विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम से दिल्ली को जोड़ेगी राघोपुर रोड, बिना टोल के होगी आवाजाही; सेक्टर-99 से 115 तक मिलेगा फायदा

Published: Sat, 26 Sep 2026 12:06 PM (IST)

दिल्ली के राघोपुर गांव में दो किलोमीटर सड़क बनने से गुरुग्राम के हजारों लोगों को द्वारका एक्सप्रेसवे के टोल से ...और पढ़ें

रघोपुरा रोड बनने से 50 सोसायटियों को होगा फायदा। फोटो: आर्काइव

रघोपुरा रोड बनने से 50 सोसायटियों को होगा फायदा। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. दो किमी राघोपुर रोड से हजारों लोगों को टोल से राहत

  2. सेक्टर-108-109 को सेक्टर-112-113 से जोड़ेगी नई सड़क

  3. 50 सोसायटियों और 12 गांवों को मिलेगा सीधा फायदा

आदित्य राज, गुरुग्राम। दिल्ली के गांव राघोपुर में करीब दो किलोमीटर सड़क बनने से गुरुग्राम के सेक्टर-99 से 115 तक रहने वाले हजारों लोगों को बड़ी राहत मिलने जा रही है। यह सड़क सेक्टर-108-109 डिवाइडिंग रोड को सेक्टर-112-113 से जोड़ेगी।

अभी आसपास के क्षेत्रों में आने-जाने के लिए लोगों को द्वारका एक्सप्रेसवे का सहारा लेना पड़ता है। इसके लिए उन्हें एक्सप्रेसवे पर टोल भी देना पड़ता है। राघोपुर रोड बनने के बाद लोगों को छोटी दूरी के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे पर जाने और टोल देने की मजबूरी से राहत मिलेगी।

सड़क निर्माण से पहले जल निकासी की जांच

सड़क निर्माण के लिए दिल्ली सरकार की सहमति मिल चुकी है। सहमति के बाद दिल्ली सरकार के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को मौके का निरीक्षण भी किया।

निरीक्षण के दौरान सड़क की मौजूदा स्थिति, ढलान, वर्षा के पानी के प्राकृतिक बहाव और सतही जल निकासी के संभावित रास्तों की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान दिल्ली सरकार के सिंचाई विभाग के अधिकारियों ने गुरुग्राम के प्रभावित इलाके के लोगों के साथ ही राघोपुर गांव के लोगों से भी जल निकासी को लेकर सुझाव लिए।

मौके पर सबसे अहम मुद्दा यह है कि दिल्ली की तरफ से आने वाले वर्षा के पानी की निकासी किस दिशा में की जाए। इसे हरियाणा की जल निकासी व्यवस्था से जोड़ा जाए या दिल्ली की तरफ मौजूद नाले अथवा बांध की ओर निकासी की जाए।

अधिकारियों ने मौके पर पानी के संभावित बहाव को देखते हुए दोनों विकल्पों की स्थिति समझी। निरीक्षण के आधार पर जल निकासी का रास्ता तय होने के बाद सड़क निर्माण की प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जाएगा।

50 सोसायटियों और 12 गांवों को मिलेगा फायदा

द्वारका एक्सप्रेसवे गुरुग्राम डेवलपमेंट एसोसिएशन के उप-संयोजक सुनील सरीन का कहना है कि राघोपुर रोड बनने से करीब 50 सोसायटियों के अलावा दौलताबाद, खेड़की माजरा, जहाजगढ़, धनकोट और धर्मपुर समेत करीब 12 गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।

सड़क बनने से सेक्टर-99 से 115 के बीच रहने वाले लोगों के लिए आसपास के क्षेत्रों में आवागमन का वैकल्पिक मार्ग तैयार हो जाएगा। फिलहाल लोगों को एक क्षेत्र से दूसरे क्षेत्र में जाने के लिए द्वारका एक्सप्रेसवे का इस्तेमाल करना पड़ता है।

दूरी भले कम हो, लेकिन एक्सप्रेसवे पर पहुंचने के बाद टोल देना पड़ता है। ऐसे में राघोपुर रोड केवल एक नई सड़क नहीं होगी, बल्कि आसपास की बड़ी आबादी के लिए बिना टोल आवागमन का वैकल्पिक रास्ता उपलब्ध कराएगी।

इससे समय और ईंधन के साथ रोजाना होने वाला टोल खर्च भी बचेगा। रोड जल्द से जल्द बने इसके लिए प्रदेश के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने दिल्ली के विधायक संदीप सहरावत से भी बात की है। दोनों के बीच बातचीत का असर दिखने लगा है।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बदला HSVP कार्यालय का ठिकाना, सेक्टर-29 की जगह अब सेक्टर-16 में बनेगा नया ऑफिस