गुरुग्राम के लोगों को कचरे से मिलेगी निजात, लगेंगे सेंसर स्मार्ट डस्टबिन
नगर निगम गुरुग्राम शहर में कचरा प्रबंधन सुधारने के लिए सेंसर-आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाएगा। ये डस्टबिन भरने से पहले ही ...और पढ़ें

गुरुग्राम में लगेंगे सेंसर वाले स्मार्ट डस्टबिन कचरा प्रबंधन होगा बेहतर ( फोटो स्रोत : जागरण)
HighLights
शहर में सेंसर आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना।
भरने से पहले निगम को अलर्ट, कचरा उठान में तेजी।
भूमिगत हाइड्रोलिक सिस्टम से कचरा व्यवस्थित रूप से एकत्र होगा।
संदीप कुमार, गुरुग्राम। शहर में कचरा प्रबंधन की बदहाल व्यवस्था को सुधारने के लिए नगर निगम अब तकनीक का सहारा लेने की तैयारी कर रहा है। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों और अधिक आवाजाही वाले क्षेत्रों में सेंसर आधारित स्मार्ट डस्टबिन लगाए जाएंगे।
इन आधुनिक कूड़ेदानों की खासियत होगी कि इनके भरने से पहले ही सेंसर के माध्यम से नगर निगम को अलर्ट मिल जाएगा। इसके बाद संबंधित सफाई टीम को कचरा उठाने के लिए भेजा जा सकेगा। योजना का उद्देश्य सार्वजनिक स्थानों पर कचरा जमा होने और डस्टबिन के बाहर गंदगी फैलने की समस्या को कम करना है।
कचरे को व्यवस्थित तरीके से एकत्रित किया जाएगा
प्रस्तावित स्मार्ट डस्टबिन सामान्य कूड़ेदानों से अलग होंगे। इनमें भूमिगत हाइड्रोलिक स्टोरेज सिस्टम लगाया जाएगा, जिससे कचरे को जमीन के नीचे व्यवस्थित तरीके से एकत्र किया जा सकेगा। इससे डस्टबिन के आसपास कचरा बिखरने की समस्या पर नियंत्रण पाने में मदद मिलेगी।
स्मार्ट डस्टबिन में फिल सेंसर लगाए जाएंगे, जो लगातार कचरे के स्तर की निगरानी करेंगे। जैसे ही डस्टबिन में कचरा निर्धारित सीमा तक पहुंचेगा, इसकी सूचना नगर निगम को मिल जाएगी। इसके आधार पर सफाई टीम को संबंधित स्थान पर भेजकर कचरा उठवाया जा सकेगा।
बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में डस्टबिन की कमी
एक तरफ नगर निगम स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना बना रहा है। वहीं दूसरी तरफ शहर के बाजारों और रिहायशी क्षेत्रों में सामान्य डस्टबिन की उपलब्धता भी बड़ी समस्या बनी हुई है। कई स्थानों पर डस्टबिन पर्याप्त संख्या में नहीं हैं। जहां कूड़ेदान लगाए गए हैं, उनमें से कई टूट चुके हैं या खराब स्थिति में हैं।
ऐसे में लोग खुले में कचरा डालने को मजबूर हैं। शहर के गार्बेज वर्नेबल प्वाइंट (जीवीपी) पर रखी जाने वाली ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बाहर भी लोग कचरा फेंक रहे हैं। नियमित उठान नहीं होने और पर्याप्त व्यवस्था के अभाव में कचरा आसपास फैल जाता है।
21 मार्केट सेक्टरों में सफाई व्यवस्था चुनौती
गुरुग्राम में करीब 21 मार्केट सेक्टर हैं। इनमें सदर बाजार जैसे प्रमुख बाजारों में भी सफाई व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। बाजारों में दुकानदारों और ग्राहकों की आवाजाही के कारण रोजाना बड़ी मात्रा में कचरा निकलता है।
पर्याप्त डस्टबिन और नियमित कचरा उठान नहीं होने से कई जगह गंदगी जमा हो जाती है। ऐसे में स्मार्ट डस्टबिन लगाने के साथ मौजूदा कूड़ेदानों की संख्या बढ़ाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने की भी जरूरत है।
36 नगर निगम के वार्ड
6 नगर निगम के जोन
10 से ज्यादा सफाई एजेंसियां
21 मार्केट सेक्टरों में बने
36 वार्डों में सफाई व्यवस्था की जिम्मेदारी
नगर निगम के दायरे में 36 वार्ड और छह जोन हैं। शहर में सफाई व्यवस्था के लिए दस से अधिक सफाई एजेंसियां भी काम कर रही हैं। इसके बावजूद बाजारों, रिहायशी क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर कचरा प्रबंधन की चुनौतियां बनी हुई हैं।
शहर में स्मार्ट डस्टबिन लगाने की योजना बनाई जा रही है। निगम का प्रयास है कि तकनीक के इस्तेमाल से सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाया जाए और कचरा फैलने की समस्या पर नियंत्रण किया जा सके।--डॉ पंकज, आयुक्त नगर निगम गुरुग्राम
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।