विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर में प्रदूषण रोकने के नाम पर 47 करोड़ खर्च, धूल रोकने का उपाय ही बना मुसीबत; काम अब भी अधूरा

Published: Tue, 10 Nov 2026 04:35 PM (IST)

मानेसर क्षेत्र में प्रदूषण रोकने के लिए नगर निगम ने 47 करोड़ रुपये खर्च कर दिए। लेकिन इसके बाद भी ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

प्रतीकात्मक तस्वीर, एआई जेनरेटेड

HighLights

  1. मानेसर में प्रदूषण नियंत्रण पर नगर निगम ने 47 करोड़ रुपये खर्च किए।

  2. सड़कों को धूल मुक्त करने का कार्य अभी भी अधूरा है।

  3. टाइल्स पर डाली गई मिट्टी अब खुद धूल का कारण बन रही है।

गोविन्द फलस्वाल, गुरुग्राम। मानेसर क्षेत्र प्रदूषण के मामले में देशभर में चर्चित है। पिछले साल भी मानेसर पूरे देश में अव्वल रहा था। इसको रोकने के लिए नगर निगम द्वारा करोड़ों रुपये खर्च कर दिए गए लेकिन अधिकारियों और ठेकेदारों की लापरवाही से कोई परिणाम नहीं मिला। उल्टा करोड़ों रुपये खर्च कर किए गए इंतजाम ही प्रदूषण का कारण बनने लगे हैं।

नगर निगम द्वारा केंद्रीय वायु गुणवत्ता आयोग के आदेशों से सड़कों को धूल मुक्त करने का कार्य शुरू किया था। इस कार्य पर नगर निगम द्वारा करीब 47 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं। 30 अक्टूबर तक सड़कों को धूल मुक्त करना था लेकिन अभी तक एक भी सड़क धूल मुक्त नहीं हुई है।

19 सड़कों पर लगाना था टाइल्स

नगर निगम द्वारा क्षेत्र की 19 सड़कों को धूल मुक्त बनाने के लिए सड़क के दोनों तरफ टाइल्स लगाकर पक्का करने का निर्णय लिया था। इसके लिए 6 मार्च को नगर निगम की वित्त एवं संविदा समिति ने प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। इसके बाद यह कार्य शुरू हुआ था।

सड़कों के दोनों तरफ कच्ची जमीन न छोड़कर टाइल्स लगानी थी ताकि धूल न उड़े। वित्त एवं संविदा समिति की बैठक के बाद इंजीनियरिंग शाखा द्वारा इसके लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू कर एजेंसियों को कार्य सौंप दिए गए। नगर निगम द्वारा 19 सड़कों पर कराए गए कार्य में एक दो सड़कों को छोड़कर अन्य सभी जगह कार्य लंबित है।

इन सड़कों पर खर्च किए हैं पैसे

नगर निगम द्वारा डिवीजन एक के वार्ड तीन में हयातपुर से गांव गढ़ी की सड़क निर्माण पर एक करोड़ 54 लाख, वार्ड 17 18 के शिकोहपुर गांव में मुख्य सड़क के निर्माण पर 2 करोड़ 82 लाख रुपये, वार्ड 6 7 में गांव भांगरौला से बास रोड़ के निर्माण पर 2 करोड़ 82 लाख रुपये, वार्ड 4 में पटौदी रोड़ से ढ़ोरका में डेढ़ किलोमीटर सड़क के निर्माण पर 4 करोड़ 26 लाख रुपये, वार्ड एक में गांव गढ़ी से हरसरू में सड़क, फुटपाथ व नाले के निर्माण पर 2 करोड़ 88 लाख रुपये, वार्ड तीन के गांव बामड़ौली की मुख्य सड़क के बचे हुए कार्यों पर एक करोड़ 43 लाख रुपये, वार्ड 4 में पटौदी रोड़ से गांव मेवका तक सड़क निर्माण पर 4 करोड़ 56 लाख रुपये, गांव हयातपुर से ढाणा रोड़ के निर्माण पर 5 करोड़ 21 लाख रुपये, वार्ड 3 गांव हयातपुर स्थित किडजी स्कूल से गांव नवादा के नयारा पेट्रोल पंप तक सड़क निर्माण पर एक करोड़ 22 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

डिवीजन दो के वार्ड 16 में एनएच 48 से गांव नैनवाल तक सड़क निर्माण पर एक करोड़ 5 लाख रुपये, वार्ड 16 में कोटा खंडेवला से गांव बार गुर्जर तक सड़क निर्माण पर एक करोड़ 13 लाख रुपये, गांव बार गुर्जर से बाबा मोहन राम मंदिर तक सड़क निर्माण पर एक करोड़ 17 लाख रुपये, गांव नैनवाल से खाती ढ़ाणी और मुंशी ढ़ाणी तक सड़क निर्माण पर एक करोड़ 19 लाख रुपये, कोटा खंडेवला से गांव बार गुर्जर के बाबा मोहन राम मंदिर तक सड़क निर्माण पर 1 करोड़ 72 लाख रुपये, गांव कोटा खंडेवला से गांव नौरंगपुर जाने वाले रास्ते के निर्माण पर 6 करोड़ 40 लाख रुपये, वार्ड 9 में एनएच 48 से सहरावन गांव तक सड़क का निर्माण 2 करोड़ 22 लाख रुपये में होगा।

इसी प्रकार एनएच 48 से गांव कुकड़ौला की सड़क निर्माण पर एक करोड़ 81 लाख रुपये, एनएच 48 स्थित रामपुरा चौक से गांव नखड़ौला जाने वाले रास्ते के निर्माण पर एक करोड़ 32 लाख रुपये और गांव मानेसर को कासन स्थित पूरण भगत मंदिर से जोड़ने वाले मुख्य रास्ते के निर्माण पर नगर निगम मानेसर 2 करोड़ 13 लाख रुपये खर्च किए गए हैं।

टाइल्स के ऊपर डाली मिट्टी धूल बनकर उड़ रही

नगर निगम द्वारा टाइल्स लगाकर उसके ऊपर बजरी और मिट्टी डलवाई गई है। नियमों के अनुसार उस पर सफाई की जानी चाहिए और अधिक मिट्टी को वहां से साफ करना चाहिए लेकिन टाइल्स के ऊपर इतनी अधिक मिट्टी डाली गई है कि वह बीच सड़क तक फैली रहती है।

इससे इसके ऊपर से वाहन गुजरने के दौरान यह धूल बनकर हवा में उड़ रही है और लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। कई जगह तक कार्य बीच में छोड़ा गया है। भांगरौला गांव से हयातपुर तक जाने वाले रोड के दोनों तरफ कई जगह कार्य अधूरा है। ऐसे ही अन्य गांवों में कार्य अधूरा है।

लगातार इस कार्य की निगरानी की जा रही है। जिन एजेंसियों ने समय पर कार्य पूरा नहीं किया उनके विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

प्रदीप सिंह, आयुक्त, नगर निगम मानेसर

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में छठ महापर्व की तैयारियां तेज, पूर्वांचल समाज ने नगर निगम से की मुलाकात

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।