न्यूजीलैंड से लौटने पर उठाया खौफनाक कदम, गुरुग्राम में 11वीं मंजिल से कूदकर महिला ने की खुदकुशी
गुरुग्राम के औरा अपार्टमेंट में एक महिला ने 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। न्यूजीलैंड से वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण लौटने के बाद वह मानसिक तनाव में थी।

गुरुग्राम में 11वीं मंजिल से कूदकर महिला ने की आत्महत्या। फोटो: सांकेतिक
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। बजघेड़ा थाना क्षेत्र के सेक्टर-110 स्थित औरा सोसायटी में एक महिला ने फ्लैट की 11वीं मंजिल से कूदकर आत्महत्या कर ली। डॉक्टर
वह कुछ समय पहले ही न्यूजीलैंड से आई थी और अपने पिता के घर रह रही थी। मानसिक रूप से परेशान थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद स्वजन को सौंप दिया और जांच शुरू कर दी है।
सोसायटी में तेज आवाज सुनकर मौके पर पहुंचे लोग
मृतका की पहचान 30 वर्षीय नेहा तिवारी के रूप में हुई है। घटना रविवार शाम करीब सात बजे की है। सोसायटी में तेज आवाज सुनकर लोग मौके पर पहुंचे तो महिला लहूलुहान हालत में नीचे पड़ी थी।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस का कहना है कि प्रथमदृष्टया मामला आत्महत्या का लग रहा है, लेकिन स्वजन के बयान और अन्य पहलुओं से भी जांच की जा रही है।
वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण लौटी थीं भारत
परिवार के अनुसार, नेहा की शादी साल 2021 में बनारस के रहने वाले शुभम शर्मा से हुई थी। वह पहले गुरुग्राम की एक आईटी कंपनी में सॉफ्टवेयर इंजीनियर के तौर पर कार्यरत थे। कुछ महीने पहले उनकी नौकरी न्यूजीलैंड की एक कंपनी में लग गई थी।
इसके बाद शुभम और नेहा दोनों न्यूजीलैंड रहने के लिए चले गए थे। योजना परमानेंट शिफ्ट होने की थी, लेकिन नेहा को वहां परमानेंट रहने की अनुमति नहीं मिल पाई।
वीजा संबंधी दिक्कतों के कारण उन्हें भारत लौटना पड़ा, जबकि पति शुभम न्यूजीलैंड में ही रह गए। परिवार के लोगों ने बताया कि भारत लौटने के बाद से ही नेहा मानसिक रूप से काफी परेशान रहने लगी थीं।
वह अपने पिता के साथ औरा अपार्टमेंट में रह रही थीं। उनके पिता ब्रजराज तिवारी सेना से रिटायर्ड कर्नल हैं। घटना के समय वह फ्लैट की बालकनी में थीं। इसी दौरान यह घटना हुई। पुलिस सोसायटी के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।