किसान ध्यान दें! जाटौली में तीन दिन नहीं होगी बाजरे की खरीद, दीवाली के बाद 9 नवंबर को खुलेगी अनाज मंडी
त्योहारों और बाजरे के उठान के कारण जाटौली अनाज मंडी में 6 से 8 नवंबर तक बाजरे की खरीद बंद ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर, एआई जनरेटेड।
HighLights
जाटौली मंडी में 6 से 8 नवंबर तक रहेगा अवकाश।
9 नवंबर से बाजरे की खरीद सामान्य रूप से शुरू।
किसानों को अवकाश में फसल न लाने की सलाह।
संवाद सहयोगी, पटौदी। त्योहारों और मंडी में पहले से खरीदे गए बाजरे की भराई व उठान कार्य को व्यवस्थित करने के लिए नई अनाज मंडी जाटौली में छह से आठ नवंबर तक अवकाश रहेगा। इसके बाद नौ नवंबर को मंडी में खरीद कार्य सामान्य रूप से शुरू होगा।
वहीं, 10 नवंबर को गोवर्धन पूजा और 11 नवंबर को भैया दूज के उपलक्ष्य में मंडी बंद रहेगी। ऐसे में किसानों को निर्धारित तिथियों के अनुसार ही अपनी फसल मंडी में लाने की सलाह दी गई है।
पटौदी मार्केट कमेटी के चेयरमैन मनोज मोकलवास ने किसानों से अपील की है कि वे अवकाश के दौरान बाजरे की फसल लेकर मंडी में न आएं, ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी न हो। उन्होंने बताया कि मंडी में बाजरे की खरीद प्रक्रिया सुचारु रूप से चल रही है।
किसानों की सुविधा के लिए बैठने को बेंच, पीने के पानी, गेट पास जारी करने और बायोमीट्रिक सत्यापन की व्यवस्था की गई है। किसानों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए हेल्प डेस्क भी बनाया गया है।
2.68 लाख क्विंटल बाजरे की खरीद, उठान भी जारी
चेयरमैन ने बताया कि नई अनाज मंडी जाटौली में अब तक 2,68,466 क्विंटल बाजरे की खरीद की जा चुकी है। इसमें से 2,45,997 क्विंटल बाजरे का उठान भी हो चुका है। मार्केटिंग बोर्ड के कर्मचारी खरीद से लेकर उठान तक की प्रक्रिया को गति देने में जुटे हैं।
मंडी में व्यवस्थाएं सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की जा रही है। मार्केट कमेटी पटौदी के सचिव विपिन यादव ने बताया कि किसानों को भावांतर भरपाई योजना और 2,900 रुपये प्रति क्विंटल के न्यूनतम समर्थन मूल्य (एमएसपी) के तहत देय शेष राशि नियमानुसार उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी। उन्होंने किसानों से मंडी में निर्धारित व्यवस्था का पालन करने की अपील की।