गुरुग्राम में सर्दी बढ़ते ही एक्शन में नगर निगम, शहर के 6 रैन बसेरों में नए गद्दे-रजाई के साथ हीटर की व्यवस्था
नगर निगम गुरुग्राम ने सर्दी के बढ़ते असर को देखते हुए रैन बसेरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। इस बार बेसहारा लोगों को गद्दे, रजाई, हीटर और सुबह चाय जैसी सुविधाएं मिलेंगी।
-1795948049959_m.webp)
गुरुग्राम में बनाया गया रैन बसेरा। फोटो-जागरण
HighLights
रैन बसेरों में गद्दे, रजाई और हीटर की सुविधा उपलब्ध।
कादीपुर, बादशाहपुर रैन बसेरों में सुबह चाय मिलेगी।
निगरानी के लिए केयरटेकर, चौकीदार और नोडल अधिकारी नियुक्त।
संदीप रतन/संजय गुलाटी, गुरुग्राम। सर्दी का असर बढ़ने के साथ ही खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेसहारा और जरूरतमंद लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने रैन बसेरों में व्यवस्थाएं दुरुस्त की हैं। इस बार रैन बसेरों में केवल सोने के लिए जगह ही नहीं, बल्कि गद्दे, रजाइयां और ठंड से बचाव के लिए हीटर की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
शनिवार रात जागरण टीम ने शहर के रैन बसेरों में पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पड़ताल में सामने आया कि निगम की ओर से लोगों को ठंड से बचाने के लिए इंतजाम किए जा रहे हैं। कादीपुर और बादशाहपुर के रैन बसेरों में सुबह चाय की व्यवस्था भी की गई है, ताकि रात गुजारने वाले लोगों को सुबह ठंड में गर्म चाय मिल सके।
छह स्थानों पर बनाए गए हैं रैन बसेरे
नगर निगम गुरुग्राम की ओर से इस बार छह स्थानों पर रैन बसेरों और पोर्टा केबिन की व्यवस्था की गई है। इनमें महावीर चौक बस स्टैंड, कादीपुर वार्ड-10, भीम नगर सेक्टर-4/7 चौक, बादशाहपुर दरबारीपुर रोड, गांव कन्हई सामुदायिक केंद्र और राजीव चौक शामिल हैं।
इन सभी स्थानों पर लोगों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। निगम की ओर से रैन बसेरों तक पहुंचने के लिए दिशा-सूचक बोर्ड भी लगाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंद लोगों को इनका पता लगाने में परेशानी न हो।
नए गद्दे और रजाइयों का भी इंतजाम
इस बार रैन बसेरों में पुराने बिस्तरों के साथ नए गद्दे और रजाइयों का भी इंतजाम किया जा रहा है। पिछले साल करीब 200 गद्दे और रजाइयों की व्यवस्था की गई थी। इस बार भी जरूरत के अनुसार नए बिस्तर तैयार किए गए हैं।

रैन बसेरों में हीटर की सुविधा भी दी गई है, जिससे रात के समय तापमान गिरने पर लोगों को राहत मिल सके। निगम का प्रयास है कि यहां आने वाले लोगों को खुले में सोने की मजबूरी न रहे और वे सुरक्षित स्थान पर रात गुजार सकें।
रजिस्टर में दर्ज होगा आने वालों का ब्योरा
रैन बसेरों में आने वाले लोगों की जानकारी दर्ज करने के लिए रजिस्टर रखा गया है। इसमें ठहरने वाले व्यक्तियों का विवरण दर्ज किया जाएगा। इसके अलावा प्रत्येक रैन बसेरे में केयरटेकर और चौकीदार की व्यवस्था की गई है, ताकि रात के समय भी निगरानी बनी रहे और किसी व्यक्ति को परेशानी होने पर सहायता मिल सके। निगम ने कर्मचारियों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी है।
निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त
नगर निगम की ओर से छह नवंबर 2026 से 31 मार्च 2027 तक रैन बसेरों की देखरेख के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक रैन बसेरे के लिए कर्मचारी और चौकीदार नियुक्त किए गए हैं। नगर परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद को सभी रैन बसेरों के निरीक्षण के लिए नोडल अधिकारी बनाया गया है।

नगर परियोजना अधिकारी द्वारका प्रसाद ने बताया कि सर्दी के मौसम को देखते हुए नगर निगम की ओर से सभी रैन बसेरों में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। गद्दे, रजाइयों और हीटर की व्यवस्था की जा रही है।
लोगों को सुबह चाय उपलब्ध कराने के साथ ही रैन बसेरों में केयरटेकर की ड्यूटी भी लगाई गई है। सभी स्थानों पर नियमित निरीक्षण किया जाएगा, ताकि जरूरतमंद लोगों को ठंड से बचाव के लिए किसी तरह की परेशानी न हो।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।