विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ये क्या हो रहा है..? गुरुग्राम में एजेंसियों की कोताही, कूड़ा संग्रहण में हो रही लेटलतीफी, बढ़ी परेशानी

Published: Fri, 20 Nov 2026 12:27 AM (IST)

गुरुग्राम में घर-घर से कूड़ा उठाने के लिए अनुबंधित नई एजेंसियों ने एक महीना बीतने के बाद भी काम शुरू नहीं किया है, जिससे पुरानी एजेंसी ही यह जिम्मेदारी निभा रही है।  

अनुबंध के एक महीने बाद भी नई एजेंसियों ने नहीं संभाला कूड़ा उठाने का काम ( फोटो स्रोत : जागरण)

अनुबंध के एक महीने बाद भी नई एजेंसियों ने नहीं संभाला कूड़ा उठाने का काम ( फोटो स्रोत : जागरण)

HighLights

  1. नई एजेंसियों ने कूड़ा संग्रहण शुरू नहीं किया।

  2. अनुबंध के एक माह बाद भी काम अटका।

  3. संसाधन तैनाती की समय सीमा हुई समाप्त।

संदीप रतन, गुरुग्राम। शहर में घर-घर से कूड़ा उठाने की जिम्मेदारी संभालने के लिए नगर निगम की ओर से चयनित दो निजी एजेंसियों के साथ अनुबंध हुए एक महीना बीत चुका है, लेकिन अभी तक नई एजेंसियों ने काम शुरू नहीं किया है।

फिलहाल पुरानी एजेंसी ही घर-घर से कूड़ा एकत्र कर रही है। नगर निगम की टेंडर शर्तों के अनुसार एजेंसियों को अनुबंध पर हस्ताक्षर होने के 30 दिन के भीतर वाहनों, मशीनरी और कर्मचारियों में से कम से कम 50 प्रतिशत की तैनाती करनी थी।

नई संग्रहण की व्यवस्था नहीं हुई शुरू

इसके बाद अगले 30 दिन में शेष संसाधन उपलब्ध कराने थे। क्लस्टर-1 और क्लस्टर-2 के लिए दो अलग-अलग एजेंसियों के साथ 16 अक्टूबर और 19 अक्टूबर को अनुबंध पर हस्ताक्षर किए गए थे।

इस हिसाब से पहली एजेंसी के लिए 15 नवंबर और दूसरी के लिए 18 नवंबर तक 50 प्रतिशत संसाधन उपलब्ध कराने की समयसीमा पूरी हो चुकी है। 19 नवंबर तक दोनों एजेंसियों ने डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण की नई व्यवस्था शुरू नहीं की है।

टेंडर की शर्तों के अनुसार, एजेंसियों को कूड़ा संग्रहण के लिए अपने वाहन, मशीनरी और कर्मचारी उपलब्ध कराने होंगे। क्लस्टर-2 के परियोजना सूचना ज्ञापन में 90 ई-रिक्शा, 331 छोटे व्यावसायिक वाहन, आठ कंपैक्टर, चार जेसीबी और 17 हुक लोडर सहित अन्य संसाधनों लगाने हैं।

इनके संचालन के लिए चालक, सहायक, सुपरवाइजर और शिकायत केंद्र के कर्मचारी भी एजेंसी को ही रखने होंगे। दोनों क्लस्टरों में निर्धारित संसाधनों की तैनाती करके पूरी व्यवस्था संचालित करनी होगी। स्थायी एजेंसियों के काम शुरू नहीं करने और पूरे वाहन नहीं होने के कारण शहर में सड़कों के किनारे कूड़े के ढेर लग रहे हैं।

75 दिन बाद ठेका समाप्त करने का अधिकार

टेंडर के अनुसार अनुबंध के 30 दिन में कम से कम 50 प्रतिशत और 60 दिन में सभी जरूरी संसाधनों की तैनाती करनी होगी। 75 दिन बाद भी पूरी तैनाती नहीं होने पर नगर निगम को अनुबंध समाप्त करने, सुरक्षा राशि जब्त करने और संबंधित एजेंसी को दो साल के लिए प्रतिबंधित करने का अधिकार होगा।

दोनों एजेंसियों को पांच साल के लिए ठेका दिया गया है। संतोषजनक काम पर दो-दो साल के दो विस्तार भी दिए जा सकते हैं।

854 वाहन घरों से कूड़ा उठाने के कार्य में लगाने हैं।

3 घंटे में शिकायत का समाधान करना होगा।

2 एजेंसियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

36 वार्डों से कूड़ा उठाया जाएगा।

इलेक्ट्रिक वाहनों के लिए चार्जिंग व्यवस्था भी जरूरी

इलेक्ट्रिक वाहनों को लेकर भी व्यवस्था करनी होगी। कूड़ा संग्रहण में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रिक वाहनों का उपयोग प्रस्तावित है। ऐसे में इनके नियमित संचालन के लिए चार्जिंग की सुविधा विकसित करना जरूरी है। हालांकि अभी तक चार्जिंग स्टेशन तैयार नहीं किए गए हैं। एजेंसियों को वाहनों की उपलब्धता के साथ उनके संचालन और रखरखाव की व्यवस्था भी करनी होगी।

जीपीएस और आरएफआइडी से होगी निगरानी

सभी संबंधित वाहनों में जीपीएस, आरएफआइडी और स्कैनिंग उपकरण लगाने होंगे। प्रत्येक घर और प्रतिष्ठान पर आरएफआइडी टैग लगाकर कूड़ा उठाने का रिकॉर्ड तैयार करना होगा। वाहनों की आवाजाही और कूड़ा संग्रहण की जानकारी नगर निगम के निगरानी तंत्र से जुड़ी रहेगी। कर्मचारियों की बायोमीट्रिक उपस्थिति और कचरे के परिवहन का रिकॉर्ड भी रखना होगा।

घरों से रोजाना और बाजारों से दो बार उठेगा कूड़ा

एजेंसियों को घरों से प्रतिदिन कम से कम एक बार और बाजारों, व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तथा सार्वजनिक क्षेत्रों से दिन में दो बार कूड़ा उठाना होगा। गीले, सूखे और घरेलू खतरनाक कचरे को अलग-अलग एकत्र करना होगा। कूड़ा खुले वाहनों में नहीं ले जाया जा सकेगा। इसे निर्धारित प्रसंस्करण स्थल बंधवाड़ी तक पहुंचाने की जिम्मेदारी भी एजेंसी की होगी। इसके अलावा सैनिटरी कचरा और ई-कचरा अलग एकत्र करना होगा। दो पुनर्चक्रण केंद्र भी स्थापित करने होंगे।


डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए तैयारी की जा रही है। एजेंसियों के पास 31 दिसंबर तक का समय है।--डॉ पंकज, आयुक्त नगर निगम गुरुग्राम

यह भी पढ़ें- धर्मांतरण प्रकरण में सामने आई ये सच्चाई, 20 साल पहले हिंदू धर्म छोड़कर ईसाई बना था प्रबीन, अब पहुंचा सलाखों के पीछे

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।