गुरुग्राम में गलत दिशा से आई हैरियर गाड़ी ने स्कूटी को मारी टक्कर, इंजीनियरिंग छात्र समेत दो की मौत
गुरुग्राम में गलत दिशा से आ रही टाटा हैरियर ने स्कूटी को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौत ...और पढ़ें
-1775385816565_m.webp)
गुरुग्राम में गलत दिशा में वाहन चलाने की वजह से दो युवकों की गई जान। (एआई से निर्मित ग्राफिक्स)
HighLights
गलत दिशा से आई टाटा हैरियर ने स्कूटी को टक्कर मारी।
इंजीनियरिंग छात्र कार्तिक सुरेश और चालक रितिक की मौत।
हादसे के बाद चालक गाड़ी छोड़कर मौके से फरार।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। एक बार फिर शहर में गलत दिशा में वाहन चलाने की वजह से दो युवकों की जान चली गई। गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड की तरफ से तेज रफ्तार गलत दिशा से आई टाटा हैरियर गाड़ी ने सेक्टर 57 में दि लीजेंड सोसायटी के पास सामने से आ रही स्कूटी को टक्कर मार दी।
हादसे में स्कूटी चला रहे युवक और पीछे बैठे इंजीनियरिंग छात्र की मौत हो गई। घटना के बाद गाड़ी चालक गाड़ी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया। सेक्टर 56 थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस के अनुसार मृत छात्र की पहचान सेक्टर 60 अदाणी समसारा सोसायटी में रहने वाले 24 वर्षीय कार्तिक सुरेश के रूप में की गई। मूल रूप से चेन्नई के रहने वाले परिवार ने बताया कि कार्तिक पहले चेन्नई के कालेज से इंजीनियरिंग कर रहे थे। कुछ महीने पहले उन्हें गुरुग्राम बुला लिया गया।
कार्तिक अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गए
इसके बाद वह अब आइएमटी मानेसर स्थित निजी कालेज में छठे सेमेस्टर में पढ़ रहे थे। शुक्रवार रात कार्तिक अपने दोस्त की जन्मदिन की पार्टी में गए थे। रात करीब दो बजे वह पार्टी से ओला-उबर स्कूटी के माध्यम से वापस घर जा रहे थे। इससे पहले उनकी मां से बात भी हुई थी।
रात करीब ढाई बजे जब स्कूटी धर्म मार्ग रोड से होते हुए गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन की तरफ जा रही थी तब लीजेंड सोसायटी के सामने टाटा हैरियर गाड़ी ने टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि हैरियर गाड़ी चालक अपने वाहन को न सिर्फ ओवर स्पीड में चला रहा था, बल्कि उसकी गाड़ी गलत दिशा से भी चल रही थी।
रात के अंधेरे में मौका पाकर आरोपित चालक वहां से भाग निकला। आसपास के लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम दोनों घायलों को आर्टिमिस अस्पताल ले गई। यहां डाक्टरों ने कार्तिक को मृत घोषित कर दिया। सेक्टर 56 थाना पुलिस ने शनिवार को शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया।
इलाज के दौरान दूसरे युवक ने भी तोड़ा दम
पुलिस ने स्कूटी चला रहे युवक की पहचान रितिक के रूप में की। वह मूल रूप से मोतिहारी जिले का रहने वाला है। उसका इलाज आर्टिमिस अस्पताल के आइसीयू में चल रहा था। शनिवार रात उसने भी दम तोड़ दिया। बताया जाता है कि रितिक गुरुग्राम के एक काल सेंटर में काम करता था। साथ ही पार्ट टाइम ओला उबर में स्कूटी चलाता था। कार्तिक ने इसकी स्कूटी को बुक किया था।
थाना पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से गाड़ी को जब्त कर लिया गया है। गाड़ी यूपी16ईएफ4574 नोएडा के पते पर रजिस्टर्ड है। पुलिस इसके मालिक के बारे में जानकारी जुटा रही है। बता दें कि इससे पहले भी शहर में गलत दिशा से वाहन चलाने की वजह से कई हादसे हुए हैं। अभी चार मार्च को ही सुशांत लोक थाना क्षेत्र में भी गलत दिशा से आई थार गाड़ी की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई थी।
