विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दीवाली से पहले पटौदी के बाजारों में छाई रौनक, खरीदारी के बीच जाम और अतिक्रमण ने बढ़ाई मुसीबत

Published: Thu, 05 Nov 2026 04:58 PM (IST)

दीवाली के नजदीक आते ही पटौदी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है, जहां लोग घरों को सजाने और त्योहार ...और पढ़ें

दीवाली की चमक से जगमगाए पटौदी के बाजार। जागरण

दीवाली की चमक से जगमगाए पटौदी के बाजार। जागरण

HighLights

  1. पटौदी के बाजारों में दीवाली की रौनक और खरीदारी बढ़ी।

  2. रंग-बिरंगी लाइटों, सजावटी सामान और मिठाइयों की दुकानें सजीं।

  3. अतिक्रमण से सड़कें संकरी, खरीदारी के कारण जाम की समस्या।

संवाद सहयोगी, पटौदी (गुरुग्राम)। दीवाली का त्योहार नजदीक आते ही पटौदी के बाजारों में रौनक बढ़ गई है। बाजार रंग-बिरंगी रोशनी और आकर्षक सजावट से जगमगा उठे हैं। घरों को सजाने और त्योहार की तैयारियों के लिए खरीदारी करने वालों की भीड़ सुबह से देर शाम तक बाजारों में उमड़ रही है। ग्राहकों की बढ़ती आवाजाही से दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे हैं।

बाजारों में त्योहार का उत्साह और खरीदारी की चहल-पहल साफ दिखाई दे रही है। बाजारों में बिजली की झालरों, रंग-बिरंगी लाइटों, देवी-देवताओं की तस्वीरों, सजावटी सामान और उपहारों की दुकानों पर सबसे अधिक भीड़ दिखाई दे रही है।

लोग घरों को सजाने के लिए अपनी पसंद के अनुसार सामान खरीद रहे हैं। मिट्टी के दीपक, मोमबत्तियां, रंगोली और पूजन सामग्री की दुकानों पर भी ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है। मिठाई की दुकानों पर भी त्योहार को लेकर विशेष तैयारियां की जा रही हैं। दुकानदारों ने अलग-अलग तरह की मिठाइयों के साथ आकर्षक उपहार पैकिंग की व्यवस्था की है।

धनतेरस के लिए सजी बर्तनों की दुकानें

दीवाली के साथ धनतेरस को लेकर भी बाजारों में तैयारियां तेज हो गई हैं। बर्तनों की दुकानों पर पीतल, तांबे और स्टील के बर्तनों के साथ रसोई में इस्तेमाल होने वाले अन्य सामान की नई रेंज उपलब्ध है।

मान्यता के अनुसार, धनतेरस पर नई वस्तुओं की खरीदारी शुभ मानी जाती है। इसी कारण दुकानदारों को इस बार अच्छी बिक्री की उम्मीद है। आने वाले दिनों में बाजारों में ग्राहकों की संख्या और बढ़ने की संभावना है।

अतिक्रमण से संकरी हुई सड़कें

त्योहार की रौनक के बीच बाजारों में अव्यवस्थाएं भी परेशानी का कारण बनने लगी हैं। कई दुकानदारों ने दुकानों के बाहर सड़क तक सामान सजा दिया है। वहीं, कुछ जगहों पर टेंट लगाकर अस्थायी दुकानें भी बनाई गई हैं। इससे बाजार की सड़कें संकरी हो गई हैं।

खरीदारी के लिए आने वाले लोगों और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण कई स्थानों पर जाम की स्थिति बनने लगी है। त्योहार के दौरान बाजारों में भीड़ और बढ़ने की संभावना है। ऐसे में अतिक्रमण हटाने और यातायात व्यवस्था सुचारु रखने की जरूरत है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।