Published: Tue, 29 Apr 2025 11:44 AM (IST)
गुरुग्राम के ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में बुनियादी सुविधाओं की कमी से 1600 परिवार परेशान हैं। पानी और सीवर की उचित व्यवस्था न होने से निवासियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। आरडब्ल्यूए ने मुख्यमंत्री से हस्तक्षेप की मांग की है। टैंकरों से पानी मंगाना और सीवर की समस्या के कारण लोगों पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
गौरव सिंगला, नया गुरुग्राम। गुरुग्राम-सोहना रोड सेक्टर-33 स्थित ग्लोबल हाइट्स सोसायटी में बुनियादी नागरिक सुविधाओं के अभाव के चलते लगभग 1600 परिवारों का जीना दूभर हो गया है।
मुख्यमंत्री को लिखा पत्र
गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण की तरफ से पेयजल आपूर्ति और सीवर की मास्टर लाइन का प्रविधान नहीं होने के कारण लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। सोसायटी की आरडब्ल्यूए की तरफ से लगातार शिकायतें करने के बावजूद भी किसी भी विभाग की तरफ से कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है। अब आरडब्ल्यूए की तरफ से प्रदेश के मुख्यमंत्री और जिले के उपायुक्त गुरुग्राम को पत्र लिखकर मामले में हस्तक्षेप करने की मांग की गई है।
सालाना हो रहे करोड़ों रुपये खर्च
निवासियों की मानें तो पेयजल की आपूर्ति भी टैंकरों से की जा रही है और सीवर का अतिरिक्त पानी भी बाहर टैंकरों से डलवाया जा रहा है जिस पर सालाना करोड़ों रुपये खर्च हो रहे। इसकी वजह से सोसायटी निवासियों की जेब पर आर्थिक दबाव पड़ रहा है। सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट के ठीक ढंग से काम नहीं करने की वजह से आए दिन सोसायटी की सड़कों पर सीवर का गंदा पानी भरा होता है। इसकी वजह से सोसायटी में स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ने का भी खतरा पैदा हो रहा है।
बिल्डर भी बैठक में नहीं आया
आरडब्ल्यूए की तरफ से मुख्यमंत्री को लिखे गए पत्र में बताया गया है कि उनकी तरफ से अप्रैल 15 को सोहना-तावडू के विधायक तेजपाल तंवर से मुलाकात कर इस मुद्दे को रखा था। विधायक ने 18 अप्रैल को बैठक का वादा किया था लेकिन न विधायक और न ही उनका कोई प्रतिनिधि पहुंचे। बिल्डर भी बैठक में नहीं आया। 6000 से ज्यादा निवासी घंटों इंतजार करते रहे। यह न केवल असंवेदनशीलता दर्शाता है बल्कि जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही पर भी सवाल उठाता है।
संबंधित पक्षों को बुलाया गया
एसडीएम सोहना को भी दे चुके है ज्ञापन स्थानीय निवासियों की तरफ से सोहना एसडीएम से मुलाकात कर अपनी समस्याओं के समाधान की मांग की गई थी। इस संबंध में एसडीएम की तरफ से 28 अप्रैल सोमवार को इस संबंध में बैठक भी बुलाई गई है। इसमें जीएमडीए, एचएसवीपी, टाउन प्लानिंग, एनएचएआई, बिल्डर प्रबंधन समेत सभी संबंधित पक्षों को बुलाया गया है।
पेयजल कनेक्शन नहीं, टैंकरों पर निर्भरता सोसायटी को अब तक जीएमडीए, नगर निगम या किसी अधिकृत एजेंसी से पानी की पाइपलाइन से आपूर्ति नहीं मिली है। प्रतिदिन निजी टैंकरों से जलापूर्ति की जाती है, जो न सिर्फ अनियमित और अस्वच्छ है बल्कि इससे आरडब्ल्यूए को सालाना करीब डेढ़ करोड़ रुपये का खर्च उठाना पड़ रहा है।
बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा
सीवर लाइन और ड्रेनेज की सुविधा भी नहीं सोसायटी में सीवर या बरसाती ड्रेनेज लाइन का अब तक कोई प्रविधान नहीं किया गया है। मजबूरी में आरडब्ल्यूए को सीवर टैंकों की सफाई के लिए बार-बार प्राइवेट सेप्टिक टैंकर बुलाने पड़ते हैं। इससे न केवल आर्थिक बोझ बढ़ता है, बल्कि एसटीपी से बाहर छोड़े जा रहे पानी से सोसायटी में बदबू और मच्छर जनित बीमारियों का खतरा भी मंडरा रहा है।
यह भी पढ़ें- Faridabad वालों के लिए गुड न्यूज, हर रोज 1 लाख वाहन चालकों को मिलेगी राहत; स्लिप रोड का रुका काम शुरू
सोसायटी का सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट कभी ठीक से काम नहीं करता। इसके अतिरिक्त पानी को खुले में छोड़ दिया जाता है जिससे टावर सात और आठ के निवासी भारी परेशानी में हैं। - सुनीता बिश्नोई, सोसायटी निवासी
स्टिल्ट पार्किंग होते हुए भी बिल्डर जबरन कार पार्किंग बेचने की कोशिश कर रहा है। अक्टूबर में तो चार बाउंसर खड़े कर वाहनों का प्रवेश तक रोक दिया गया था। - रोमा पंडित, सोसायटी निवासी
अफोर्डेबल हाउसिंग नियमावली और ओसी नियमों के तहत बिजली-पानी और रखरखाव पांच वर्षों तक बिल्डर की जिम्मेदारी है। बावजूद इसके, निवासी रखरखाव शुल्क चुका रहे हैं। - रीना कुमारी, निवासी, सोसायटी
सोसायटी में आवारा कुत्तों की समस्या गंभीर हो चुकी है। हाल ही में एक महिला को काटे जाने के बाद उनकी सर्जरी तक हुई लेकिन कोई समाधान नहीं निकला। - साक्षी बारेठ, निवासी, सोसायटी
सोसायटी में बिजली की एचटी लाइन की गुणवत्ता बेहद घटिया है जिससे अक्सर फाल्ट होते रहते हैं और बिजली कटौती आम हो गई है। निर्माण कार्य में भी क्रैक, प्लास्टर गिरना, पाइप लीकेज जैसी समस्याएं लगातार सामने आ रही हैं। अब इस संबंध में एसडीएम ने बैठक बुलाई है। हमे उम्मीद है कि प्रशासन हमारी समस्याओं का समाधान कराएगा। - नवीन डिमरी, अध्यक्ष, सोसायटी आरडब्ल्यूए
सोसायटी में समस्याओं का अंबार लगा हुआ है। यदि जल्द ही हमारी समस्याओं का समाधान नहीं किया गया तो हम जीएमडीए व अन्य अधिकारियों के कार्यालयों के बाहर धरना प्रदर्शन करेंगे। - नागेन्द्र शुक्ला, निवासी, सोसायटी
इस सोसायटी को लेकर मेरे पास कोई शिकायत नहीं है, यदि शिकायत आती तो बिल्डर को नोटिस जारी कर तलब किया जाएगा। - अमित मधोलिया, डीटीपीई, टाउन प्लानिंग