विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गुरुग्राम में बनेगा इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर, म्यूजियम भी होगा; NBCC और IRFC का बड़ा प्रोजेक्ट

Published: Fri, 02 Oct 2026 09:20 AM (IST)

गुरुग्राम में भारत की सांस्कृतिक विरासत को बढ़ावा देने और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर (IICC) का निर्माण किया जाएगा।

गुरुग्राम में बनेगा कल्चरल सेंटर। फोटो: आर्काइव

गुरुग्राम में बनेगा कल्चरल सेंटर। फोटो: आर्काइव

HighLights

  1. गुरुग्राम में इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर का निर्माण होगा

  2. एनबीसीसी और आइडीपीएस ने निर्माण के लिए समझौता किया

  3. केंद्र में सरस्वती संग्रहालय, गुरुकुल और शोध केंद्र होंगे

जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। साइबर सिटी में भारत की सांस्कृतिक विरासत और वैश्विक सांस्कृतिक आदान-प्रदान को बढ़ावा देने के लिए इंडिया इंटरनेशनल कल्चरल सेंटर (IICC) बनाया जाएगा।

इसके निर्माण के लिए आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय के अधीन नवरत्न सीपीएसई एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने इंटरनेशनल दिव्य परिवार सोसायटी (IDPS), नई दिल्ली के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए हैं।

परियोजना इंडियन रेलवे फाइनेंस कॉरपोरेशन (IRFC) की सीएसआर पहल के तहत विकसित की जाएगी।

सेक्टर-9ए में बनेगा सांस्कृतिक केंद्र

प्रस्तावित IICC सेक्टर-9ए में बनाया जाएगा। यह इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से करीब 20 मिनट की दूरी पर और द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक होगा।

केंद्र को भारत और विश्व के बीच सांस्कृतिक सेतु के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों, कलाकारों, विद्वानों और पर्यटकों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक गतिविधियां आयोजित की जा सकेंगी।

सरस्वती संग्रहालय और गुरुकुल होगा

केंद्र में प्राचीन भारतीय ज्ञान प्रणालियों और पांडुलिपियों को समर्पित सरस्वती संग्रहालय बनाया जाएगा। संस्कृत और अन्य भारतीय भाषाओं के प्रचार-प्रसार के लिए गुरुकुल और भाषा विद्यालय भी होंगे।

इसके अलावा अत्याधुनिक सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। केंद्र में शोध केंद्र, पुस्तकालय और अभिलेखागार की सुविधा भी होगी।

13,562 वर्ग फुट में होगा निर्माण

IICC का निर्माण 1,260 वर्ग मीटर यानी 13,562.64 वर्ग फुट के भूखंड पर किया जाएगा। भवन में तीन बेसमेंट, स्टिल्ट, भूतल और सात मंजिलें होंगी। पूरे परिसर को ग्रीन बिल्डिंग के रूप में विकसित किया जाएगा।

लागत को लेकर दो आंकड़े

परियोजना की अनुमानित लागत 31.50 करोड़ रुपये (जीएसटी रहित) बताई गई है। वहीं, एमओयू में निर्माण कार्य के लिए 26.69 करोड़ रुपये (जीएसटी रहित) की परियोजना का उल्लेख है।

परियोजना की प्रमुख जानकारी

बिंदु जानकारी
स्थान सेक्टर-9ए, गुरुग्राम
भूखंड 1,260 वर्ग मीटर
क्षेत्रफल 13,562.64 वर्ग फुट
भवन 3 बेसमेंट, स्टिल्ट, भूतल और 7 मंजिल
अनुमानित लागत 31.50 करोड़ रुपये (जीएसटी रहित)
एमओयू में निर्माण लागत 26.69 करोड़ रुपये (जीएसटी रहित)
परियोजना IRFC की CSR पहल
निर्माण एजेंसी NBCC (इंडिया) लिमिटेड

एमओयू पर इन अधिकारियों ने किए हस्ताक्षर

एमओयू के दौरान एनबीसीसी के सीएमडी डॉ. केपी महादेवास्वामी, IICC अध्यक्ष डॉ. योगेंद्र नारायण तथा IDPS अध्यक्ष डॉ. अमित जैन सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें- हरियाणा में जोनिंग नियमों को बदलने की तैयारी, गुरुग्राम के हजारों मकान मालिकों पर पड़ेगा सीधा असर