सेक्टर-31, हुडा के मकान नंबर 769 में इमारत झुकी।

  2. पड़ोसी प्लॉट पर निर्माण कार्य से नींव कमजोर हुई।

  3. चार परिवारों को घर खाली करना पड़ा, सुरक्षा चिंता बढ़ी।

गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। सुशांत लोक-1 के सी ब्लाक में मकान झुकने का मामला अभी सामने ही आया था कि अब सेक्टर-31 हुडा के मकान नंबर 769 में इमारत झुकने का नया मामला सामने आया है। यहां स्थिति और भी गंभीर बताई जा रही है।

मकान में बड़ी-बड़ी दरारें आ गई हैं और इमारत बराबर के प्लॉट की तरफ करीब दो से ढाई इंच तक झुक गई है। फिलहाल मकान में रहने वाले चार परिवारों को खाली कराया जा रहा है।

WhatsApp Image 2026-10-23 at 14.23.31

तस्वीर- संजय गुलाटी

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, 770 प्लॉट में चल रहा निर्माण कार्य बताया जा रहा है। आरोप है कि इस प्लॉट की नींव की मिट्टी आगे से पीछे तक एक साथ पूरी तरह खोद दी गई। इससे साथ लगती इमारत को जरूरी सहारा नहीं मिल पाया और मकान झुक गया। हालांकि, मामले में कारणों की आधिकारिक तकनीकी पुष्टि होना बाकी है।

WhatsApp Image 2026-10-23 at 14.14.32

तस्वीर- संजय गुलाटी

पिलर और फर्श तक धंसे, हर मंजिल पर दरारें

मकान नंबर 769 की स्थिति चिंताजनक है। इमारत के पिलर बैठने के साथ फर्श भी धंसने की जानकारी सामने आई है। मकान की हर मंजिल पर बड़ी-बड़ी दरारें दिखाई दे रही हैं। नींव के बराबर वाले हिस्से से लेकर कमरों के अंदर आगे और पीछे तक दरारें देखी जा रही हैं। इमारत को फिलहाल दो क्रेनों के सहारे रोकने की व्यवस्था की गई है।

WhatsApp Image 2026-10-23 at 14.14.33 (1)

तस्वीर- संजय गुलाटी

सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के मकान भी होंगे खाली

मकान में रहने वाले चार परिवारों को बाहर निकाला जा रहा है। इसके अलावा मकान नंबर 771 और मकान नंबर 769 के पीछे बने दो अन्य मकानों को भी सुरक्षा के मद्देनजर खाली कराया जाएगा। इमारत में पिलर और फर्श धंसने तथा कई मंजिलों पर दरारें आने से आसपास रहने वाले लोगों की चिंता बढ़ गई है। अब इमारत की सुरक्षा और उसकी मौजूदा स्थिति का तकनीकी आकलन महत्वपूर्ण होगा।

चारों फ्लोर मालिक परेशान और घर छोड़ने को हुए मजबूर

मकान नंबर 769 में रहने वाले चारों मकान मालिक इस स्थिति को लेकर बेहद परेशान नजर आए। इस इमारत में स्टिल्ट पार्किंग के अलावा पहली, दूसरी, तीसरी और चौथी मंजिल बनी हुई है।

यहां रहने वाले मकान मालिक मनोज भसीन, प्रवीण अत्रे, जे गोपालकृष्णन और अमित वशिष्ठ का कहना है कि उनकी इमारत की हालत बेहद खराब हो चुकी है और अब चारों परिवारों को अपना घर खाली करना पड़ रहा है।

उनका कहना है कि बराबर के प्लॉट के मालिक की तरफ से अभी तक कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है कि झुकी हुई इमारत को सुरक्षित रखने और दोबारा स्थिर करने के लिए क्या कदम उठाए जाएंगे।

इमारत को किस तरह सुरक्षित किया जाएगा, उसे दुरुस्त किया जाएगा या भविष्य में दोबारा निर्माण कराकर मकान तैयार करके दिया जाएगा, इसे लेकर भी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में चारों परिवारों के सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है और उन्हें अपने घरों के भविष्य की चिंता सता रही है।