पलवल में प्रिंसिपल की प्रताड़ना से आहत 9वीं के छात्र ने दी जान, पुलिस ने दर्ज किया केस; तलाश जारी
पलवल के डीआरपी स्कूल में नौवीं के छात्र दिवेश ने प्रिंसिपल की मारपीट और प्रताड़ना से आहत होकर आत्महत्या कर ली। पुलिस ने प्रिंसिपल सोनू गुप्ता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है, आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

पलवल में छात्र द्वारा आत्महत्या के मामले में पुलिस मौके पर पहुंची। फाइल फोटो - जागरण
HighLights
पलवल में नौवीं के छात्र ने आत्महत्या की।
प्रिंसिपल की मारपीट और धमकी से छात्र आहत था।
पुलिस ने प्रिंसिपल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जागरण संवाददाता, पलवल। पलवल के डीआरपी स्कूल में प्रिंसिपल की मारपीट से आहत होकर 9वीं कक्षा के छात्र ने आत्महत्या कर ली। मृतक के पिता की शिकायत पर शहर थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है।
शिकायतकर्ता लखन के अनुसार, उनका बड़ा बेटा दिवेश कालड़ा कॉलोनी स्थित डीआरपी पब्लिक स्कूल में कक्षा 9वीं में पढ़ता था और छोटा बेटा गौरव कक्षा 8वीं में पढ़ाई करता है। आरोप है कि स्कूल के प्रिंसिपल सोनू गुप्ता लंबे समय से बच्चों से रंजिश रखते थे।
शनिवार को दिवेश की कक्षा के ही बच्चे से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। आरोप है कि इसके बाद प्रिंसिपल सोनू गुप्ता को सभी छात्रों के सामने दिवेश को मारा-पीटा और जीवन बर्बाद करने व सामाजिक बेइज्जती करने की धमकी दी।
आरोपों के मुताबिक, स्कूल समय में दिवेश की मां संध्या को बुलाकर अपमानित किया गया और दिवेश के साथ घर भेज दिया गया, जबकि छोटे बेटे गौरव को रोककर धमकी दी गई।
शिकायत में कहा गया कि मानसिक तनाव और लगातार प्रताड़ना से आहत होकर दिवेश ने घर पहुंचने के बाद ऊपरी कमरे में फांसी लगा ली। जब काफी देर तक वह नीचे नहीं आया, तो छोटे भाई गौरव ने दरवाजे के ऊपर की जगह से उसे पंखे से लटका देखा।
वहीं, शोर मचाने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे तुरंत सरकारी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
शहर थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, मामले में रात को मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जिला नागरिक अस्पताल में मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। मामले की गहनता से जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।