एयरपोर्ट से लौट रही महिला इंजीनियर से उबर ड्राइवर की गुंडागर्दी, मांगा दोगुना किराया; विरोध पर लॉक कर दी कार
दिल्ली से गुरुग्राम जा रही एक महिला सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ उबर ड्राइवर ने बदसलूकी की, अतिरिक्त किराया मांगा और ...और पढ़ें

625 रुपये के बदले ड्राइवर ने मांगे 1,479।
HighLights
उबर ड्राइवर ने महिला इंजीनियर से बदसलूकी की, अतिरिक्त किराया मांगा।
ड्राइवर ने कार लॉक कर घर तक पीछा किया, जान से मारने की धमकी।
उबर ने आरोपी ड्राइवर का अकाउंट ब्लॉक किया, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, गुरुग्राम। गुरुग्राम में कैब सुरक्षा पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। दिल्ली एयरपोर्ट से गुरुग्राम अपने घर लौट रही एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती के साथ उबर ड्राइवर द्वारा अभद्रता, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
पीड़िता की पहचान तनीषा शर्मा के रूप में हुई है, जिसने एक्स पर पोस्ट कर अपनी आपबीती साझा की है। पीड़िता के मुताबिक, घटना 26 अक्टूबर की सुबह करीब 4:45 बजे की है।
उबर ऐप से गुरुग्राम के लिए बुक की थी कैब
उन्होंने दिल्ली एयरपोर्ट टर्मिनल-तीन पर लैंड करने के बाद उबर ऐप से गुरुग्राम के लिए कैब बुक की थी। 20 मिनट की इस राइड के लिए ऐप पर 625 रुपये किराया दिख रहा था।
तनीषा ने आरोप लगाया कि ट्रिप खत्म होने के बाद ड्राइवर जमील जाहिद खान ने दूसरी कैब सर्विस रैपिडो का स्क्रीनशॉट दिखाया, जिसमें 1,479 रुपये किराया लिखा था।
ड्राइवर ने इसी रकम की मांग शुरू कर दी। जब तनीषा ने कहा कि उसने उबर बुक की है, रैपिडो नहीं, तो ड्राइवर बोला इस रूट का इतना ही होता है। तनीषा ने उबर ऐप पर दिख रहा 624.92 रुपये का भुगतान कर दिया, लेकिन ड्राइवर नहीं माना।
कार लॉक कर हाथ पकड़ा, लगेज नहीं निकालने दिया
पीड़िता ने अपनी पोस्ट में लिखा उन्होंने 625 रुपये चुका दिए, लेकिन ड्राइवर ने कार लॉक कर दी और कहा कि जब तक 1479 नहीं मिलेगा, सामान नहीं दिया जाएगा। जब मैंने सामान निकालने की कोशिश की तो उसने उनका हाथ पकड़ लिया और फ्रंट सीट की खिड़की बंद कर दी, ताकि वह अपना लगेज न निकाल सकें।
घर के गेट तक पीछा कर गाली-गलौज
तनीषा किसी तरह सामान निकालकर घर की तरफ भागी तो ड्राइवर भी पीछे-पीछे आ गया। आरोप है कि उसने घर के गेट को जबरदस्ती खोलने की कोशिश की और गाली गलौज की। किसी तरह वह घर के अंदर घुसकर दरवाजा बंद करने में कामयाब रही, तो ड्राइवर गेट पर चढ़ गया और जान से मारने की धमकी देने लगा।
सेफ्टी सपोर्ट भी नहीं मिला
सबसे गंभीर आरोप उबर की सेफ्टी व्यवस्था पर है। तनीषा ने लिखा वह इस डरावनी स्थिति में उबर के सेफ्टी सपोर्ट से संपर्क करने की कोशिश कर रही थीं, लेकिन ऐप पर सेफ्टी सपोर्ट का ऑप्शन ही उपलब्ध नहीं था।
यह सिर्फ किराया विवाद नहीं था, यह धमकी, शारीरिक हमला और उनके घर के दरवाजे पर सुरक्षा का उल्लंघन था। कहा कि उन्होंने कई देशों में कैब ली है, लेकिन कभी नहीं सोचा था कि अपने ही देश में घर लौटते हुए इतना असुरक्षित महसूस करेंगी
पुलिस और कंपनी ने लिया संज्ञान
मामला एक्स पर प्रसारित होने के बाद उबर इंडिया ने जवाब दिया है। कंपनी ने कहा है कि शिकायत पर संज्ञान लेते हुए आरोपित ड्राइवर जमील जाहिद खान का अकाउंट ब्लॉक कर दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, गुरुग्राम पुलिस ने भी एक्स पर पोस्ट का जवाब देते हुए पीड़िता से डीएम के जरिए संपर्क नंबर साझा करने को कहा है, ताकि आगे की कार्रवाई की जा सके। पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।
