विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में राष्ट्रीय सम्मेलन का आयोजन, पंचायत और शहरी निकायों को आत्मनिर्भर करने पर दिया गया जोर

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:27 AM (GMT+05:30)

गुरुग्राम में आयोजित राष्ट्रीय सम्मेलन में पंचायतों और शहरी निकायों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर दिया गया, जिसमें स्थानीय संसाधनों के उपयोग और आय के नए स्रोतों पर मंथन हुआ।   

पंचायतों और शहरी निकायों की आत्मनिर्भरता पर राष्ट्रीय सम्मेलन में मंथन ( फोटो स्रोत :  जागरण )

पंचायतों और शहरी निकायों की आत्मनिर्भरता पर राष्ट्रीय सम्मेलन में मंथन ( फोटो स्रोत : जागरण )

HighLights

  1. पंचायतों और शहरी निकायों की आत्मनिर्भरता पर राष्ट्रीय सम्मेलन।

  2. स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से आय बढ़ाने पर जोर।

  3. अन्य राज्यों के प्रतिनिधियों ने नवाचार और कार्यप्रणालियां साझा कीं।

संदीप कुमार, गुरुग्राम। पंचायतों और नगर निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए स्थानीय संसाधनों का बेहतर उपयोग करने और आय के नए स्रोत विकसित करने पर जोर दिया गया।

रविवार को गुरुग्राम विश्वविद्यालय में स्वर्ण जयंती हरियाणा वित्तीय प्रबंधन संस्थान की ओर से आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन में शहरी स्थानीय निकायों और पंचायती राज संस्थाओं के सशक्तीकरण पर मंथन किया गया।

अच्छी कार्यप्रणाली का दस्तावेज किया गया तैयार

शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल ने कहा कि शहरों की अच्छी कार्यप्रणालियों का दस्तावेज तैयार कर सभी नगर निगमों, नगर परिषदों और नगर पालिकाओं तक पहुंचाया जाएगा।

उन्होंने प्रॉपटी टैक्स, फीस, विज्ञापन और उपलब्ध संपत्तियों के बेहतर उपयोग से आय बढ़ाने पर जोर दिया। पूजा सामग्री के अपशिष्ट प्रबंधन और जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए नए विकल्प अपनाने की बात भी कही।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के 87 शहरी स्थानीय निकायों में से 84 में टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। सफाई, पेयजल, सीवर, जल निकासी और स्ट्रीट लाइट जैसी सुविधाओं के साथ डिजिटल सेवाओं का विस्तार किया जाएगा।

विकास एवं पंचायत मंत्री कृष्ण लाल पंवार ने पंचायत प्रतिनिधियों से पंचायती जमीन का सदुपयोग कर आमदनी बढ़ाने का आह्वान किया।

चार राज्यों के प्रतिनिधियों ने साझा किए नवाचार

सम्मेलन में सोनीपत के मेयर राजीव जैन, करनाल की मेयर रेणु बाला और महाराष्ट्र के मलकापुर से तेजस सोनवले ने शहरी निकायों की कार्यप्रणालियां साझा कीं।

पंचायतों के सत्र में महाराष्ट्र के धूलगांव के सरपंच शिवदास चंद्रकांत भोसले ने बताया कि उनकी स्टडी बेल पहल से 43 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय छात्रवृत्ति मिली है।

उन्होंने एक मिनट में चार हजार पौधे लगाने और 25 एकड़ में जैव विविधता वन विकसित करने की जानकारी दी।

जल संरक्षण पर अनुभव किए गए साझा..

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के भरतपुर गांव की प्रधान नीलम देवी ने आईआईटी कानपुर की तकनीकी सहायता से जैविक खाद उत्पादन और कचरा प्रबंधन के जरिए वर्ष 2024-25 में 21.07 लाख रुपये राजस्व जुटाने तथा 25.38 लाख रुपये अनुदान मिलने की जानकारी दी।

मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले की ग्राम पंचायत टेमला के सरपंच मुकेश चौहान ने श्रमदान से जल संरक्षण और चेक डैम निर्माण के अनुभव साझा किए।

हरियाणा के पलवल जिले की महाग्राम पंचायत भिदुकी की सरपंच शशि बाला ने महिला हेल्प ग्रुप और ग्रामीण विकास के कार्यों की जानकारी दी।

उन्होंने वर्ष 2001 में गुजरात के भुज भूकंप के दौरान रेडक्रास के साथ राहत कार्यों में योगदान के लिए राष्ट्रपति से सम्मानित होने का उल्लेख किया।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में अवैध होर्डिंग के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, सभी आउटडोर विज्ञापन का होगा विस्तृत सर्वेक्षण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।