विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में अवैध होर्डिंग के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई, सभी आउटडोर विज्ञापन का होगा विस्तृत सर्वेक्षण

Published: Tue, 24 Nov 2026 01:04 AM (IST)

नगर निगम गुरुग्राम शहर में सभी आउटडोर विज्ञापनों का पूरा हिसाब तैयार करने के लिए विशेष सर्वेक्षण कराएगा। यह सर्वेक्षण छह जोन में होगा, जिसमें यूनिपोल से लेकर गैन्ट्री तक सभी विज्ञापन स्थलों की जियो-टैग्ड तस्वीरों के साथ 27 नवंबर तक रिपोर्ट सौंपनी होगी।

गुरुग्राम में सभी आउटडोर विज्ञापन स्थलों का होगा विस्तृत सर्वेक्षण ( एआई जेनरेटेड इमेज)

गुरुग्राम में सभी आउटडोर विज्ञापन स्थलों का होगा विस्तृत सर्वेक्षण ( एआई जेनरेटेड इमेज)

HighLights

  1. नगर निगम गुरुग्राम आउटडोर विज्ञापनों का सर्वेक्षण करेगा।

  2. छह जोन में सभी विज्ञापन स्थलों की पहचान होगी।

  3. जियो-टैग्ड तस्वीरों के साथ 27 नवंबर तक रिपोर्ट।

संदीप कुमार, गुरुग्राम। नगर निगम गुरुग्राम अब शहर में लगे सभी आउटडोर विज्ञापनों का पूरा हिसाब तैयार करेगा। इसके लिए निगम के छह जोन में विशेष सर्वेक्षण कराया जाएगा।

यूनिपोल से लेकर होर्डिंग, दीवारों पर लगे विज्ञापन, एलईडी स्क्रीन और गैन्ट्री तक किसी भी विज्ञापन स्थल को सर्वे से बाहर नहीं रखा जाएगा।

पूरी रिपोर्ट सौंपने के दिए निर्देश

निगमायुक्त डॉ पंकज ने सभी संयुक्त आयुक्तों को अपने-अपने क्षेत्र में सर्वेक्षण की व्यक्तिगत निगरानी करने और 27 नवंबर तक पूरी रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।

निगमायुक्त ने सोमवार को जारी निर्देशों में कहा कि शहर में मौजूद विज्ञापन स्थलों की वास्तविक स्थिति का पता लगाने के लिए केवल पुराने रिकार्ड पर निर्भर न रहें। सभी छह जोन में भौतिक सर्वेक्षण कर प्रत्येक विज्ञापन स्थल की पहचान की जाए।

इसमें यूनिपोल, वाल रैप, डिजिटल एवं एलईडी स्क्रीन, होर्डिंग, गैन्ट्री और अन्य आउटडोर विज्ञापन माध्यम शामिल होंगे। सर्वेक्षण के दौरान विज्ञापन संरचना का प्रकार, पूरा पता, संबंधित सड़क और नजदीकी पहचान चिह्न का विवरण दर्ज करना होगा।

फोटो के साथ अक्षांश और देशांतर भी होंगे दर्ज

सर्वेक्षण को प्रमाणिक बनाने के लिए प्रत्येक विज्ञापन स्थल की हालिया और स्पष्ट जियो-टैग्ड तस्वीरें भी अनिवार्य की गई हैं। तस्वीर में विज्ञापन संरचना के साथ आसपास का क्षेत्र भी दिखाई देना चाहिए।

इसके साथ संबंधित स्थल के अक्षांश और देशांतर का विवरण भी रिपोर्ट में दर्ज करना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर विज्ञापन स्थल की वास्तविक लोकेशन की पहचान की जा सके।

छह जोन के संयुक्त आयुक्तों की तय होगी जवाबदेही

निगमायुक्त ने जोन-1 से जोन-6 तक के सभी संयुक्त आयुक्तों को सर्वेक्षण की जिम्मेदारी सौंपी है। उन्हें स्वयं निगरानी कर यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके क्षेत्र में कोई भी विज्ञापन स्थल सर्वेक्षण से छूटे नहीं।

रिपोर्ट के साथ प्रत्येक संयुक्त आयुक्त को हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र भी देना होगा। इसमें उन्हें प्रमाणित करना होगा कि उनके व्यक्तिगत पर्यवेक्षण में पूरे जोन का सर्वेक्षण कराया गया है और सभी विज्ञापन स्थलों को रिकार्ड में शामिल किया गया है।

27 नवंबर तक पूरी रिपोर्ट सौंपनी होगी

नगर निगम का उद्देश्य विज्ञापन स्थलों का व्यवस्थित और अद्यतन रिकॉर्ड तैयार करना है। इसके लिए सभी संयुक्त आयुक्तों को 27 नवंबर 2026 तक अपने-अपने जोन की सर्वेक्षण रिपोर्ट और हस्ताक्षरित प्रमाण-पत्र निगमायुक्त कार्यालय में जमा कराने होंगे।

इस रिकार्ड के आधार पर निगम क्षेत्र में आउटडोर विज्ञापन माध्यमों की निगरानी और प्रशासनिक व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में रिश्वतखोरी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, शिवाजी नगर थाने में एडिशनल SHO को किया गिरफ्तार 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।