विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दिल्ली-जयपुर हाईवे को जलभराव से मिलेगी मुक्ति, 9 करोड़ का मास्टरप्लान तैयार

Published: Thu, 22 Oct 2026 12:36 PM (IST)

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास जलभराव की समस्या खत्म करने के लिए 900 मीटर लंबी प्री-कास्ट ड्रेन बिछाई जाएगी। ...और पढ़ें

अब नहीं लगेगा 10 KM लंबा जाम (AI-Image)

अब नहीं लगेगा 10 KM लंबा जाम (AI-Image)

HighLights

  1. 900 मीटर लंबी प्री-कास्ट ड्रेन बिछाई जाएगी

  2. परियोजना पर 9 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे

  3. मार्च 2027 तक जलभराव निवारण कार्य पूरा होगा

संदीप रतन, गुरुग्राम। दिल्ली-जयपुर हाईवे पर नरसिंहपुर के पास वर्षा के दौरान होने वाले जलभराव से निजात दिलाने के लिए अब स्थायी समाधान की तैयारी है। हाईवे की सर्विस लेन के नीचे 900 मीटर लंबी प्री कास्ट ड्रेन बिछाई जाएगी।

भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआइ) ने गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) को इसके निर्माण की मंजूरी दे दी है। परियोजना पर नौ करोड़ रुपये से अधिक खर्च किए जाएंगे। यह राशि एनएचएआइ की ओर से जीएमडीए को उपलब्ध कराई जाएगी।

मार्च 2027 तक काम पूरा करे का लक्ष्य

मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। नई ड्रेन को नरसिंहपुर के पास हाईवे के नीचे बने कल्वर्ट से जोड़कर वर्षा के पानी की निकासी बादशाहपुर ड्रेन तक की जाएगी। इससे हाईवे और सर्विस लेन पर जलभराव की समस्या को काफी हद तक खत्म करने में मदद मिलेगी।

प्री कास्ट ड्रेन पहले से तैयार एक बाक्सनुमा ढांचा होता है, जिससे जोड़ते हुए जमीन के नीचे बिछाया जाता है। इसमें ड्रेन बिछाने में समय काफी कम लगता है।

कल्वर्ट से बादशाहपुर ड्रेन तक पहुंचेगा पानी

नरसिंहपुर के पास हाईवे के नीचे बने कल्वर्ट को नई प्री कास्ट ड्रेन से जोड़ा जाएगा। इसके माध्यम से वर्षा का पानी आगे बादशाहपुर ड्रेन तक पहुंचाया जाएगा। पानी की निकासी के लिए करीब दो वर्ष पहले ही एक नई ड्रेन का निर्माण किया जा चुका है।

अब प्री कास्ट ड्रेन को इसी ड्रेन से जोड़ा जाएगा, जिससे जलनिकासी का पूरा नेटवर्क तैयार हो सके। इस व्यवस्था से नरसिंहपुर के आसपास हाईवे और सर्विस लेन पर पानी जमा होने की आशंका कम होगी।

इस मानसून में नहीं हुआ जलभराव

नरसिंहपुर में इस वर्ष मानसून के दौरान दिल्ली-जयपुर हाईवे और इसकी सर्विस लेन पर जलभराव नहीं हुआ था। आठ जुलाई को 115 एमएम और आठ अगस्त को 97 एमएम वर्षा दर्ज की गई थी। इसके बावजूद यहां पानी जमा होने की समस्या सामने नहीं आई।

जीएमडीए ने हाईवे के नीचे ट्रेंचलेस तकनीक से नई पाइपलाइन बिछाकर पानी की निकासी की व्यवस्था की थी। अब प्री कास्ट ड्रेन के निर्माण से इस व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा। इसका उद्देश्य आगामी मानसून में तेज वर्षा के दौरान भी पानी की निकासी सुचारु बनाए रखना है।

  • 2027 मार्च तक पूरा होगा काम
  • 900 मीटर लंबी प्री कास्ट ड्रेन का निर्माण होगा।
  • 9 करोड़ रुपये से अधिक परियोजना पर खर्च किए जाएंगे।
  • 10 किलोमीटर लंबा ट्रैफिक जाम मानसून के दिनों में जलभराव के कारण होता था।

नरसिंहपुर में जलनिकासी व्यवस्था को स्थायी रूप से मजबूत करने के लिए सर्विस लेन के नीचे 900 मीटर लंबी प्री कास्ट ड्रेन बिछाई जाएगी। इसे हाईवे के नीचे बने कल्वर्ट से जोड़कर पानी बादशाहपुर ड्रेन तक पहुंचाया जाएगा। एनएचएआइ ने परियोजना को मंजूरी दे दी है और मार्च 2027 तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।

-पीसी मीणा, सीईओ जीएमडीए।

यह भी पढ़ें- रेवाड़ी में दिल्ली-जयपुर हाईवे पर 50 भरे गैस सिलिंडरों के साथ दो गिरफ्तार, राजस्थान से हरियाणा ला रहे थे खेप

यह भी पढ़ें- दिल्ली-जयपुर हाईवे पर फिर लगा लंबा जाम, 2 गाड़ियों के पंचर होते ही 4 KM तक रेंगते दिखे वाहन