विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में बुलडोजर के सामने खड़ी हो गईं 100 महिलाएं, HSVP टीम का विरोध; बिना कार्रवाई ही लौटना पड़ा

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:37 AM (IST)

गुरुग्राम के सेक्टर-37सी स्थित क्रोना आप्टस सोसायटी में राजस्व रास्ते से अतिक्रमण हटाने पहुंची एचएसवीपी टीम को महिलाओं के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

क्रोना ऑप्टस सोसायटी में तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान बुलडोजर के सामने खड़ी होकर विरोध करतीं महिलाएं। जागरण

क्रोना ऑप्टस सोसायटी में तोड़फोड़ कार्रवाई के दौरान बुलडोजर के सामने खड़ी होकर विरोध करतीं महिलाएं। जागरण

HighLights

  1. गुरुग्राम में एचएसवीपी टीम को अतिक्रमण हटाने में भारी विरोध

  2. 100 से अधिक महिलाओं ने बुलडोजर के सामने खड़े होकर विरोध किया

  3. पुलिस बल की कमी से एचएसवीपी दस्ता बिना कार्रवाई लौटा

जागरण संवाददाता, नया गुरुग्राम।  सेक्टर-37सी स्थित क्रोना ऑप्टस सोसायटी में राजस्व रास्ते की जमीन से अतिक्रमण हटाने पहुंची एचएसवीपी की टीम को भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

कार्रवाई के दौरान सोसायटी की 100 से अधिक महिलाएं बुलडोजर के सामने खड़ी हो गईं। इसके बाद 250 से 300 लोग मौके पर जुट गए और एचएसवीपी व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

पुलिस बल की कमी के चलते तोड़फोड़ दस्ते को वापस लौटना पड़ा।

100 से अधिक महिलाएं बुलडोजर के सामने

बृहस्पतिवार शाम एचएसवीपी का तोड़फोड़ दस्ता राजस्व रास्ते की जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराने पहुंचा था। कार्रवाई शुरू होते ही सोसायटी की 100 से अधिक महिलाएं बुलडोजर के सामने खड़ी हो गईं।

विरोध बढ़ने के साथ ही करीब 250 से 300 लोग मौके पर पहुंच गए। लोगों ने एचएसवीपी और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति को देखते हुए और पर्याप्त पुलिस बल नहीं होने के कारण टीम को वापस लौटना पड़ा।

राजस्व रास्ते पर दीवार बनाने का आरोप

क्रोना ऑप्टस सोसायटी में करीब 750 परिवार रहते हैं। सोसायटी के बीच से एक राजस्व रास्ता निकलता है। सेक्टर-37सी की आरडब्ल्यूए ने पिछले महीने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अध्यक्षता में हुई लोक परिवाद समिति की बैठक में शिकायत की थी।

आरडब्ल्यूए का आरोप था कि सोसायटी के निवासियों ने राजस्व रास्ते की जमीन पर दीवार खड़ी कर कब्जा किया हुआ है। आरोप है कि इस जमीन का इस्तेमाल पार्क के रूप में किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर हुई कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने मामले में एचएसवीपी को कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इसके बाद नौ सितंबर को एचएसवीपी के तत्कालीन संपदा अधिकारी राकेश सैनी ने रास्ते को खाली कराने के आदेश जारी किए थे।

बुधवार दोपहर उपमंडल अभियंता सर्वे परविंद्र सिंह की अध्यक्षता में एचएसवीपी का तोड़फोड़ दस्ता सोसायटी पहुंचा था। टीम ने सेक्टर-37सी की तरफ बनी दीवार तोड़ दी।

इसके बाद तक्षिला हाइट्स की तरफ से दीवार तोड़ने की कार्रवाई शुरू होने पर बड़ी संख्या में लोग विरोध में उतर आए।

एचएसवीपी के उपमंडल अभियंता परविंद्र सिंह ने कहा कि अगले सप्ताह भारी पुलिस बल के साथ राजस्व रास्ते को अतिक्रमणमुक्त कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- गुरुग्राम में बनेगा इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर, म्यूजियम भी होगा; NBCC और IRFC का बड़ा प्रोजेक्ट