विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर घाटी और अरावली पहाड़ियां बन रही शवों का डंपिंग ग्राउंड, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

Published: Tue, 24 Nov 2026 11:32 PM (GMT+05:30)

मानेसर घाटी और अरावली की पहाड़ियां अपराधियों के लिए शव ठिकाने लगाने का सुरक्षित स्थान बन गई हैं, जहां हत्या के बाद शव फेंकने, जलाने और पहचान मिटाने की कई घटनाएं सामने आई हैं।  

मानेसर घाटी और अरावली पहाड़ियां बन रही शवों का डंपिंग ग्राउंड ( फोटो स्रोत : जागरण )

मानेसर घाटी और अरावली पहाड़ियां बन रही शवों का डंपिंग ग्राउंड ( फोटो स्रोत : जागरण )

गोविन्द फलस्वाल, मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे के दोनों ओर फैली मानेसर घाटी और अरावली की पहाड़ियां अपराधियों के लिए शव ठिकाने लगाने का सुरक्षित ठिकाना बनती जा रही हैं।

पिछले कई वर्षों में इस क्षेत्र में हत्या के बाद शव फेंकने, जलाने और पहचान मिटाने के लिए शरीर के टुकड़े करने जैसी कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। महिला और किशोरी से लेकर पुरुषों तक के शव सुनसान पहाड़ी क्षेत्रों, हाईवे किनारे, नालों और खाली पड़े कमरों में मिल चुके हैं।

नहीं हो पाई पुख्ता निगरानी व्यवस्था..

इसके बावजूद संवेदनशील मानेसर घाटी और आसपास के क्षेत्रों में निगरानी की पुख्ता व्यवस्था नहीं हो पाई है। हाईवे पर दिन-रात वाहनों की आवाजाही रहती है, लेकिन घाटी और अरावली के कई हिस्से ऐसे हैं, जहां दूर-दूर तक आबादी नहीं है।

जंगल, पहाड़ियों और सुनसान रास्तों पर निगरानी का अभाव अपराधियों को वारदात के बाद शव ठिकाने लगाने का मौका देता है।

शरीर के कटे अंग बरामद 

कई मामलों में शवों का पता राहगीरों या स्थानीय लोगों की नजर पड़ने के बाद ही चला। कभी गोली मारकर हत्या किए गए शव मिले तो कभी जले हुए शरीर और कटे हुए अंग बरामद हुए।

कुछ मामलों में शव बोरे में बंद करके नाले में फेंके गए। महिलाओं और किशोरियों के शव मिलने की घटनाएं विशेष रूप से चिंता बढ़ाने वाली हैं। मानेसर घाटी, सहरावन, पचगांव चौक और हाईवे के आसपास लगातार सामने आई घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े किए हैं।

सीसीटीवी लगाने की मांग, लेकिन कार्रवाई आगे नहीं बढ़ी

शवों को सुनसान इलाकों में फेंकने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए पुलिस की ओर से कई बार सीसीटीवी कैमरे लगाने की बात कही गई, लेकिन अब तक इस दिशा में ठोस कदम नहीं उठाया गया।

आसपास के गांवों और क्षेत्र के लोगों ने भी कई बार संवेदनशील स्थानों पर कैमरे लगाने की मांग की है। लोगों का कहना है कि हाईवे के प्रवेश और निकास मार्गों, घाटी के रास्तों तथा सुनसान स्थानों पर कैमरे लगाए जाएं तो संदिग्ध वाहनों और लोगों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सकती है।

इससे यह पता लगाने में भी मदद मिलेगी कि कौन व्यक्ति शव फेंकने आया या किसी को लेकर पहाड़ी क्षेत्र में पहुंचा। कैमरों की फुटेज जांच में अहम साक्ष्य बन सकती है। इस बारे में एसीपी मानेसर से संपर्क करने का प्रयास किया गया लेकिन संपर्क नहीं हो सका।

पिछले वर्षों में सामने आईं शव मिलने की घटनाएं

- 19 सितंबर 2016 : आइएमटी मानेसर के आटो स्टैंड पर महिला और किशोरी के शव मिले थे।

- 19 मार्च 2021 : क्षेत्र में मानव शरीर के कटे हुए हाथ और पैर बरामद हुए थे।

- 17 मार्च 2022 : सहरावन की घाटी में एक व्यक्ति का शव मिला था।

- 22 जून 2022 : राम मंदिर के पास महिला का जला हुआ शव बरामद हुआ था।

- 21 अप्रैल 2023 : पचगांव चौक के पास एक कमरे में महिला का जला हुआ शव मिला था।

- 24 दिसंबर 2023 : दिल्ली-जयपुर हाईवे के किनारे नाले में बोरे में बंद महिला का शव मिला था।

यह भी पढ़ें- आश्रित को स्थायी नौकरी व मुआवजे की मांग पर ठनी: टाटा मोटर्स में दिनभर हंगामा, देर रात दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।