निवेशकों की पहली पसंद बना रहेगा गुरुग्राम, नई नीति से 10 लाख युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार
हरियाणा की नई औद्योगिक नीति से गुरुग्राम (साइबर सिटी) के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी, जिससे 5 लाख करोड़ रुपये ...और पढ़ें

हरियाणा की नई औद्योगिक नीति से गुरुग्राम (साइबर सिटी) के औद्योगिक विकास को गति मिलेगी
HighLights
नई औद्योगिक नीति से गुरुग्राम का विकास होगा।
5 लाख करोड़ निवेश, 10 लाख रोजगार की उम्मीद।
मेट्रो परियोजनाएं ट्रैफिक कम कर विकास बढ़ाएंगी।
आदित्य राज, गुरुग्राम। आइटी, टेलीकॉम, ऑटोमोबाइल, गारमेंट एवं मेडिकल सेक्टर के हब के रूप में पहचान बनाने वाली साइबर सिटी की चमक आने वाले वर्षों में और बढ़ेगी। यह चमक प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति से बढ़ेगी। उद्यमियों का मानना है कि नई औद्योगिक नीति से हर क्षेत्र में निवेशकों का तेजी से आकर्षण बढ़ेगा क्योंकि हर क्षेत्र के निवेशकों को प्रोत्साहित करने का प्रविधान किया गया है।
मेट्रो परियोजनाओं को गति देने के लिए भी सरकार ने कदम उठाए हैं। यह कदम विकास की दिशा में मील का पत्थर साबित होगा। साइबर सिटी के विकास में सबसे बड़ी बाधा ट्रैफिक का दबाव है। मेट्रो परियोजनाओं के पूरा होने के बाद ट्रैफिक का दबाव कम हाेगा। फिलहाल स्थिति यह है कि कुछ किलोमीटर की दूरी तय करने से पहले सोचना पड़ता है।
लंबे समय से सभी क्षेत्र के उद्यमी प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति का इंतजार कर रहे थे। नीति बनाने से पहले मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विभिन्न क्षेत्रों के उद्यमियों से संवाद किया था। मुख्यमंत्री ने कहा था कि वह विकसित भारत के संकल्प का पूरा करने में मददगार साबित करने वाली नीति बनाएंगे। नए नीति से पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश की उम्मीद जताई गई है।
इससे 10 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर मिलेंगे। उद्यमियों का मानना है कि तमाम असुविधाओं के बाद भी प्रदेश ही नहीं बल्कि देश में पिछले कई सालों से गुरुग्राम ही निवेशकों की पहली पसंद है। ऐसे में प्रदेश सरकार की नई नीति का प्रदेश का सबसे अधिक लाभ गुरुग्राम को ही होना है।
नीति में 30 प्रतिशत से 70 प्रतिशत तक शुद्ध एसजीएसटी प्रतिपूर्ति का प्रविधान किया गया है। स्टाम्प ड्यूटी में भी 30 प्रतिशत से 100 प्रतिशत तक प्रतिपूर्ति का प्रविधान किया गया है। लाभ जल्द से जल्द मिले, इसके लिए सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की मजबूती पर तेजी से जोर देना होगा। मेट्रो परियोजनाओं को तेजी से सिरे चढ़ाने होंगे।
प्रदेश सरकार की नई औद्योगिक नीति विकसित भारत का रोडमैप साबित हाेगी। इस नीति से निवेशकों का आकर्षण बढ़ेगा। जो कारोबार कर रहे हैं, उनका मनोबल बढ़ेगा। प्रदेश सरकार ने मेट्रो परियोजना को गति देने के लिए राशि स्वीकृति कर ढांचागत मजबूती पर जोर देने का भी संकेत दिया है। साइबर सिटी में ढांचागत विकास की कमी है। यह कमी दूर होते ही साइबर सिटी दुनिया का नंबर एक सिटी होगी।
-विनोद बापना, चेयरमैन, कंफेडरेशन ऑफ इंडियन इंडस्ट्री (सीआइआइ)किसी भी शहर में विकास की आंधी तब चलती है जब वहां सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था बेहतर होती है। साइबर सिटी में इसके ऊपर काफी काम करने की आवश्यकता है। मेट्रो परियोजनाओं के ऊपर काफी जोर देना होगा। जिस गति से परियोजनाओं के ऊपर काम चल रहा है, उससे कई साल लग जाएंगे। शहर व आसपास मेट्रो का जाल तेजी से बिछाने के लिए दिन-रात काम करना होगा।
-आरएल शर्मा, महानिदेशक, प्रोग्रेसिव फेडरेशन ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (पीएफटीआइ)
यह भी पढ़ें: फर्जी मोबाइल कारोबार घोटाले में पंजाब उद्योग मंत्री संजीव अरोड़ा 14 दिन न्यायिक हिरासत में, 157 करोड़ का है मामला
