विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मानेसर आइएमटी चौक पर खुला गड्ढा बना खतरे का सबब, बड़े हादसे की आशंका

Published: Thu, 29 Oct 2026 03:53 PM (IST)

मानेसर के आइएमटी चौक पर एनएचएआई द्वारा नाला निर्माण के दौरान खोदा गया गड्ढा खुला छोड़ दिया गया है, जिससे दुर्घटना का खतरा बढ़ गया है।

मानेसर आइएमटी चौक पर खुला गड्ढा बना खतरे का सबब ( एआई जेनरेटेड इमेज )

मानेसर आइएमटी चौक पर खुला गड्ढा बना खतरे का सबब ( एआई जेनरेटेड इमेज )

HighLights

  1. आइएमटी चौक पर नाला निर्माण का गड्ढा खुला।

  2. सुरक्षा उपायों की कमी से दुर्घटना का खतरा।

  3. स्थानीय लोगों ने सुरक्षा इंतजामों की मांग की।

आदित्य राज, मानेसर। दिल्ली-जयपुर हाईवे स्थित आइएमटी चौक पर एनएचएआइ की ओर से नाला निर्माण कराया जा रहा है।

निर्माण के दौरान खोदाई के बाद गड्ढे को खुला छोड़ दिया गया है। न तो इसे ढका गया है और न ही मौके पर बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर या चेतावनी बोर्ड लगाए गए हैं। केवल कट्टे रखकर खानापूर्ति की गई है।

रहती है हजारों वाहनों की आवाजाही 

दिल्ली-जयपुर हाईवे पर दिन-रात हजारों वाहनों की आवाजाही रहती है। औद्योगिक क्षेत्र का प्रमुख चौक होने के कारण यहां भारी वाहनों के साथ कार और दोपहिया वाहन भी बड़ी संख्या में गुजरते हैं।

दिन में खोदाई दिख सकती है, लेकिन रात के अंधेरे में खुले गड्ढे का अंदाजा लगाना मुश्किल है। ऐसे में तेज रफ्तार वाहन गड्ढे में गिर सकते हैं और दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह स्थिति जानलेवा साबित हो सकती है।

करनी होगी वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित 

निर्माण एजेंसी की जिम्मेदारी नाला बनाने के साथ-साथ काम के दौरान आम लोगों और वाहन चालकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना भी है। इसके लिए खोदाई वाली जगह पर बैरिकेडिंग, रिफ्लेक्टर, चेतावनी बोर्ड और रात में पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था जरूरी है।

ग्रामीण अभिमन्यु थानेदार, धर्मेंद्र यादव और अशोक यादव ने कहा कि यहां कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है। उन्होंने निर्माण स्थल पर पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम करने और रात में गुजरने वाले वाहनों के लिए रिफ्लेक्टर लगाने की मांग की।

यह भी पढ़ें- डाकघर के जरिए कम लागत में विदेश तक पहुंचा सकेंगे बनारसी वस्त्र और हस्तशिल्प