Lok Sabha Election 2024: पंजाबी समाज के गढ़ में 26 अप्रैल को भाजपा करेगी विजय संकल्प रैली
पंजाबी समाज के गढ़ में 26 अप्रैल को भाजपा विजय संकल्प रैली करेगी। शीतला मंंडल में रैली को लेकर संपर्क करने की जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नवीन गोयल को अर्जुन मंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता हरविंदर कोहली को दयानंद मंडल में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी को एवं सरस्वती मंंडल में खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मुकेश शर्मा पहलवान को सौंपी गई है।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। पंजाबी समाज को साधने के लिए भाजपा गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र स्तर की रैली भीमनगर के रामलीला मैदान में 26 अप्रैल आयोजित करेगी। भीमनगर का इलाका पंजाबी समाज का गढ़ माना जाता है। मुख्य अतिथि भी पंजाबी समाज से आने वाले प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल को बनाया गया है।
बैठक कर तय की गई जिम्मेदारी
भाजपा ने सभी विधानसभा क्षेत्रों में प्रदेशस्तरीय नेताओं की एक-एक रैली आयोजित करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में 26 अप्रैल को गुड़गांव विधानसभा क्षेत्र की रैली तय की गई है। तैयारी को लेकर रविवार को भाजपा जिलाध्यक्ष कमल यादव ने प्रमुख कार्यकर्ताओं के साथ पार्टी कार्यालय गुरुकमल में बैठक कर जिम्मेदारी तय की।
शीतला मंंडल में रैली को लेकर संपर्क करने की जिम्मेदारी प्रदेश भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के संयोजक नवीन गोयल को, अर्जुन मंडल में पार्टी के वरिष्ठ नेता हरविंदर कोहली को, दयानंद मंडल में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी को एवं सरस्वती मंंडल में खेल प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-संयोजक मुकेश शर्मा पहलवान को सौंपी गई है।
रैली को लेकर संपर्क अभियान के दौरान सभी नेता व कार्यकर्ता मोदी की गारंटी के बारे में चर्चा करेंगे। रैली में भी मोदी की गारंटी पर ही विशेष रूप से लोगों से संवाद किया जाएगा।
बादशाहपुर व पटौदी विधानसभा में जल्द होगी रैली
जिलाध्यक्ष कमल यादव का कहना है कि पार्टी जीत के लिए नहीं बल्कि भारी अंतर से जीत के लिए काम कर रही है। सभी कार्यकर्ता दिन-रात इसके लिए लगे हुए हैं। बादशाहपुर एवं पटौदी विधानसभा क्षेत्र के लिए भी रैली की घोषणा जल्द की जाएगी।
बैठक में महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष उषा प्रियदर्शी, व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक नवीन गोयल, खेल प्रकोष्ठ के सह संयोजक मुकेश शर्मा पहलवान, पार्टी के जिला महामंत्री रामबीर भाटी, सर्वप्रिय त्यागी, उपाध्यक्ष सुंदरी खत्री, पूर्व पार्षद सीमा पाहुजा, कार्यालय निर्माण विभाग संयोजक हरविंदर कोहली, कार्यालय सचिव यादराम जोया, जिला सह मीडिया प्रमुख पवन यादव, युवा मोर्चा के जिलाध्यक्ष मयंक निर्मल आदि शामिल हुए।