गुरुग्राम में भोंडसी जेल के वार्डन ने क्वार्टर में लगाई फांसी, नहीं मिला सुसाइड नोट; जांच में जुटी पुलिस
गुरुग्राम की भोंडसी जेल में तैनात 52 वर्षीय वार्डन लाल सिंह ने अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है और मामले की जांच जारी है, जिसमें घरेलू कलह की अटकलें भी शामिल हैं।

भोंडसी जेल, गुरुग्राम। फाइल फोटो - सोशल मीडिया
HighLights
भोंडसी जेल वार्डन ने अपने क्वार्टर में की आत्महत्या।
मृतक लाल सिंह 52 वर्ष के थे, सिरसा के निवासी।
पुलिस को कोई सुसाइड नोट नहीं मिला, जांच जारी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में भोंडसी जेल में तैनात एक वार्डन ने अपने क्वार्टर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। शनिवार शाम को उनका शव क्वार्टर के अंदर फंदे पर लटका मिला। घटना के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर भोंडसी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
मृतक की पहचान लाल सिंह के रूप में की गई। वह 52 साल के थे और मूल रूप से सिरसा जिले के रहने वाले थे। भोंडसी जेल के अधिकारियों के अनुसार, लाल सिंह करीब सात साल से भोंडसी जेल में वार्डन के रूप में तैनात थे।
बताया जाता है कि लाल सिंह जेल परिसर में बने क्वार्टर में एक अन्य वार्डन के साथ रहते थे। दूसरा वार्डन तीन दिन पहले छुट्टी पर गया था। इस दौरान लाल सिंह अकेले ही क्वार्टर में रह रहे थे। दो दिन से लाल सिंह ड्यूटी पर नहीं आए थे।
कोई जवाब नहीं आया
वहीं, शनिवार शाम को जब दूसरा वार्डन छुट्टी से वापस आया, तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। काफी देर तक आवाज देने के बाद भी अंदर से कोई जवाब नहीं आया। इस पर अन्य कर्मचारियों को बुलाया गया। उनकी मौजूदगी में जब दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर लाल सिंह फंदे पर लटके पाए गए।
वहीं, घटना की सूचना तुरंत जेल के उच्च अधिकारियों और पुलिस को दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
कारणों को लेकर अटकलें
जेल सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले लाल सिंह के खिलाफ किसी मामले में शिकायत हुई थी। इस मामले में उन्हें लाइन हाजिर भी किया गया था, लेकिन उसके बाद उनकी ड्यूटी ठीक चल रही थी। आत्महत्या के कारणों की अभी जानकारी साफ नहीं हो पाई है।
कुछ लोगों का कहना है कि लाल सिंह घरेलू कलह से परेशान चल रहे थे। हालांकि, पुलिस का कहना है कि अभी किसी भी कारण की पुष्टि नहीं हुई है। भोंडसी थाना पुलिस ने मामले में जांच शुरू कर दी है। पुलिस स्वजन से भी बातचीत कर रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।