इंस्टाग्राम पर दोस्ती, शादी का झांसा और 1000 यूरो की ठगी; इटली से गुरुग्राम आकर महिला ने दर्ज कराई FIR
इटली की एक महिला ने गुरुग्राम के एक युवक पर शादी का वादा तोड़कर धोखा देने का आरोप लगाते हुए ...और पढ़ें

युवक की ओर से शादी का वादा करने के बाद उसे पूरा न करने पर महिला दो दिन पहले इटली से गुरुग्राम पहुंची और मुकदमा दर्ज कराकर न्याय की मांग की है। एआई इमेज
HighLights
इटली की महिला ने गुरुग्राम में एफआईआर दर्ज कराई।
इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का वादा टूटा।
युवक ने शादी से मुकरा, महिला ने शिकायत की।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। इंस्टाग्राम पर दोस्ती कर शादी का झांसा देकर इटली की एक महिला से करीब 1000 यूरो करीब एक लाख हजार 842 रुपये की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपित गुरुग्राम का रहने वाला है। ठगी का पता चलने के बाद पीड़िता इटली से खुद गुरुग्राम पहुंची और साइबर थाने में एफआईआर दर्ज कराई। साइबर पुलिस ने कहा कि आरोपित की पहचान कर ली गई है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
करीब 1000 यूरो ट्रांसफर करा लिए
शिकायत के अनुसार, इटली निवासी पाओला बर्टोलिनी की इंस्टाग्राम पर गुरुग्राम निवासी एक व्यक्ति से दोस्ती हुई थी। आरोपित ने महिला को शादी का झांसा दिया और प्यार के जाल में फंसाकर अलग-अलग कारण बताकर करीब 1000 यूरो ट्रांसफर करा लिए।
इसके अलावा आरोपित पर फिशिंग मेल भेजकर बैंक अकाउंट से पैसे निकालने और एनआरआइ अकाउंट से फेमा नियमों का उल्लंघन करने का भी आरोप है। महिला ने पहले इटली पुलिस में इसकी शिकायत दी थी।
वहां की जांच में सामने आया कि ठगी करने वाला व्यक्ति गुरुग्राम में रहता है और ठगी यहीं से की गई है। इटली पुलिस ने आगे जांच करने से हाथ खड़े कर दिए। इसके बाद महिला ने जुलाई 2026 में इंस्टाग्राम के माध्यम से एसीपी साइबर गौरव फोगाट से संपर्क किया।
इटली से आकर गुरुग्राम में एफआईआर
एसीपी गौरव फोगाट ने महिला को मदद का आश्वासन दिया। इसके बाद पीड़िता दो दिन पहले 28 सितंबर को इटली से सीधे गुरुग्राम पहुंची और एसीपी साइबर से मिलकर विस्तृत लिखित शिकायत दी।
शिकायत के आधार पर साइबर अपराध थाना पश्चिम गुरुग्राम में संबंधित धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। साइबर पुलिस ने बैंक लेन-देन और तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण शुरू कर दिया है। साइबर पुलिस का कहना है कि आरोपित की पहचान कर ली गई है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गुरुग्राम पुलिस की सराहना
इस मामले में पीड़िता ने इंस्टाग्राम पर गुरुग्राम पुलिस को टैग करते हुए एक पोस्ट लिखी है। उसने लिखा कि गुरुग्राम साइबर पुलिस की टीम बहुत प्रोफेशनल और संवेदनशील है। इटली में इस तरह के अपराध को गंभीरता से नहीं लिया जाता और दो देशों के बीच जांच में लंबा समय लगता, जबकि गुरुग्राम पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए तुरंत मदद की।
