विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम के सिधरावली में हत्याकांड, कार में मिला युवक का गोलियों से छलनी शव

Published: Tue, 10 Nov 2026 01:37 AM (IST)Updated: Tue, 10 Nov 2026 02:07 AM (IST)

गुरुग्राम के सिधरावली में 35 वर्षीय दीपक का शव उसकी स्विफ्ट कार में गोलियों से छलनी मिला, घटनास्थल से 18 खाली खोल बरामद हुए।

गुरुग्राम के सिधरावली में कार में मिला युवक का गोलियों से छलनी शव आपराधिक रिकॉर्ड वाले दीपक की हत्या ( एआई जेनरेटेड इमेज)

गुरुग्राम के सिधरावली में कार में मिला युवक का गोलियों से छलनी शव आपराधिक रिकॉर्ड वाले दीपक की हत्या ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. सिधरावली में स्विफ्ट कार में मिला 35 वर्षीय दीपक का शव।

  2. घटनास्थल से 18 खाली खोल बरामद, कार के शीशे टूटे मिले।

  3. मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड, पुरानी रंजिश या गैंगवार का संदेह।

वरूण त्रिवेदी, पटौदी (गुरुग्राम)। गांव सिधरावली में सोमवार सुबह सनसनीखेज हत्याकांड सामने आया। बस स्टैंड के निकट फुट ओवरब्रिज के पास खड़ी स्विफ्ट कार में 35 वर्षीय दीपक का गोलियों से छलनी शव मिला।

हमलावरों ने कार को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग की। कार के टूटे शीशे और घटनास्थल से मिले 18 खाली खोल वारदात की भयावहता बयां कर रहे थे। पुलिस को आशंका है कि दीपक की हत्या देर रात की गई। वारदात के बाद से क्षेत्र में दहशत का माहौल है।

दीपक खून से लथपथ पड़ा था...

मृतक के ताऊ प्रहलाद सिंह ने पुलिस को बताया कि दीपक रविवार रात करीब 11 बजे अपनी स्विफ्ट कार लेकर घर से निकला था। सोमवार सुबह करीब आठ बजे ग्रामीणों ने बस स्टैंड के पास संदिग्ध हालत में कार खड़ी देखी। पास जाकर देखा तो ड्राइविंग सीट पर दीपक खून से लथपथ पड़ा था।

इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। शुरुआती जांच में सामने आया कि दीपक सर्विस रोड से हाईवे की तरफ जा रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने उसकी कार को घेरकर अंधाधुंध गोलियां बरसाईं। कार के शीशे तक चकनाचूर हो गए।

दो हत्याओं समेत आठ आपराधिक मामले थे दर्ज

एसीपी मनोज कुमार के अनुसार, मृतक का आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। उसके खिलाफ हत्या के दो मामलों सहित हत्या के प्रयास, मारपीट और आर्म्स एक्ट के कुल आठ मामले दर्ज थे।

इनमें चार मामले गुरुग्राम जिले के हैं। ताऊ ने किसी पर हत्या का शक जाहिर नहीं किया है। हालांकि, वारदात के तरीके को देखते हुए पुरानी रंजिश और गैंगवार समेत अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।

चार दिन पहले मनाया था जन्मदिन

ग्रामीणों के मुताबिक, दीपक ने पांच नवंबर को ही अपना जन्मदिन मनाया था। परिवार में उसका एक भाई और दो बहनें हैं। बचपन में पिता की मृत्यु के बाद दादी ने उसका पालन-पोषण किया था। उसका नाम अशोक राठी की पत्नी सुषमा राठी की हत्या में भी आया था। दीपक फिलहाल जमानत पर चल रहा था।

क्राइम ब्रांच समेत छह टीमें जुटीं

बिलासपुर थाना पुलिस ने अज्ञात हमलावरों के खिलाफ हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। एफएसएल और सीन ऑफ क्राइम टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए।

पटौदी की एसीपी मनोज कुमार ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच सहित छह विशेष टीमें गठित की गई हैं। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।

पटाखों के शोर में दब गई गोलियों की आवाज

वारदात रविवार रात करीब 11:30 बजे होने की आशंका है। हमलावरों ने 18 या इससे अधिक गोलियां चलाईं, लेकिन रातभर किसी को घटना की भनक नहीं लगी।

माना जा रहा है कि दीपावली के चलते इलाके में पटाखे फूट रहे थे। ऐसे में लोगों ने गोलियों की आवाज को आतिशबाजी समझ लिया होगा। सुबह कार में शव मिला।

यह भी पढ़ें- फरुखनगर के खेतों में बिजली की तार चोरी, किसानों ने पुलिस से कार्रवाई मांगी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।