क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठे सफाई कर्मचारी
नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर निगम के पुराने कार्यालय में नगर निगम के सफाई कर्मचारी 12 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम: नगरपालिका कर्मचारी संघ के आह्वान पर निगम के पुराने कार्यालय में नगर निगम के सफाई कर्मचारी 12 घंटे की क्रमिक भूख हड़ताल पर बैठ गए हैं। शुक्रवार को भूख हड़ताल के दौरान कर्मचारियों ने नारेबाजी की और मांगें लागू नहीं करने पर सरकार के प्रति रोष जाहिर किया। नगरपालिका कर्मचारी संघ गुरुग्राम के जिला प्रधान राजेश कुमार, इकाई वरिष्ठ उपप्रधान राम सिंह सारसर ने कर्मचारियों को संबोधित किया।
गुरुग्राम इकाई की तरफ से 21 कर्मचारियों को भूख हड़ताल पर बैठाया गया है। कर्मचारियों को संबोधित करते हुए सीआइटीयू के प्रदेश अध्यक्ष कामरेड सतवीर सिंह ने बताया कि हरियाणा सरकार व नगरपालिका कर्मचारी संघ के बीच हुए समझौते को पूरी तरह लागू नहीं किया गया है। सरकार द्वारा संघ के बीच हुए समझौते का दूसरा परिपत्र जारी किया जिसमें शहरी कर्मचारियों को 15 हजार व ग्रामीण कर्मचारियों को साढे़ बारह हजार रुपये वेतनमान देने की बात की लेकिन उसमें भी सालाना वेतन वृद्धि के बारे में कोई जिक्र नहीं किया गया है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा प्रदेश सचिव नरेश, प्रेस सचिव बसंत कुमार, जयपाल, सुशीला, सरोज सहित काफी कर्मचारी भूख हड़ताल के दौरान मौजूद रहे।